काबुल: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को हुए एक आत्मघाती हमले में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए है। यह विस्फोट देहमाजंग इलाके में हुआ, जहां सीमा एवं नागरिक व्यवस्था पुलिस बल के परिसर स्थित हैं।
एक पुलिस ठिकाने को निशाना बनाकर यह आत्मघाती बम हमला किया गया। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नजीब दानिश ने बताया, ‘काबुल शहर में एक पुलिस ठिकाने पर आत्मघाती कार बम हमला हुआ है।’
पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी मोहम्मद अयूब सालंगी ने इस हमले में लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। जनरल सालंगी ने अपने आधिकारिक ट्विटर खाते पर लिखा,"देहमाजंग चौराहे पर आत्मघाती हमले में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हैं। इनमें अधिकतर नागरिक हैं।"
अभी तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।
गौरलतब है कि तालिबान आतंकवादियों ने पिछले महीने काबुल में कई विस्फोट किए हैं, जिसमें एक आत्मघाती हमला भी शामिल है, जिसमें 7 पत्रकारों की मौत हो गई थी।
Latest World News