1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इस्लामाबाद में आज होगी सुषमा-नवाज की मुलाकात

इस्लामाबाद में आज होगी सुषमा-नवाज की मुलाकात

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण में सहायता के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने मंगलवार शाम इस्लामाबाद पहुंचीं जहां सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ से आज होने वाली उनकी मुलाकात कैसी रहती है।

Nawaz Sushma- India TV Hindi
Nawaz Sushma

नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण में सहायता के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने मंगलवार शाम इस्लामाबाद पहुंचीं जहां सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ से आज होने वाली उनकी मुलाकात कैसी रहती है। सूत्रों के अनुसार स्वराज आज सुबह नौ बजे से पांचवे हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी, जो लगभग ढाई बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम पांच बजे उनकी अजीज के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। उन्होंने बताया कि इस बैठक के बाद विदेश मंत्री पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से भी मिलेंगी और उसके पश्चात स्वदेश रवाना होंगी।

अपने दो दिवसीय दौरे पर इस्लामाबाद पहुंचीं सुषमा ने कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते बेहतर होने चाहिए और वह द्विपक्षीय संबंधों में सुधार के रास्ते तलाशने के लिए पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगी। उन्होंने कहा, मैं इस संदेश के साथ आई हूं कि दोनों देशों के बीच संबंध अच्छे होने चाहिए और आगे बढ़ने चाहिए। विदेश मंत्री का यह दौरा भारत और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच बीते रविवार को बैंकॉक में मुलाकात के बाद हो रहा है।

दोनों देशों के बीच क्रिकेट सीरीज को लेकर बनी असमंजस भी आज की बातचीत के बाद दूर होने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार स्वराज पाकिस्तानी समकक्ष के साथ होने वाली बैठक के लिए कोई खास एजेंडा लेकर नहीं जा रही हैं। वह चाहेंगी कि पाकिस्तान के मन का भी खुलासा हो। सूत्रों ने कहा कि भारत का पक्ष पहले से ही स्पष्ट है। वह हिंसा एवं आतंकवाद से मुक्त वातावरण में हर मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार हैं। इसलिए अजीज के साथ बैठक में भारत की ओर से इसी लाइन पर बातचीत की जाएगी।

हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन में इस बार का मुद्दा सुरक्षा एवं कनेक्टिविटी है। इसलिए भारत इस बात पर जोर देगा कि पाकिस्तान अफगानिस्तान को अगर एक क्षेत्रीय व्यापारिक हब के रूप में विकसित किए जाने के हक में है तो उसे भारत एवं अफगानिस्तान के ट्रकों को सीधे भारत की अटारी वाघा सीमा तक आने की इजाजत देनी चाहिए।

2012 में एस एम कृष्णा के बाद भारतीय विदेश मंत्री का ये पहला पाकिस्तान दौरा है। पेरिस में अचानक मोदी-नवाज मुलाकात के बाद पटरी पर लौटी बातचीत का ये नया आयाम है।

Latest World News