इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने इस्लामाबाद में विपक्षी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन करने की आशंका के चलते अपने अमेरिका दौरे की अवधि पांच दिन से घटाकर तीन दिन कर दी है। इसके चलते अमेरिका के शिकागो में होने वाली बैठकों में शरीफ शिरकत नहीं कर पाएंगे। मीडिया रिपोर्टो में कहा गया है कि शरीफ शुरूआती कार्यक्रम के विपरीत 19 अक्तूबर के बजाय 20 अक्तूबर को अमेरिका पहुंचेंगे। डॉन दैनिक ने खबर दी है कि शरीफ के दौरे की अवधि घटने से आयोजकों को दो प्रमुख कार्यक्रमों को रद्द करना पडा है, जिनमें शिकागो में पाकिस्तान अमेरिकी संभावित निवेशकों को संबोधित करने का कार्यक्रम भी शामिल है। इस कार्यक्रम में उन्हें 19 अक्तूबर को पहुंचना था।
शिकागो दौरे को संभवत: सरकार की इन आशंकाओं के चलते रद्द किया गया है कि क्रिकेटर से नेता बने पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ पार्टी प्रधानमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर सकती है जैसा कि उसने पिछले महीने वित्त मंत्री इसहाक डार के न्यूयार्क दौरे के समय किया था। अब आयोजकों ने 23 अक्तूबर को वाशिंगटन में एक समुदाय बैठक की योजना बनायी है । पहले के कार्यक्रम के विपरीत शरीफ 24 अक्तूबर के बजाय उसी दिन वापस लौट आएंगे। उधर वाशिंगटन में पाकिस्तानी दूतावास में वरिष्ठ अधिकारी पिछले दो महीने से शरीफ की इस यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं। 22 अक्तूबर को शरीफ व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति बराक ओबामा से मिलेंगे।
Latest World News