अदन: दक्षिणी यमन में अदन के अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सटे सैनिक ठिकाने को निशाना बनाकर किए गए दोहरे कार बम हमले में कम से कम छह व्यक्तियों की मौत हो गई। सैनिक सूत्रों ने घटना की जानकारी देते हुए इसके लिए जिहादियों को जिम्मेदार ठहराया। हमलावरों ने सैनिक ठिकाने के गेट पर एक कार बम विस्फोट करके दूसरी कार के लिए अंदर जाने का रास्ता बनाया और भीतर जाने के बाद दूसरे वाहन को भी विस्फोट से उड़ा दिया। इस दौरान कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि हमलावर जिहादी थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाकों के बाद सैनिकों और हमलावरों के बीच टकराव हुआ। सैनिक ठिकाने को सरकारी बलों ने घेर लिया। यह हमला ऐसे वक्त पर हुआ है जब मुस्लिम समुदाय के लोग माहे रमजान को अलविदा कहने के बाद ईद उल फित्र का त्यौहार मना रहे हैं।
यमन का बंदरगाह शहर अदन इस समय सरकारी बलों के नियंत्रण में है जो पिछले एक वर्ष से भी अधिक समय से इसे शिया हूथी बागियों से वापिस लेने के बाद इसपर पूर्ण नियंत्रण के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हूथी बागियों ने देश के एक बड़े हिस्से पर कब्जा कर रखा है। यमन स्थित अल कायदा ने देश में गृह युद्ध जैसी स्थिति के चलते सरकार की कमजोर स्थिति का फायदा उठाया और दक्षिण एवं दक्षिण पूर्व में अपना आधार मजबूत कर लिया।
Latest World News