इस्लामाबाद: अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बलूचिस्तान का जिक्र किए जाने पर पाकिस्तान ने आज दावा किया कि इसने उसकी यह दलील साबित कर दी है कि भारत इस प्रांत में कथित तौर पर आतंकवाद को उकसाता आ रहा है। पाकिस्तान ने यह भी कहा कि बलूचिस्तान की स्थिति की तुलना कश्मीर से नहीं की जा सकती।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कश्मीर में पिछले पांच हफ्तों से चल रही भयानक त्रासदी से सिर्फ ध्यान भटकाना चाहते हैं।
अजीज के हवाले से विदेश कार्यालय के एक बयान में कहा गया है, पाकिस्तान का अभिन्न हिस्सा बलूचिस्तान का जिक्र पाकिस्तान की इस दलील को साबित करता है कि भारत अपनी मुख्य गुप्तचर एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के जरिए बलूचिस्तान में आतंकवाद को शह दे रहा है। स्वतंत्रता दिवस समारोह पर आज अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बलूचिस्तान और पाक के कब्जे वाले कश्मीर का जिक्र किए जाने के बाद अजीज की टिप्पणी आई है।
गौरतलब है कि यह पहला मौका है जब पाकिस्तान के नियंत्रण वाले अशांत इलाकों का किसी प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के भाषण में जिक्र किया है। अजीज ने दावा किया कि भारत की संलिप्तता रॉ के सक्रिय सेवारत नौसेना अधिकारी कुलभूषण जाधव की सार्वजनिक इकबालिया बयान से पुष्टि हुई है जिन्हें इस साल मार्च में बलूचिस्तान से गिरफ्तार किया गया था।
अजीज ने दावा किया कि हजारों की संख्या में निहत्थे युवा कश्मीर में आत्मनिर्णय के अपने अधिकार के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं जहां 70 से अधिक बेकसूर कश्मीरी मारे गए हैं और 6,000 से अधिक घायल हुए हैं, जबकि पिछले 37 दिनों से लगातार कफ्र्यू और मीडिया पर पूर्ण रूप से पाबंदी है।
Latest World News