इस्लामाबाद: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन में शामिल होने के लिए मंगलवार शाम इस्लामाबाद पहुंच गईं। पाकिस्तान पहुंचने के बाद आज कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते बेहतर होने चाहिए और वह द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के रास्ते तलाशने के लिए बातचीत करेंगी।
सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री सरताज अजीज से रात को डिनर पर मुलाकात की। दोनों ही नेता बड़े गर्मजोशी से मिले। पाकिस्तान की ओर से आमंत्रित सुषमा कल अजीज के साथ बातचीत करने से पहले अफगानिस्तान पर बहुपक्षीय सम्मेलन में भाग लेंगी। अजीज के साथ मुलाकात में रूकी हुई समग्र वार्ता प्रक्रिया को बहाल करने पर ध्यान केंद्रित होगा।
सुषमा ने कहा, ‘हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह अफगानिस्तान से जुड़ा है। इसलिए मैं इसमें भाग लेने के लिए यहां आई हूं। यह सम्मेलन पाकिस्तान में हो रहा है इसलिए द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने और इसे आगे ले जाने के बारे में बातचीत करने के लिए प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मिलना और सरताज अजीज के साथ वार्ता करना आवश्यक एवं उचित है।’
सुषमा और अजीज के बीच बातचीत के एजेंडा को लेकर सजग रूख अख्तियार करते हुए भारतीय अधिकारियों ने कहा है कि वे देखेंगे कि मुलाकात कैसे होती है और क्या सहभागिता का कोई बिंदु आता है। उनका यह दौरा भारत और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच बीते रविवार को बैंकॉक में मुलाकात के बाद हो रहा है। दोनों राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने रचानात्मक संपर्क को आगे बढ़ाने पर सहमति जताने के अलावा आतंकवाद, जम्मू-कश्मीर तथा कई प्रमुख द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की थी।
Latest World News