बीजिंग: ईरान संकट के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा काफी अहम है। वे बुधवार को बीजिंग पहुंचेंगे जहां वह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंगके साथ व्यापार, टैरिफ, ईरान युद्ध और पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की यह चीन यात्रा उनके पहले कार्यकाल के बाद दूसरी आधिकारिक यात्रा होगी। ट्रंप की इस यात्रा को अमेरिका-चीन संबंधों में तनाव कम करने की दिशा में काफी अहम माना जा रहा है।
यात्रा को लेकर अटकलें तेज
ट्रंप इस यात्रा को लेकर काफी उत्सुकता और अटकलें हैं, जिसका उद्देश्य टैरिफ को लेकर जारी तनाव को खत्म करना और अमेरिका को होने वाले 525 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात पर असर डालने वाले व्यापार विवाद को सुलझाना है। ट्रंप 2017 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान चीन आए थे। उनके इस दौरे पर अमेरिकी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी भी साथ होंगे।
बुधवार शाम बीजिंग पहुंचें ट्रंप
अमेरिकी उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने यह जानकारी दी कि डोनाल्ड ट्रंप बुधवार शाम बीजिंग पहुंचेंगे और बृहस्पतिवार को स्वागत समारोह तथा द्विपक्षीय बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों नेता शुक्रवार को चाय और दिन के भोजन पर फिर मिलेंगे और अमेरिका बाद में चीनी राष्ट्रपति की पारस्परिक यात्रा की मेजबानी करेगा।
किन मुद्दों पर होगी बात?
मीडिया में प्रकाशित खबरों के मुताबिक दोनों देशे के बीच बातचीत मुख्य रूप से व्यापार और टैरिफ, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और टेक्नोलॉजी, ताइवान तथा उसे अमेरिकी हथियारों की बिक्री, ईरान और पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति, साथ ही दुर्लभ खनिजों और आपूर्ति शृंखलाओं पर केंद्रित रहने की संभावना है।
टेम्पल ऑफ हेवन का भी दौरा करेंगे ट्रंप
ट्रंप के कार्यक्रम में बीजिंग स्थित 'टेम्पल ऑफ हेवन' का दौरा भी शामिल है, जो एक ऐतिहासिक मंदिर परिसर है, जहां सम्राट अच्छी फसल की प्रार्थना करने आया करते थे। चीनी अधिकारियों के अनुसार, शीर्ष अमेरिकी कंपनियों की प्रमुख हस्तियों को अपने चीनी समकक्षों के साथ मिलने-जुलने का अवसर प्राप्त होगा।
ईरान युद्ध पर भी होगी बात?
हालांकि, दुनिया के देशों का ध्यान दोनों नेताओं की मुलाकात के संभावित नतीजे पर रहेगा कि क्या अमेरिका-इज़रायल व ईरान युद्ध को समाप्त करने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी को खत्म करने पर कोई समझौता हो सकता है। ट्रंप की यात्रा से पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चीन यात्रा की और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ बातचीत की।
Latest World News