बीजिंग: चीन के तटरक्षकों ने फिलीपींस के एक जहाज पर मंगलवार को स्कारबोरो शोआल के पास अपने एक जहाज को जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाया है। स्कारबोरो शोआल दक्षिण चीन सागर में स्थित एक विवादित क्षेत्र है, जिसपर दोनों देश अपना दावा जताते हैं। तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा कि विभिन्न दिशाओं से आए फिलीपींस सरकार के 10 से अधिक जहाज शोआल के पास जलक्षेत्र में दाखिल हुए।
चीन क्या कर रहा है?
चीनी तटरक्षक बल ने कहा कि उसने जहाजों के खिलाफ पानी की बौछारें करने वाले वाहन तैनात किए। इससे 6 दिन पहले चीन ने कहा था कि वह स्कारबोरो शोआल के एक हिस्से को राष्ट्रीय प्राकृतिक रिजर्व बनाने पर काम कर रहा है। फिलीपींस की ओर से तत्काल इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे देशों ने चीन के इस कदम पर चिंता जताई है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने चीन के इस कदम को पड़ोसियों पर दबाव बनाने की कोशिश बताया था।
दक्षिण चीन सागर के बारे में जानें
दक्षिण चीन सागर को विश्व के सबसे रणनीतिक जल क्षेत्रों में गिना जाता है। यहां मछली पकड़ने के बड़े क्षेत्र हैं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार का अहम मार्ग भी यहीं से गुजरता है। चीन इस पूरे समुद्री क्षेत्र पर दावा करता है, जबकि फिलीपींस समेत कई अन्य देश भी अलग-अलग हिस्सों पर अपना दावा करते हैं।
भारत और फिलीपींस ने किया था संयुक्त अभ्यास
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, इसी साल अगस्त के महीने में भारत और फिलीपींस ने विवादित दक्षिण चीन सागर में पहली बार संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया था। संयुक्त नौसैनिक अभ्यास के दौरान फिलीपींस के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रोमियो ब्राउनर ने उम्मीद जताई थी कि फिलीपींस की सेनाएं भविष्य में भारत की सेना के साथ और अधिक संयुक्त युद्धाभ्यास में भाग लेंगी। (एपी)
यह भी पढ़ें:
रूस ने बेलारूस के साथ सैन्य अभ्यास में परमाणु शक्ति का किया प्रदर्शन, NATO के साथ बढ़ा तनाव
इजरायली सेना ने गाजा को लेकर उठा लिया बड़ा कदम, शुरू किया विस्तार अभियान
Latest World News