काहिरा: यमन और जिबूती के तटवर्ती जलक्षेत्र में चार नौकाओं के पलट जाने से बड़ा हादसा हुआ है। एक साथ 4 नौकाएं डूबने से कम से कम 2 व्यक्तियों की मौत हो गई है और 186 लापता हैं। राहत और बचाव दल को जब इस हादसे की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंच गए। तटवर्ती क्षेत्र में घटनास्थल पर लापता लोगों के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। इससे मौतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
बता दें कि इन नौकाओं पर अफ्रीकी प्रवासी सवार थे। यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र प्रवासन एजेंसी ने दी है। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) प्रवक्ता तमिम एलियन ने बताया कि इनमें से दो नौकाएं बृहस्पतिवार देर रात को यमन के तट के पास पलट गईं। उन्होंने बताया कि चालक दल के दो सदस्यों को बचा लिया गया, लेकिन 181 प्रवासी और यमन के पांच चालक दल के सदस्य अभी भी लापता हैं। उन्होंने बताया कि लगभग उसी समय छोटे से अफ्रीकी देश जिबूती के पास दो अन्य नौकाएं भी पलट गईं।
प्रवासियों से भरी थीं नौकाएं
उन्होंने बताया कि प्रवासियों के दो शव बरामद किए गए और नौका पर सवार सभी लोगों को बचा लिया गया। लगभग एक दशक के गृहयुद्ध के बावजूद, यमन पूर्वी अफ्रीका और सोमाली प्रायद्वीप से खाड़ी देशों में काम के लिए जाने वाले प्रवासियों के लिए एक प्रमुख मार्ग है। हर साल हजारों लोग इस मार्ग से यात्रा का प्रयास करते हैं। तस्कर अक्सर प्रवासियों को खतरनाक, भीड़-भाड़ वाली नौकाओं पर यमन पहुंचाने के लिए लाल सागर या अदन की खाड़ी को पार करते हैं। (एपी)
Latest World News