1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सीरिया में शांति स्थापित करने के लिए इकट्ठा हुईं विश्व शक्तियां

सीरिया में शांति स्थापित करने के लिए इकट्ठा हुईं विश्व शक्तियां

विश्व एवं क्षेत्रीय शक्तियों के वरिष्ठ राजनायिक सीरिया में गृहयुद्ध को रोकने के प्रयासों के तहत एक बार फिर मंगलवार को विएना में एकत्र हुए।

सीरिया गृहयुद्ध- India TV Hindi
सीरिया गृहयुद्ध

विएना: विश्व एवं क्षेत्रीय शक्तियों के वरिष्ठ राजनायिक सीरिया में गृहयुद्ध को रोकने के प्रयासों के तहत एक बार फिर मंगलवार को विएना में एकत्र हुए।
अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लैवरोव बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं जो अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सात बजे के थोड़ी देर बाद शुरू हुई।

बैठक में 17 देशों वाला अंतरराष्ट्रीय सीरिया सहायता समूह (ISSG) राष्ट्रव्यापी युद्धविराम और संकटग्रस्त क्षेत्रों में तत्काल मानवीय सहायता पहुंचाने के अपने आह्वान को फिर दोहराएगा। केरी के साथ यात्रा कर रहे अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि वाशिंगटन एक ढांचा स्थापित करने के लिए एक अगस्त की समयसीमा के साथ असद के सत्ता छोड़ने पर जोर देगा।

लेकिन रूस और ईरान से सैन्य समर्थन प्राप्त सीरियाई राष्ट्रपति ने सत्ता छोड़ने के लिए तैयार होने का कोई संकेत नहीं दिया है। जर्मनी के विदेश मंत्री फ्रैंक वाल्टर स्टीनमियर ने वार्ता के लिए विएना पहुंचने के साथ ही कहा, असद के साथ सीरिया के लिए कोई स्थाई भविष्य नहीं है। उन्होंने कहा, इसीलिए हमें संयुक्त राष्ट्र के बैनर तले यह चर्चा करने की जरूरत है कि एक संक्रमणकालीन सरकार कैसी हो सकती है और चीजों को सही दिशा में कैसे लाया जाए।

Latest World News