इस्लामाबाद: पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से हाल ही में मुक्त कराए गए पंजाब के दिवंगत गर्वनर सलमान तासीर के बेटे शाहबाज तासीर ने कहा कि उन्हें करीब पांच साल तक बंधक बनाया गया था। इस दौरान आतंकियों ने लगातार उन्हें प्रताडि़त किया। 33 साल के शाहबाज ने कहा कि उन्हें इस्लामिक मूवमेंट ऑफ उज्बेकिस्तान (IMU) ने बंधक बनाया था। उन्होंने बीबीसी उर्दू को दिए एक साक्षात्कार में कहा, वे मुझे कोड़े मारते थे। उन्होंने मुझे तीन दिनों में करीब 500 बार कोड़े मारे, फिर मेरी पीठ ब्लेड से काट दी और मेरे हाथों एवं पांव के नाखून निकाल दिए।
शाहबाज को 2011 में लाहौर से अपहृत किया गया था। सुरक्षाकर्मियों ने मार्च में क्वेटा के कुचलाक शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक होटल में उन्हें पाया। शाहबाज ने कहा कि उन्हें कई दिनों तक खाना नहीं दिया गया और मलेरिया से पीडि़त होने के बावजूद इलाज मुहैया नहीं कराया गया। एक बार बंधकों ने उनका मुंह भी सिल दिया। उन्होंने कहा, वे फिल्में बनाने के कारण मुझे प्रताडि़त करते थे और मुझे अपनी योजनाओं के बारे में पहले से बता देते थे। जैसे कि मुझे बताया था कि वह अगले दिन मेरे नाखून निकालेंगे।
शाहबाज ने कहा, मैं पूरी रात दुआएं करता था। उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तरी वजीरिस्तान के मिराली इलाके में रखा गया था और बाद में उसी जिले के दाताखेल ले जाया गया। बाद में उन्हें तालिबान अफगानिस्तान ले गया जहां तालिबान ने उन्हें अपनी जेल में रखा। शाहबाज के अपहरण से करीब सात महीने पहले उनके पिता की उनके सुरक्षाकर्मी मुमताज कादरी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पाकिस्तान के विवादित ईशनिंदा कानूनों में सुधार की मांग करने पर ऐसा किया गया।
Latest World News