A
Hindi News विदेश एशिया पाकिस्तान के मदरसे पर हुआ ड्रोन हमला, कक्षाओं में मौजूद 9 बच्चे घायल

पाकिस्तान के मदरसे पर हुआ ड्रोन हमला, कक्षाओं में मौजूद 9 बच्चे घायल

पाकिस्तान के एक मदरसे पर ड्रोन हमला होने की जानकारी सामने आ रही है। यह हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुआ।

पाकिस्तान के मदरसे पर हमला (प्रतीकात्मक फोटो)- India TV Hindi Image Source : AP पाकिस्तान के मदरसे पर हमला (प्रतीकात्मक फोटो)

पेशावर:पाकिस्तान के एक मदरसे पर ड्रोन से हुए हमले में 9 बच्चे घायल हो गए हैं। अ धिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि यह हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक मदरसे पर हुआ। इस ड्रोन हमले में नौ बच्चे घायल हुए, जिनमें तीन लड़कियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार को टैंक जिले के शादिखेल गांव में स्थित धार्मिक मदरसे को उस वक्त ड्रोन ने निशाना बनाया, जब बच्चे कक्षाओं में मौजूद थे। 

किसने किया हमला

इस मदरसे पर हमला किसने किया, अभी तक इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पाक अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू 1122 की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को टैंक के जिला मुख्यालय (डीएचक्यू) अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल अधिकारियों ने पुष्टि की कि घायलों में तीन लड़कियां और छह लड़के शामिल हैं, और सभी खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अब तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हमले के बाद, स्थानीय निवासियों ने मौलवियों के नेतृत्व में टैंक जिले के मुख्य चौक पर धरना प्रदर्शन किया और मदरसे को निशाना बनाने की निंदा करते हुए इसे बर्बर कृत्य करार दिया।

हमले के विरोध में हुए प्रदर्शन

प्रदर्शन के कारण प्रमुख सड़कों पर यातायात कई घंटों तक निलंबित रहा और बाजार बंद रहे। जिला पुलिस अधिकारी शब्बीर हुसैन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और मौलवियों से बातचीत की। बाद में डीपीओ हुसैन, अतिरिक्त उपायुक्त नैमतुल्लाह और सहायक आयुक्त साजिद खान ने आंदोलनकारियों से बातचीत की, जिसके बाद प्रदर्शन को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से घटना को गंभीरता से लेने और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

यह भी पढ़ें

जापान की फैक्ट्री में चाकू से घातक हमला, कई लोग घायल; मौके पर मची अफरातफरी

सऊदी अरब ने कर दिया यमन पर हमला, अलगाववादियों ने लगाया एयरस्ट्राइक का आरोप; जानें क्यों भड़की नई जंग

Latest World News