1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'ईरान को गोला-बारूद नहीं देगा चीन', ट्रंप ने बताया उनकी शी जिनपिंग से क्या-क्या हुई बात

'ईरान को गोला-बारूद नहीं देगा चीन', ट्रंप ने बताया उनकी शी जिनपिंग से क्या-क्या हुई बात

Trump Iran Warning: चीन यात्रा पर गए डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें ईरान को युद्ध के दौरान हथियार नहीं देने का भरोसा दिया है। जानें ट्रंप और जिनपिंग के बीच में क्या बातें हुईं।

donald trump china- India TV Hindi
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी चीन यात्रा पर शी जिनपिंग से ईरान को लेकर भी बात की।

Donald Trump ने ईरान के बारे में सख्त और बड़ा बयान देते हुए कहा कि अब तेहरान के सामने केवल 2 रास्ते बचे हैं- डील या तबाही। अपनी चीन यात्रा के आखिरी दिन दिए गए इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले कि ईरान 'खत्म हो चुका है' और यदि उसने जंग को समाप्त करने के लिए डील नहीं की, तो उसे गंभीर नतीजे भुगतने होंगे।

ईरान के सामने 'समझौते' और 'तबाही' के दो ही विकल्प

फॉक्स न्यूज से बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कहा कि अमेरिका, ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल करने नहीं देगा। उन्होंने कहा, 'ईरान अब खत्म हो चुका है। वे समझौता करें, वर्ना पूरी तरह से तबाह हो जाएंगे।' डोनाल्ड ट्रंप ने यह स्टेटमेंट चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping के साथ बातचीत के बाद दिया, जिसमें ईरान का मुद्दा मुख्य तौर पर शामिल रहा।

चीन भी नहीं चाहता कि ईरान के पास हो परमाणु हथियार

ट्रंप के अनुसार, जिनपिंग भी ईरान और अमेरिका के बीच डील चाहते हैं। उनका दावा है कि चीन के राष्ट्रपति ने बातचीत में मदद की पेशकश भी की। डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, जिनपिंग का भी मानना है कि ईरान के हाथ परमाणु हथियार नहीं लगने चाहिए।

ईरान को Military Equipment नहीं देगा चीन

चीन की तरफ से ईरान को युद्ध में मदद दिए जाने के सवाल पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस मसले पर भी उन दोनों में चर्चा हुई और शी जिनपिंग ने विश्वास दिलाया कि चीन, ईरान को Military Equipment नहीं देगा। हालांकि, ईरान के तेल का सबसे बड़ा खरीदार फिलहाल चीन ही है। चीन के ईरान के साथ रणनीतिक और सैन्य संबंध भी मजबूत हैं।

ईरान के खार्ग द्वीप को 5 मिनट में तबाह करने का दावा

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी मिलिट्री पावर की बात करते हुए कहा कि अमेरिकी फौज, ईरान के खार्ग द्वीप को महज चार से पांच मिनट के अंदर नेस्तनाबूद करने की ताकत रखती है। वह यह भी बोले कि ईरान के खिलाफ मौजूदा मिलिट्री ऑपरेशन, इराक और वियतनाम जैसे लंबे खिंचे युद्धों के मुकाबले में काफी छोटा और निर्णायक है।

ये भी पढ़ें- जिनपिंग ने कहा 'बर्बादी की तरफ बढ़ रहा अमेरिका', चीन में बेइज्जती के बाद अब ट्रंप ने दी सफाई; बाइडन को घसीटा

Latest World News