होंगझू: जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जैसे ही अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का विमान हांगझू एयरपोर्ट पर उतरा चीन के अधिकारियों का बर्ताव देखकर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल हैरान रह गया। एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा के बीच चीनी अधिकारियों का व्यवहार काफी गैरकूटनीतिक रहा। चीनी अधिकारियों ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ अशिष्ट व्यवहार किया।
आमतौर पर जब ओबामा ट्रैवल करते हैं तो उनके साथ सफर करनेवाले रिपोर्टर्से को बोइंग 747 के विंग की तरफ से बाहर लाया जाता है ताकि वे राष्ट्रपति ओबामा के विमान से उतरते हुए पलों को कैमरे में कैद कर सकें। लेकिन चीन के अधिकारियों ने ऐसा नहीं होना दिया। ब्लू रस्सी से पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी गई थी।
चीन के एक अधिकारी ने अमेरिकी प्रेसकर्मियों को तुरंत वह जगह खाली करने को कहा। इसपर व्हाइट हाउस की एक महिला अधिकारी ने कहा कि यह अमेरिकन विमान है और अमेरिका के राष्ट्रपति हैं। महिला की इस टिप्पणी पर चीनी अधिकारी काफी गुस्से में आ गया और उसने चिल्लाना शुरू किया कि यह हमारा देश है और यह हमारा एयरपोर्ट है। चीनी अधिकारी के इस बर्ताव से अमेरिकी अधिकारी हैरत में पड़ गए।
जब अमेरिका के नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर सुसान राइस और व्हाइट हाउस के स्टाफर बेन रोड्स ने ब्लू रस्सी के घेरे से निकलकर राष्ट्रपति के करीब जाने की कोशिश की तो चीनी अधिकारियों ने राइस पर अपना गुस्सा जाहिर किया और उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश की।
अमेरिका के नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर सुसान राइस ने कहा कि वे इस तरह का व्यवहार करेंगे इसकी उम्मीद उन्हें नहीं थी। आपको बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा इस पद पर रहते हुए अपने आखिरी चीन दौरे पर होंगझू पहुंचे हैं। यहां पर जी-20 शिखर सम्मेलन होने जा रहा है। ओबामा इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने के साथ ही चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे।
Latest World News