यंगून: आंग सान सू ची की लोकतंत्र समर्थक पार्टी ने म्यांमार के ऐतिहासिक चुनावों में बहुमत हासिल कर लिया है। सू की पार्टी की इस भारी जीत की पुष्टि आज जारी आधिकारिक परिणामों के जरिए कर दी गई है।
संघीय चुनाव आयोग ने सू की नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (NLD) पार्टी को निचले सदन की 21 और सीटें दीं, जिसके चलते अब पार्टी की संसदीय सीटों की कुल संख्या 348 हो गई। इसके साथ ही एनएलडी आम बहुमत का आंकड़ा पार कर गई।
आंग सान सू ची की पार्टी ने सप्ताहांत पर हुए चुनावों में संसदीय बहुमत हासिल कर लिया है। शासन की बागडोर सेना के हाथ से निकलने पर म्यांमा में हो रहे इस ऐतिहासिक बदलाव के तहत विजेता पार्टी को राष्ट्रपति निर्वाचित करने का और सरकार बनाने का अवसर मिल गया है। वर्ष 1990 के बाद से सू ची की नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी पार्टी का यह पहला चुनाव है। इस चुनाव में इसे इतनी बड़ी संख्या में वोट पड़े हैं कि 80 प्रतिशत से ज्यादा सीटें एनएलडी के खाते में आ गई हैं।
केंद्रीय चुनाव आयोग की ओर से धीरे-धीरे करके जारी किए गए चुनाव परिणामों के बाद आज एनएलडी शासन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत को हासिल करने में सफल रही। यह 348 संसदीय सीटें जीत चुकी है और कई सीटों के नतीजे घोषित होने अभी बाकी हैं। पांच दशक तक सेना के नियंत्रण में रहे इस देश के राजनीतिक परिदृश्य में भारी बदलाव के लिए सरकार अब सू ची की पार्टी को आमंत्रित कर रही है। इस बहुमत के जरिए सू ची की पार्टी को निचले और उपरी सदनों में नियंत्रण मिल गया है। इसके चलते यह पार्टी राष्ट्रपति का निर्वाचन और सरकार का गठन कर सकती है। भारी बहुमत सू ची (70) को भविष्य में सैन्य प्रतिष्ठान के साथ होने वाली राजनीतिक रस्साकशी में फायदे की स्थिति में रखेगा। इन चुनावों में सैन्य प्रतिष्ठान संयत रहे हैं लेकिन फिर भी व्यापक शक्तियां इसके ही हाथ में हैं।
Latest World News