बीजिंग: पूरी दुनिया के चीनी नागरिकों ने सोमवार को थियानमेन स्क्वेयर जनसंहार की 29वीं वर्षगांठ पर उस व्यक्ति को याद किया जो 1989 में बीजिंग की सड़कों पर श्रंखलाबद्ध टैंकों की कतार के सामने हाथों में 2 शॉपिंग बैग लिए खड़ा हो गया था। द गार्जियन की खबर के मुताबिक, 'टैंक मैन के रूप में पहचाने जाने वाला यह व्यक्ति थियानमेन स्क्वेयर पर चीन द्वारा लोकतंत्र प्रदर्शनकारियों पर हिंसा का सबसे स्थाई चेहरा बन कर उभरा।' थियानमेन हिंसा के 29वीं वर्षगांठ पर, चीनी कलाकार और काटरूनिस्ट बाडियूकाओ द्वारा शुरू किए गए अभियान के अंतर्गत प्रदर्शनकारियों ने सोशल मीडिया पर हैशटेग टैंकमैन2018 अभियान चलाया।
बाडियूकाओ के अनुसार, ‘टैंक मैन 'आज के चीनी पीढ़ी में कुछ खो जाने का प्रतिनिधित्व करता है' जो आदर्शवाद, जुनून, जिम्मेदारी की भावना और एक व्यक्ति द्वारा बदलाव करने सकने का विश्वास है।’ बाडियूकाओ ने प्रदर्शनकारियों को टैंक मैन जैसे 'क्लासिकल आउटफिट' धारण कर फोटो लेने के लिए कहा, जिसमें उन्हें सफेद कमीज, काला पेंट, काले जूते और हाथों में दो सफेद बैग लिए फोटो खिंचवाने के लिए कहा गया। द गार्जियन के अनुसार, 1989 में छात्र नेता रहे चीनी कार्यकर्ता झोऊ फेंगसुओ ने वॉशिंगटन में ऐसे ही तस्वीर खिंचवाई। इसी के साथ विदेशों में रह रहे कई चीनी नागरिकों ने टैंक मैन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए फोटो खिंचवाई।
वर्ष 1989 में, चीनी छात्रों, कार्यकर्ताओं और अन्य प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक सुधारों के लिए प्रदर्शन और भूख हड़ताल किया था। 4 जून 1989 को प्रदर्शन रोकने के लिए 20,000 सैनिकों को तैनात कर दिया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में नागरिक मारे गए। 5 जून को सफेद कमीज पहने एक व्यक्ति थियानमेन स्क्वेयर के पास श्रृंखलाबद्ध टैंकों के सामने चलने लगा। जैसे ही पहला टैंक उनकी तरफ बढ़ने लगा, उसने उसके रास्ते को अवरुद्ध कर दिया। वह टैंक पर चढ़ गया और टैंक के अंदर मौजूद सैनिक से बात करने लगा। जब वह टैंक से वापस उतरा तो वह फिर टैंकों के मार्ग को अवरुद्ध करने लगा और तब तक करता रहा, जबतक 2 व्यक्तियों ने वहां पहुंचकर उसे सड़क से बाहर नहीं कर दिया। यह घटना पूरी दुनिया में प्रसारित हुई और व्यक्ति 'टैंक मैन' के नाम से प्रसिद्ध हो गया।
Latest World News