1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश: बंधन को बनाएंगे 'अटूट', मोहम्मद यूनुस ने दी जन्माष्टमी की बधाई, जानें और क्या बोले

बांग्लादेश: बंधन को बनाएंगे 'अटूट', मोहम्मद यूनुस ने दी जन्माष्टमी की बधाई, जानें और क्या बोले

बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं और कहा कि भगवान कृष्ण की शिक्षाएं सांप्रदायिक सद्भाव को बनाए रखने में मदद करेंगी। जानें यूनुस ने और क्या कहा?

मोहम्मद युनुस ने दी जन्माष्टमी की बधाई- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO (ANI) मोहम्मद युनुस ने दी जन्माष्टमी की बधाई

ढाका: बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने शनिवार को देश के हिंदू समुदाय को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि भगवान कृष्ण की शिक्षाएं "आपसी सद्भावना और भाईचारे" को मज़बूत करने और देश की "मौजूदा व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव" को बनाए रखने में मदद करेंगी। यूनुस की शुभकामनाएं पिछले साल अगस्त में सत्ता में आने के बाद हिंदू समुदाय के सदस्यों और उनके पूजा स्थलों पर कथित हमलों की बार-बार हुई घटनाओं को लेकर व्यापक चिंताओं के बीच आई हैं।

भगवान कृष्ण को लेकर कही ये बात

सरकारी बांग्लादेश संघ संगठन (बीएसएस) की रिपोर्ट के अनुसार, यूनुस ने एक संदेश में कहा कि भगवान कृष्ण के मूल्य, जो "सृष्टिकर्ता के प्रति समर्पण और समाज में शांति की स्थापना" पर केंद्रित हैं, सभी धर्मों के लोगों को प्रेरित करते रहते हैं। यूनुस ने सांप्रदायिक सौहार्द को देश की संस्कृति की पहचान बताया और नया बांग्लादेश बनाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की, जिससे कोई भी मौजूदा व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द को कमजोर न कर सके।

यूनुस ने किया आह्वान-आइए समृद्ध बांग्लादेश बनाएं

बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने शनिवार को देशवासियों से आह्वान किया और कहा कि आइए हम सामूहिक प्रयासों से भेदभाव मुक्त और सांप्रदायिक सद्भाव से समृद्ध नया बांग्लादेश बनाएं। बता दें कि जन्माष्टमी के अवसर पर बांग्लादेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित रहता है।

सांप्रदायिक हिंसा से उबल रहा था बांग्लादेश

बता दें कि शेख हसीना के पीएम पद से इस्तीफा देने और देश छोड़कर भाग जाने के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने सत्ता संभाली थी। उनके अगस्त 2024 में सत्ता में आने के बाद हिंदू समुदाय और उनके पूजा स्थलों पर कथित हमलों की घटनाओं में कई लोगों की जान चली गई थी। बांग्लादेश में हुई इन हिंसक घटनाओं पर भारत चिंता जता चुका है।

(इनपुट-पीटीआई)

ये भी पढ़ें:

Trump-Putin की तीन घंटे चली बैठक, ट्रंप पर हावी थे पुतिन? यूक्रेन में नहीं हुआ युद्धविराम, जानें 10 बड़ी बातें

"अगली बार मास्को में.." रूसी राष्ट्रपति पुतिन के निमंत्रण पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?

Latest World News