जकार्ता: इंडोनेशिया में गुरुवार को एक युवक ने पुलिस पर चाकू और पाइप बमों से हमला कर दिया। हमले में 5 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बाद में उस हमलावर को गोली मारी जिससे वह घायल हो गया और बाद में अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। यह घटना बनतेन प्रांत के तनगेरांग शहर में हुई।
देश-विदेश की अन्य बड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
खबरों के मुताबिक, हमलावर सुल्तान अजीअनजा (22) दाउलह इस्लाम नाम के एक ग्रुप का सदस्य था। सुल्तान को कुछ पुलिसवालों ने आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट (IS) का स्टिकर एक पुलिस थाने में चिपकाता हुआ देखा। पुलिस के रोके जाने और गिरफ्तार करने की कोशिश के दौरान उसने पुलिस पर हमला कर दिया। एक वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि वह शहर की एक व्यस्त सड़क पर कुछ हथियार लेकर चल रहा है जो पाइप बम जैसा दिख रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि अपराधी को उसके पैर पर गोली मारी गई थी और उसको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि बाद में खबर आई कि ज्यादा खून बह जाने के कारण सुल्तान की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने हमले वाली जगह से विस्फोटकों से भरे 2 पाइप बरामद किए हैं। इंडोनेशिया पुलिस मुख्यालय के सूचना विभाग के प्रमुख बॉय रफले अमर ने कहा कि हमलावर के आतंकी समूह का सदस्य होने पर अभी पक्के तौर पर कुछ कहा नहीं जा सकता।
Latest World News