रियाद: सऊदी अरब में रमजान के पवित्र महीने के दौरान ISIS आतंकवादियों द्वारा एक मस्जिद पर हमले की साजिश को नाकाम करते हुए 431 ISIS आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को इसकी घोषणा की गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने समाचार चैनल 'अल अरबिया' के हवाले से कहा कि सऊदी अरब में यह ISIS के सबसे बड़े आतंकवादी दल का खुलासा है, जिनमें अधिकांश आतंकवादी सऊदी अरब के ही रहने वाले हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि सऊदी आतंकवादियों के अलावा उनमें यमन, मिस्र, जॉर्डन, अल्जीरिया, नाइजीरिया और चाड के आतंकवादी भी शामिल हैं।
आंतरिक मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी वक्तव्य के हवाले से कहा गया है कि नाकाम की गई आतंकवादी साजिश में रियाद स्थित विशेष आपात बलों की एक मस्जिद में 26 जून को आत्मघाती हमला करना भी शामिल था।
मंत्रालय ने आगे कहा कि साजिश में सुरक्षा बल, सरकारी संस्थान और एक दूतावास भी निशाने पर थे।
वक्तव्य में आगे कहा गया है कि इसके अलावा चरमपंथ को बढ़ावा देने और आतंकवाद के विचार को सोशल मीडिया पर फैलाना के आरोप में 144 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
Latest World News