1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गाजा में भूखे फलस्तीनी भोजन के लिए इकट्ठा हुए थे, तभी होने लगी गोलीबारी, 10 लोगों की मौत

गाजा में भूखे फलस्तीनी भोजन के लिए इकट्ठा हुए थे, तभी होने लगी गोलीबारी, 10 लोगों की मौत

जब भूखे फलस्तीनी लोग भोजन लेने के लिए एकत्र हुए थे उसी समय गोलीबारी होने लगी। इस गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Gaza- India TV Hindi
Image Source : AP गाजा में खाद्य सामग्री लेने के लिए जुटे फिलिस्तीनी

दीर अल-बलाह (गाजा पट्टी):  गाजा में भोजन लेने के लिए इकट्ठे हुए भूखे फिलिस्तीनियों पर फायरिंग में 10 लोगों की मौत हो गई। बताया जाता है कि इजरायली फोर्सेज ने इजरायल समर्थित गाजा मानवतावादी फाउंडेशन (जीएचएफ) द्वारा संचालित दो सहायता वितरण केंद्रों के निकट तब गोलीबारी कर दी जब भूखे फलस्तीनी लोग भोजन लेने के लिए एकत्र हुए थे। इस गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। वहीं इजरायली सेना ने गोलीबारी से इनकार किया है।

अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद गाजा में मानवीय सहायता शुरू हुई

लगभग एक सप्ताह पहले इजरायल ने भूख से मरते बच्चों की बढ़ती घटनाओं के बीच अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते, सीमित मानवीय सहायता और हवाई सहायता की घोषणा की थी, जिसका उद्देश्य गाजा के 20 लाख से अधिक लोगों तक भोजन पहुंचाना था। लेकिन संयुक्त राष्ट्र, साझेदारों और फलस्तीनियों का कहना है कि अब भी बहुत कम सहायता आ रही है, गाजा के बाहर महीनों से आपूर्ति का ढेर लगा हुआ है और वह इजरायल की मंजूरी का इंतजार है। 

गोलीबारी की जानकारी नहीं-इजरायली सेना

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दक्षिणी शहर राफा में जीएचएफ के संचालन स्थल से सैकड़ों मीटर की दूरी पर स्थित शाकौश क्षेत्र में कम से कम दो लोग मारे गए। निकटवर्ती खान यूनिस स्थित नासिर अस्पताल में दो शव लाये गये और कई घायलों को भर्ती कराया गया। इजरायली सेना ने कहा कि उसे इस क्षेत्र में अपनी सेना द्वारा किसी भी गोलीबारी की जानकारी नहीं है। जीएचएफ ने कहा कि उसके ठिकानों के पास कुछ भी नहीं हुआ। इजरायली सेना ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने नियंत्रण वाले मार्गों को सुरक्षित बनाने के लिए काम कर रही है। 

मृतकों की संख्या बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई

इजरायल और जीएचएफ ने दावा किया है कि मृतकों की संख्या बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवा के प्रमुख फारेस अवाद ने बताया कि इजराइली नियंत्रण वाले जिकिम क्रॉसिंग से उत्तरी गाजा में प्रवेश करने वाले सहायता ट्रकों को सुरक्षित करने की कोशिश कर रहे फलस्तीनियों के एक समूह पर इजराइली हमला हुआ, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। नासिर अस्पताल ने कहा कि गाजा के दक्षिण में विस्थापित लोगों को शरण देने वाले तंबुओं पर दो अलग-अलग हमलों के बाद उसे पांच शव मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवा ने कहा कि इजराइली हमले में जवैदा और दीर अल-बलाह कस्बों के बीच एक परिवार के घर को निशाना बनाया गया, जिसमें दो अभिभावकों और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई। (इनपुट-भाषा)

Latest World News