1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'आर्मी कैसे कह सकती है कि ये हमारे बंदे नहीं हैं?', BLA की कैद में गिड़गिड़ाते नजर आए पाकिस्तानी सैनिक

'आर्मी कैसे कह सकती है कि ये हमारे बंदे नहीं हैं?', BLA की कैद में गिड़गिड़ाते नजर आए पाकिस्तानी सैनिक

BLA video of Pakistani Soldiers | बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने कथित तौर पर 7 पाकिस्तानी सैनिकों का वीडियो जारी किया, जिसमें वे जान बचाने की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। BLA ने 24 घंटे में मांगें मानने का अल्टीमेटम दिया है, लेकिन पाकिस्तानी सरकार और सेना ने वीडियो को फर्जी बताते हुए सैनिकों से संबंध होने से इनकार किया है।

Pakistani Soldiers Video, BLA video of Pakistani Soldiers, Balochistan Liberation Army- India TV Hindi
Image Source : BLA SOCIAL MEDIA BLA की कैद में पाकिस्तानी सैनिक जान बचाने की गुहार लगाते नजर आए।

इस्लामाबाद: बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी यानी कि BLA ने पाकिस्तानी सेना के 7 सैनिकों को बंधक बनाने के बाद एक नया वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में पाकिस्तानी सैनिक रोते हुए और गिड़गिड़ाते नजर आ रहे हैं। वे बलोच लड़ाकों से अपनी जान की भीख मांग रहे हैं और पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से अपील कर रहे हैं कि उन्हें अकेला न छोड़ा जाए। BLA ने पाकिस्तान सरकार को 24 घंटे की मोहलत दी है, और अगर इस समय के अंदर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो इन सैनिकों को मौत की सजा दे दी जाएगी। लेकिन पाकिस्तान की सरकार और सेना ने इन सैनिकों से किनारा कर लिया है और कह रही है कि ये उनके लोग नहीं हैं और वीडियो झूठे हैं।

बार-बार जान बचाने की गुहार लगा रहे सैनिक

जनरल असीम मुनीर ने बलूचिस्तान में अपने सैनिकों को मरने के लिए उनके हाल पर छोड़ दिया है। सैनिकों का कहना है कि वे पाकिस्तान के लिए लड़ते हैं, लेकिन अब सरकार उन्हें अकेला छोड़ रही है। वे चाहते हैं कि सरकार BLA की मांगों को मान ले, जैसे बलूच कैदियों की रिहाई के बदले उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करे। पाकिस्तानी सैनिक वीडियो में अपना पहचान पत्र दिखा रहे हैं और सवाल पूछते नजर आ रहे हैं कि अगर उनके पास मौजूद कार्ड आर्मी के नहीं हैं तो किसके हैं। सैनिकों वीडियो में बार-बार अपनी जान बचाने की गुहार लगाते देखे जा सकते हैं।

BLA के वीडियो में आखिर क्या दिख रहा है?

BLA द्वारा जारी किए गए इस नए वीडियो में 7 पाकिस्तानी सैनिक BLA के कब्जे में बेहद डरे हुए और भावुक नजर आ रहे हैं। एक सैनिक रोते हुए कहता है, 'हम पाकिस्तान के लिए लड़ते हैं। आप हमें क्यों अकेला छोड़ रहे हैं?' वे जनरल मुनीर और सरकार से गुहार लगा रहे हैं कि उन्हें ऐसे मरने के लिए न छोड़ा जाए। BLA ने कहा है कि 24 घंटे के अंदर अगर पाकिस्तान उनकी मांगें नहीं मानेगा, तो इन सैनिकों को मौत की सजा दी जाएगी। मांगें मुख्य रूप से बलूचिस्तान में बंद बलूच कैदियों की रिहाई से जुड़ी हैं।

पाकिस्तानी सैनिकों ने की बेहद भावुक अपील

वीडियो में BLA का एक फाइटर सैनिकों से कहता है, 'आर्मी आप लोगों को अपना बंदा नहीं मान रही है। आप क्या कहना चाहेंगे? आप कैसे साबित करेंगे?' इस पर एक पाकिस्तानी सैनिक रोते हुए जवाब देता है, 'आर्मी कैसे कह सकती है कि ये हमारे बंदे नहीं हैं? यह कार्ड आर्मी का ही है न? इन्होंने ही हमें बनाकर दिया है न। हमने खुद तो नहीं बना लिया है। यह मेरा शिनाख्ती कार्ड देख लें। यह भी मुझे पाकिस्तान में बनाकर दिया गया है। फिर किस तरह कह रहे हैं कि ये हमारे बंदे नहीं हैं? मैं दरख्वास्त करता हूं, खुदा के लिए। मेरे पिता मजदूर हैं, मैं घर का बड़ा हूं। यह मत कहें कि ये हमारे बंदे नहीं हैं।'

पाकिस्तान की सरकार और सेना ने किया किनारा

सैनिक रोते हुए आगे कहता है, 'आप लोगों ने मुझे भर्ती क्यों किया था? क्या सिर्फ यह कहने के लिए कि हम आपके बंदे नहीं हैं? ये कार्ड किस चीज के लिए दिए गए हैं? आप लोग क्यों कह रहे हैं कि ये वीडियो झूठे हैं? ये वीडियो हकीकत हैं।' हालांकि पाकिस्तान की सरकार और सेना ने इन सैनिकों से पूरी तरह किनारा कर लिया है। वे दावा कर रहे हैं कि ये लोग उनकी सेना के नहीं हैं और वीडियो फर्जी हैं। लेकिन सैनिकों के बयान से साफ है कि वे सेना के लिए काम करते हैं और अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। BLA का कहना है कि अगर 24 घंटे में मांगें नहीं मानी गईं, तो सैनिकों को मौत की सजा दी जाएगी।

Latest World News