ढाकाः पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अपदस्थ होने के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्ते बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इस बीच आवामी लीग पार्टी की स्टूडेंट इकाई ने यूनुस सरकार पर बड़ा हमला बोला है। हालांकि यूनुस सरकार ने आवामी लीग पार्टी पर बांग्लादेश में प्रतिबंध लगा दिया है। यूनुस सरकार के वक्त हिंदुओं और अल्पसंख्यकों पर ताबड़तोड़ हमले हो रहे हैं। हसीना के सत्ता से बेदखल होने और अब उस्मान हादी की मौत के बाद हिंदुओं पर हमले फिर बढ़ गए हैं। अभी हाल में कट्टरपंथियों ने एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास को चौराहे पर जिंदा जला दिया था।
भारत पर जबरन थोपे जा रहे आरोप-आवामी लीग
भारत-बांग्लादेश तनाव पर अब प्रतिबंधित बांग्लादेश अवामी लीग की छात्र इकाई बांग्लादेश स्टूडेंट्स लीग के अध्यक्ष सद्दाम हुसैन ने कहा, “बांग्लादेश में जो कुछ भी हुआ, वर्तमान अवैध सरकार उसे भारतीय सरकार पर थोपने की कोशिश कर रही है। वह (मुहम्मद यूनुस) भारत-विरोधी बयानबाजी कर रहे हैं। ताकि कट्टरपंथी और चरमपंथी समूहों को खुश कर सकें और अपनी घरेलू नाकामियों को छिपा सकें। बांग्लादेश में दीपु चंद्र दास की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर जिंदा जलाए जाने की घटना पर उन्होंने कहा, “दीपु चंद्र दास का मामला, जिन पर हमला किया गया और उन्हें जिंदा जला दिया गया, अब बांग्लादेश में नया सामान्य बन गया है... अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार के इन मामलों में सरकार की भूमिका रही है। इस समय बांग्लादेश में एक तरह का तालिबानीकरण चल रहा है।”(एएनआई)
Latest World News