काबुल: उत्तरी अफगानिस्तान के कुंदुज प्रांत में एक जिले पर शनिवार को तालिबान ने कब्जा कर लिया। इस जिले पर कब्जे के लिए अफगानी सेना और तालिबान में जमकर लड़ाई हुई। बाद में अफगानी सेना ने किसी भी प्रकार के नागरिक और सैन्य नुकसान से बचने के लिए अपने कदम पीछे खींच लिए।
खबरों के मुताबिक, एक प्रांतीय अधिकारी ने कहा कि कुंदुज प्रांत के कला-ए-जाल जिले में 2 दिन तक सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच भीषण लड़ाई हुई, जिसके बाद तालिबान ने इस पर कब्जा कर लिया। हालांकि लड़ाई में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि तालिबान ने दावा किया कि उसके हमले में अफगान पुलिस और सैनिक मारे गए हैं।
इससे पहले कला-ए-जाल के गवर्नर महबूबुल्लाह सैयद ने शुक्रवार को कहा था कि तालिबान आतंकवादियों ने अकतेपा पर हमला कर दिया है और इलाके में भारी गोलीबारी जारी है। आपको बता दें कि तालिबानियों ने इस जिले पर पिछले 18 महीनों में संक्षिप्त समय के लिए 2 बार कब्जा किया है।
Latest World News