1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. क्या इजरायल ने 'हेलीकॉप्टर की पेंटिंग' पर कर दी बमबारी? देखें कैसे ईरान अपने विरोधियों को बना रहा मूर्ख

क्या इजरायल ने 'हेलीकॉप्टर की पेंटिंग' पर कर दी बमबारी? देखें कैसे ईरान अपने विरोधियों को बना रहा मूर्ख

कुछ दिन पहले आईडीएफ ने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया था कि उन्होंने ईरानी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि इस पोस्ट पर यूजर्स का कहना है कि इजरायल ने हेलीकॉप्टर के पेंटिंग पर बमबारी कर दी है।

आईडीएफ के द्वारा जारी किए गए वीडियो का स्क्रीनशॉट।- India TV Hindi
Image Source : X/IDFONLINE आईडीएफ के द्वारा जारी किए गए वीडियो का स्क्रीनशॉट।

इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। हालांकि इजरायली रक्षा बलों (IDF) द्वारा चल रहे युद्ध में कथित तौर पर एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर को निशाना बनाने का वीडियो पोस्ट करने के बाद, इसे लेकर ऑनलाइन बहस छिड़ गई है। दरअसल, 4 मार्च को आईडीएफ के आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट किए गए धुंधले इन्फ्रारेड फुटेज में ईरान में दो स्थानों पर विस्फोट और ईरानी संपत्तियों और इमारतों को नष्ट होते हुए दिखाया गया है। हालांक यूजर्स ने इसे लेकर कहा कि ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो में किसी वास्तविक हेलीकॉप्टर को निशाना बनाते हुए नहीं दिखाया गया है, बल्कि हेलीकॉप्टर की एक तस्वीर दिखाई गई है। 

यूजर्स ने किए कमेंट

एक यूजर ने कहा, "तुमने खुद की ऐसी बेइज्जती वाली पोस्ट क्यों डाली? अगर यह असली हेलीकॉप्टर होता तो इसके पंख बमबारी से पहले जैसे दिखते थे वैसे नहीं दिखते। तुमने एक पेंटिंग पर बम गिरा दिया, बेवकूफों!" एक अन्य यूजर ने कहा, “इजरायल बच्चों से भरे स्कूलों पर बमबारी करने और जमीन पर चॉक से चित्र बनाने में माहिर है।” हालांकि, कुछ अन्य लोगों ने धुएं की गति का हवाला देते हुए दावा किया कि आईडीएफ ने वास्तव में एक असली सैन्य संपत्ति को नष्ट कर दिया है।

आईडीएफ ने साधी चुप्पी

स्थानीय मीडिया की कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ईरान ने जमीन पर हेलीकॉप्टरों के नकली चित्र बनाकर इजरायल की सेना को सफलतापूर्वक चकमा दिया है। आईडीएफ की चुप्पी इस वीडियो को लेकर चल रही बहस को और हवा दे रही है। यह पोस्ट अभी भी आईडीएफ के हैंडल पर मौजूद है। इजरायली सेना की आलोचना करने वाले यूजर्स का कहना है कि इसमें उन्हें लाखों डॉलर का खर्च आया होगा। औसतन, एक इजरायली मिसाइल की कीमत लगभग 30 लाख डॉलर होती है, जबकि नकली हेलीकॉप्टरों को बनाने में केवल कुछ डॉलर ही लगते हैं।

एक पोस्ट में दावा किया गया कि आईडीएफ ने किसी असली एमआई-17 हेलीकॉप्टर को नहीं, बल्कि एक नकली हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया था। हालांकि, पोस्ट के नीचे एक कम्यूनिटी नोट में कहा गया है कि "यहां दिखाई देने वाले थर्मल सिग्नेचर, जिसमें ठंडी परछाइयां भी शामिल हैं, को पेंटिंग से नकली बनाना लगभग असंभव होगा"।

ईरान पर हमला जारी

बता दें कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद मिडिल-ईस्ट में युद्ध शुरू हुए एक सप्ताह हो चुका है। शुक्रवार को, इजरायली हवाई हमलों ने ईरान और लेबनान की राजधानियों पर भारी बमबारी की, जबकि अमेरिका ने कथित तौर पर समुद्र में एक ईरानी ड्रोन वाहक पर हमला किया। ईरान ने नए जवाबी हमले शुरू किए, जिसके बारे में अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी है।

यह भी पढ़ें-

ईरान के ड्रोन से वापस उसी को कैसे मार रहा है अमेरिका? CENTCOM कमांडर ने किया चौंकाने वाला खुलासा

Latest World News