Bangladesh Violence Live: बांग्लादेश में बढ़ा बवाल, हादी समर्थकों ने यूनुस सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
बांग्लादेश में बवाल और हिंसा जारी है। इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच हादी के समर्थकों ने यूनुस सरकार को अल्टीमेटम दे डाला है।

Bangladesh Sharif Osman Hadi Death: बांग्लादेश में शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद शुरू हुई हिंसा लगातार जारी है। राजधानी ढाका में बड़े पैमाने पर हिंसक विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। इस बीच उस्मान हादी को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के बाद भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और प्रदर्शनकारी संसद भवन में घुस गए। हादी के समर्थकों ने यूनुस सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। इंकलाब मंच से जुड़े हादी के करीबी सहयोगी अब्दुल्ल अल जबेर ने कहा है कि सरकार को अगले 24 घंटों में सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना होगा कि हादी की हत्या के जिम्मेदार कौन हैं, अब तक क्या जांच हुई है और गिरफ्तारियों के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। बांग्लादेश में भड़की हिंसा को लेकर ताजा अपडेट्स जानने के लिए इंडिया टीम की डिजिटल टीम के साथ जुड़े रहें।
Live updates : Bangladesh Violence Live: बांग्लादेश में बढ़ा बवाल
-
December 21, 2025 7:09 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की बर्बर हत्या के खिलाफ भारत में निकला जुलूस
बांग्लादेश में हिंदू युवक की कट्टरपंथियों द्वारा बर्बर हत्या किए जाने के बाद हिंदुओं का गुस्सा चरम पर है। भारत में हिंदू संगठन हिंदुओं के हत्यारे को कड़ी सजा देने और बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
-
December 21, 2025 6:49 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत ने बांग्लादेश उच्चायोग बाहर हुए प्रदर्शन को लेकर बांग्लादेशी मीडिया की खबरों को खारिज किया
भारत ने बांग्लादेश में मीडिया की उन खबरों को ‘‘भ्रामक प्रचार’’ बताते हुए खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि उस देश में एक हिंदू व्यक्ति की हत्या के विरोध में नयी दिल्ली में बांग्लादेशी उच्चायोग के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया था। विदेश मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को बांग्लादेश के मयमनसिंह में दीपू चंद्र दास की ‘‘विभत्स हत्या’’ के विरोध में बांग्लादेश उच्चायोग के सामने लगभग 20-25 युवक एकत्र हुए और नारे लगाए। इसने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की भी मांग की। भारत ने ढाका की अंतरिम सरकार से दास की ‘‘बर्बर हत्या’’ के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने का भी आग्रह किया।
-
December 21, 2025 4:29 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ढाका यूनिवर्सिटी में बंगबंधु हॉल का नाम बदलकर उस्मान हादी किया गया
ढाका यूनिवर्सिटी के बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान हॉल का नाम बदलकर शहीद शरीफ ओसमान हादी हॉल कर दिया गया है। यह बदलाव पिछले साल शेख हसीना की सरकार को गिराने वाले जुलाई विद्रोह में हिस्सा लेने वाले प्रमुख युवा नेता शरीफ ओसमान हादी की याद में किया गया है, स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।हादी की मौत गुरुवार को हुई थी, जब राजधानी में उनके सिर में गोली लगने के छह दिन बाद वे सिंगापुर में इलाज के दौरान दम तोड़ गए।
-
December 21, 2025 4:23 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
बांग्लादेश हिंसा पर बोले पूर्व राजनयिक केपी फैबियन, भारत पर लगाए जा रहे आरोप निराधार
दिल्ली: उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में भड़की व्यापक हिंसा पर पूर्व राजनयिक केपी फैबियन कहते हैं कि...भारत इसमें शामिल था, अभी तक कोई आधिराकारिक सबूत नहीं है। इसलिए भारत पर किया जा रहा संदेह निराधार है। संभव है कि हादी की हत्या इसलिए की गई क्योंकि उस निर्वाचन क्षेत्र में उनके विरोधी उन्हें हटाना चाहते थे... लेकिन बड़ी तस्वीर यह है कि बांग्लादेश अराजकता, हिंसा और अव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है, जहां सरकार हिंसा को रोकने में असमर्थ है। मगर भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों को खराब करने और बांग्लादेश को जमात-ए-इस्लामी और अन्य ताकतों के साथ पुराने पूर्वी पाकिस्तान में बदलने के लिए भारत के खिलाफ अथक प्रयास किया जा रहा है।
-
December 21, 2025 2:47 PM (IST) Posted by Amit Mishra
'सभ्य समाज में दूसरे इंसान को मारने का हक नहीं'
बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने कहा, "यह बहुत शर्मनाक है। जब मुसलमान ऐसी हरकतें करते हैं, तो हम शर्म से अपना सिर झुका लेते हैं, और इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। सबसे पहले, किसी भी सभ्य समाज में किसी को भी दूसरे इंसान को मारने का हक नहीं होना चाहिए। चाहे किसी ने कितनी भी बड़ी गलती क्यों ना की हो, सजा देने का एक तरीका होता है, और उसी तरीके का पालन किया जाना चाहिए..."
-
December 21, 2025 2:43 PM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत रख रहा है नजर
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत बांग्लादेश में बदलती स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए है। हमारे अधिकारी बांग्लादेश के अधिकारियों के संपर्क में हैं और हमने उन्हें अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों पर अपनी गहरी चिंता जताई है। हमने यह भी आग्रह किया है कि दास की बर्बर हत्या के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।
-
December 21, 2025 12:51 PM (IST) Posted by Amit Mishra
चटगांव में वीजा सेवाएं अगले आदेश तक बंद
शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद ढाका के अलावा चटगांव में भी हिंसा हुई थी। चटगांव में असिस्टेंट हाई कमीशन पर हमला करने की कोशिश कर रही भीड़ को सुरक्षा बलों ने पीछे धकेल दिया था। ऐसे में सुरक्षा कारणों के चलते, वीजा एप्लीकेशन सेंटर (IVAC) चटगांव में भारतीय वीजा सेवाएं 21/12/2025 से अगले आदेश तक बंद रहेंगी। स्थिति की समीक्षा करने के बाद वीजा सेंटर को फिर से खोलने की घोषणा की जाएगी। इंडियन
-
December 21, 2025 12:45 PM (IST) Posted by Amit Mishra
'सरकार को बर्दाश्त नहीं करना चाहिए'
उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में हुई हिंसा को लेकर ढाका ट्रिब्यून के एडिटर रियाज अहमद ने कहा, "उसी को बहाना बनाकर, दुख और सहानुभूति जता रही भारी भीड़ में से कुछ लोगों ने बहुत ज्यादा हिंसा की। अगर सरकार ने पहले से ही कदम उठाए होते तो वह बेहतर काम कर सकती थी। हमने एक देश के तौर पर बहुत बुरा उदाहरण पेश किया है। सरकार को इसे बर्दाश्त नहीं करना चाहिए।"
-
December 21, 2025 11:54 AM (IST) Posted by Amit Mishra
सरकार ने नहीं उठाए कदम
बांग्लादेश में हिंसा के दौरान जिन अखबारों के दफ्तरों में आग लगाई गई थी शनिवार से वहां दोबारा प्रकाशन शुरू हो गया है। सांस्कृतिक संगठन उदीची शिल्पी गोष्ठी ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले से चेतावनी के बावजूद उनके केंद्रीय कार्यालय पर हुए हमले को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। संगठन ने कहा कि आगजनी में 55 साल की सांस्कृतिक धरोहर नष्ट हो गई, जो 1971 के मुक्ति संग्राम की भावना पर सीधा हमला है।
-
December 21, 2025 9:56 AM (IST) Posted by Amit Mishra
BNP नेता का घर फूंक दिया
बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा के बीच लक्षमीपुर सदर उपजिला में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के एक नेता के घर को कथित तौर पर बाहर से बंद करके आग लगा दी गई। आग की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई और 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने यह रिपोर्ट दी है। पुलिस के अनुसार आगजनी भाबनीगंज यूनियन में BNP के बिजनेसमैन और सहायक संगठन सचिव बेलाल हुसैन के घर पर हुई है।
-
December 21, 2025 9:35 AM (IST) Posted by Amit Mishra
एमनेस्टी इंटरनेशन ने की जांच की मांग
मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने हादी की हत्या और उसके बाद हुई हिंसा की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की है। एमनेस्टी ने हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की लिंचिंग पर भी गहरी चिंता जताई है। बीएनपी नेता सलाहुद्दीन अहमद ने चेतावनी दी है कि चुनाव विरोधी ताकतें इस हिंसा का फायदा उठाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पटरी से उतारने की कोशिश कर सकती हैं। हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता ने बांग्लादेश के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
-
December 21, 2025 8:52 AM (IST) Posted by Amit Mishra
तसलीमा नसरीन ने दीपू दास की हत्या पर उठाए सवाल
दीपू दास की सरेआम हत्या के मामले में बांग्लादेश की लेखिका तसलीमा नसरीन ने पुलिस पर सवाल उठाए हैं। तसलीमा नसरीन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें दीपू दास पुलिस थाने के अंदर बैठा हुआ दिख रहा है। मौत से कुछ देर पहले दीपू दास उन लोगों से बात कर रहा है जो पुलिस की वर्दी में हैं। इस वीडियो में दीपू नीले रंग की फुल स्लीव स्वेटशर्ट और ट्राउजर पहने है और वह अपनी बात समझाने की कोशिश कर रहा है। उसके आसपास पुलिस वाले खड़े हैं। तसलीमा नसरीन का कहना है कि जब दीपू दास पुलिस हिरासत में था तो फिर वो कट्टरपंथियों के पास कैसे पहुंच गया।
-
December 21, 2025 8:27 AM (IST) Posted by Amit Mishra
क्या है प्रदर्शनकारियों की मांग?
उस्मान हादी की मौत के बाद प्रदर्शनकारियों की सबसे बड़ी मांग है कि हत्यारों को सजा दी जाए। इसके साथ ही गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त मोहम्मद जहांगीर आलम चौधरी के इस्तीफे की मांग भी तेज हो गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हादी को गोली मारे जाने के एक हफ्ते बाद भी हत्यारों को पकड़ा नहीं जा सका है।
-
December 21, 2025 8:13 AM (IST) Posted by Amit Mishra
मोहम्मद यूनुस ने क्या कहा?
बांग्लादेश में जारी हिंसा और बवाल के बीच मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कहा कि उस्मान हादी को कभी भुलाया नहीं जाएगा और वह राष्ट्र के लिए छोड़ी गई अपनी सीखों के माध्यम से जीवित रहेंगे। यूनुस ने पहले कहा था हादी के हत्यारों के खिलाफ कोई नरमी नहीं दिखाई जाएगी।
-
December 21, 2025 7:52 AM (IST) Posted by Amit Mishra
यूनुस सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम
उस्मान हादी को दफनाने के बाद उनके समर्थको ने यूनुस सरकार को धमकी दी है। हादी के समर्थकों ने यूनुस सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। दौरान समर्थकों ने यूनुस सरकार को कहा है कि अगर 24 घंटे के अंदर हादी के सभी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तो बड़ा आंदोलन होगा।
-
December 21, 2025 7:40 AM (IST) Posted by Amit Mishra
यूनुस सरकार बताए अब तक क्या जांच हुई
इंकलाब मंच से जुड़े हादी के करीबी सहयोगी अब्दुल्ल अल जबेर ने कहा है कि सरकार को अगले 24 घंटों में सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना होगा कि हादी की हत्या के जिम्मेदार कौन हैं, अब तक क्या जांच हुई है और गिरफ्तारी के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। जबेर ने कहा, "अगर सरकार ऐसा नहीं करती, तो हम बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
-
December 21, 2025 7:28 AM (IST) Posted by Amit Mishra
चुनाव टालना चाहती है यूनुस सरकार
पूर्व मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी ने हादी को कट्टरपंथी बताया और आरोप लगाया कि यूनुस सरकार हिंसा भड़काकर चुनाव टालना चाहती है। यूनुस ने हिंसा की निंदा की और हत्यारों को सजा दिलाने का वादा किया। विशेषज्ञों का मानना है कि बांग्लादेश में फरवरी 2026 के चुनाव से पहले नई अस्थिरता पैदा हो सकती है।
-
December 21, 2025 7:09 AM (IST) Posted by Amit Mishra
भारतीय सहायक उच्चायोग कार्यालय और वीजा आवेदन केंद्र पर बढ़ी सुरक्षा
बांग्लादेश में शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बढ़े तनाव को देखते हुए भारतीय सहायक उच्चायोग कार्यालय और वीजा आवेदन केंद्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार के अनुसार, सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त (मीडिया) सैफुल इस्लाम ने कहा कि सुरक्षा के कड़े उपाय इसलिए किए गए हैं ताकि कोई तीसरा पक्ष स्थिति का फायदा न उठा सके।
-
December 21, 2025 7:00 AM (IST) Posted by Amit Mishra
शाहबाग चौराहे से हटे प्रदर्शनकारी
शेख हसीना के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में एक अहम नेता उस्मान हादी की मौत के बाद, प्रदर्शनकारियों ने शाहबाग चौराहे के आसपास की सड़कों को ब्लॉक कर दिया था। हादी को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने शाहबाग चौराहे के आसपास का इलाका खाली कर दिया है।
-
December 21, 2025 6:52 AM (IST) Posted by Amit Mishra
सिलीगुड़ी में लोगों ने किया प्रदर्शन
बांग्लादेश में हिंसा के दौरान अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में लोगों ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है।
-
December 21, 2025 6:47 AM (IST) Posted by Amit Mishra
हिंदू युवक की हत्या, 10 गिरफ्तार
बांग्लादेश हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या के मामले में 10 लोगों का गिरफ्तार किया गया है। 27 साल के हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की यहां बेरहमी से हत्या की गई थी। रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) ने मामले में सात संदिग्धों को पकड़ा है, जबकि पुलिस ने तीन अन्य को गिरफ्तार किया।
-
December 21, 2025 6:45 AM (IST) Posted by Amit Mishra
संसद भवन में घुस गई भीड़
उस्मान हादी दी को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के बाद भीड़ बैरिकेड्स तोड़कर संसद भवन में घुस गई। हादी की मौत के बाद पूरे देश में हिंसक विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। हादी को 12 दिसंबर को सेंट्रल ढाका के बिजोयनगर इलाके में एक चुनावी कैंपेन के दौरान नकाबपोश बंदूकधारियों ने सिर में गोली मार दी थी। गुरुवार को सिंगापुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
-
December 21, 2025 6:38 AM (IST) Posted by Amit Mishra
उस्मान हादी को किया गया सुपुर्द-ए-खाक
बांग्लादेश में इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है। उस्मान हादी के नमाज-ए-जनाजा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हादी को राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की कब्र के बगल में दफनाया गया है।