1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अली हैदर पहुंचा घर, बड़े भाई ने कहा छुड़ाने के लिए नहीं दी फिरौती

अली हैदर पहुंचा घर, बड़े भाई ने कहा छुड़ाने के लिए नहीं दी फिरौती

लाहौर: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के पुत्र अली हैदर गिलानी, जिन्हें कल ही गजनी प्रांत में अमेरिकी व अफगान संयुक्त अभियान में आतंकवादियों से छुड़ाया गया था, आज काबुल से विमान से

Ali Haider Gilani- India TV Hindi
Ali Haider Gilani

लाहौर: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के पुत्र अली हैदर गिलानी, जिन्हें कल ही गजनी प्रांत में अमेरिकी व अफगान संयुक्त अभियान में आतंकवादियों से छुड़ाया गया था, आज काबुल से विमान से लाहौर पहुंच गए। तालिबान ने नौ मई 2013 को उनका अपहरण कर लिया था और वह तीन साल से इस आतंकी संगठन के चंगुल में थे। पाकिस्तान के विदेश विभाग ने बताया कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हैदर को काबुल से लाने के लिए एक विशेष विमान भेजा।

लाहौर एयरपोर्ट पर परिवार के लोगों ने की हैदर की अगवानी

हैदर को लेकर विमान लाहौर हवाईअड्डे पर उतरा, जहां उनके परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदार उनकी अगवानी करने के लिए मौजूद थे। इससे पहले काबुल में पाकिस्तान के राजदूत अबरार हुसैन ने अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय में सुबह करीब 10 बजे हैदर की अगवानी की और उसके बाद उन्हें लाहौर भेजने के लिए हेलीकॉप्टर से हवाईअड्डे ले जाया गया।

बड़े भाई ने कहा, हैदर को छुड़ाने के लिए नहीं दी फिरौती

इस बीच, हैदर के बड़े भाई अब्दुल कादिर गिलानी ने इन खबरों को खारिज किया कि उनके भाई को फिरौती दिए जाने के बाद छोड़ा गया है। हैदर को मुक्त कराया जाना हाई प्रोफाइल अपहरण मामले में दूसरा सफल नाटकीय उदाहरण है। इससे पहले पंजाब के दिवंगत गवर्नर सलमान तासीर के पुत्र शाहबाज मार्च में पाए गए थे। वर्ष 2011 में उनका अपहरण कर लिया गया था और वह करीब पांच साल से आतंकियों के कब्जे में थे।

पूर्व पाक पीएम ने कही थी आंतकियों के फिरौती मांगने की बात

पाकिस्तान में 11 मई 2013 को आम चुनाव से महज दो दिन पहले मुल्तान से हैदर का अपहरण कर लिया गया था। वह इस चुनाव में उम्मीदवार थे। यूसुफ रजा गिलानी 2008 से 2012 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री थे। पिछले साल उन्होंने कहा था कि अपहर्ताओं ने उनसे संपर्क किया था और उनके पुत्र की रिहाई के बदले फिरौती मांगी थी। पिछले साल एक वीडियो संदेश में हैदर ने कहा था कि अपहर्ता शुरू में उनकी रिहाई के लिए दो अरब रूपये मांग रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने इसे घटाकर 50 करोड़ रूपये कर दिया, जबकि उनके पिता ने कहा था कि वह फिरौती की राशि देने को तैयार हैं।

Latest World News