A
Hindi News विदेश एशिया क्या सऊदी अरब की मदद के लिए जंग में उतरेगा पाकिस्तान? ईरान के हमलों के बीच रियाद पहुंचे मुनीर

क्या सऊदी अरब की मदद के लिए जंग में उतरेगा पाकिस्तान? ईरान के हमलों के बीच रियाद पहुंचे मुनीर

Asim Munir in Saudi Arab: पाकिस्तान के आर्मी चीफ ने रियाद में खालिद बिन सलमान से मुलाकात की और ईरान के हमलों पर चर्चा की। विश्लेषकों का मानना है कि बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच पाकिस्तान पर सऊदी का समर्थन करने का दबाव बढ़ सकता है।

Pakistan Saudi Arabia defense talks, Asim Munir Riyadh meeting, Iran Saudi conflict- India TV Hindi Image Source : X.COM/KBSALSAUD रियाद में आसिम मुनीर और प्रिंस खालिद बिन सलमान।

Asim Munir in Saudi Arab: सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर से मुलाकात की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बैठक में ईरान द्वारा सऊदी अरब पर हालिया हमलों और उन्हें रोकने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रिंस खालिद ने एक X पोस्ट में लिखा, 'मैंने पाकिस्तान के आर्मी स्टाफ चीफ और चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। हमने ईरान के हमलों और उन्हें रोकने के उपायों पर चर्चा की, जो हमारे संयुक्त सामरिक रक्षा समझौते के दायरे में हुई। हमने जोर दिया कि ये कार्रवाइयां पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को नुकसान पहुंचा रही हैं। हम उम्मीद करते हैं कि ईरानी पक्ष समझदारी दिखाएगा और किसी गलती से बचेगा।'

पाकिस्तान को मजबूर कर रहा है सऊदी अरब?

एक्सपर्ट्स का मानना है कि सऊदी अरब अब ईरानी खतरों का मुकाबला करने के लिए अकेले नहीं लड़ना चाहता, बल्कि पाकिस्तान को मजबूर कर रहा है कि वह उसकी तरफ से लड़े। दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद संयुक्त सामरिक रक्षा समझौते के तहत सऊदी अरब अपने लिए लड़ने की खातिर पाकिस्तान को मजबूर कर सकता है। सऊदी अरब कंगाल हो चुके पाकिस्तान को आर्थिक सहायता, तेल आपूर्ति और इन्वेस्टमेंट के जरिए मदद करता है जिसकी वजह से पाकिस्तान के सामने मदद करने के अलावा और कोई चारा नहीं बचता। खालिद और मुनीर के बीच बातचीत के बाद क्या पाकिस्तान भी ईरान के खिलाफ कार्रवाई करेगा, यह देखने वाली बात होगी।

सऊदी अरब पर लगातार हमले कर रहा है ईरान

बता दें कि यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब सऊदी अरब लगातार ईरान से जुड़े हमलों का सामना कर रहा है। सऊदी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मालिकी ने शनिवार सुबह X पर अपडेट देते हुए बताया कि सऊदी हवा रक्षा ने शायबह ऑयल फील्ड की ओर बढ़ रहे 16 ड्रोन को 4 अलग-अलग वेव्स में मार गिराया। ये ड्रोन रूब अल-खाली के ऊपर से आ रहे थे और पूरी तरह नष्ट कर दिए गए। इसके अलावा, प्रिंस सुल्तान एयर बेस अल-खरज पर एक बैलिस्टिक मिसाइल और एक क्रूज मिसाइल को भी सफलतापूर्वक मार गिराया गया। बता दें कि अल-खरज रियाद से करीब 80 किलोमीटर दूर एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है।

28 फरवरी के बाद ईरान का सबसे बड़ा हमला

पिछले कुछ दिनों में अल-खरज पर हमलों की कोशिशें लगातार हो रही हैं, जिसमें शुक्रवार को भी 5 मिसाइलें और कई ड्रोन नष्ट किए गए थे। शायबह ऑयल फील्ड पर यह हमला 28 फरवरी के बाद का पहला बड़ा प्रयास था। यह फील्ड सऊदी अरब के तेल और गैस संसाधनों का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां से प्राकृतिक गैस लिक्विड निकाला जाता है। इलाके में तनाव बढ़ने के साथ UAE ने भी पिछले 24 घंटों में 125 से अधिक ड्रोन और 6 बैलिस्टिक मिसाइलों को नाकाम किया है। ये हमले अमेरिका-इजराइल के ईरान पर बड़े हवाई हमलों के जवाब में हो रहे हैं। अरब लीग और इस्लामिक सहयोग संगठन ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है।

Latest World News