जकार्ता: इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में गुरुवार को करीब छह बम ब्लास्ट हुए, जिनमें से एक संयुक्त राष्ट्र के ऑफिस के पास हुआ औऱ एक अन्य धमाका शॉपिंग मॉल के पास यातायात पुलिस चौकी पर हुआ, जिसमें एक पुलिसकर्मी सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। जकार्ता में हुए बम धमाकों में अब तक कुल 7 लोग मारे जा चुके हैं।
बताया जाता है कि धमाकों के बाद जकार्ता में फायरिंग भी की गई और 10-15 बंदूकधारियों के फायरिंग करने की खबर है। हाथ में हथियार लेकर एक संदिग्ध को भागते भी देखा गया।
राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एंटन चारलियन ने संवाददातोओं को बताया, "इस हमले की चपेट मे तीन पुलिसकर्मी आ गए, जिसमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। इसके अलावा तीन नागरिकों की भी मौत हो गई।" इससे पहले पुलिस ने बताया था कि तीन पुलिसकर्मियों की मौत हुई है।
इंडोनेशिया के पुलिस प्रमुख जनरल बडरोडिन हैती ने बताया कि विस्फोटों के बाद राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उन्होंने कहा, "हां, राष्ट्रपति भवन के पास अधिक बलों की तैनाती की गई है।" उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा के लिए कितने अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है या क्या सुरक्षा उपाय किए गए हैं।
Latest World News