तेहरान/न्यूयॉर्क: ईरान ने साफ कर दिया है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य में सिर्फ ‘गैर-दुश्मन जहाजों’ को ही गुजरने की अनुमति होगी। ईरानी मिशन ने न्यूयॉर्क में बुधवार को X पर एक पोस्ट में लिखा, 'जो जहाज ईरान के दुश्मन नहीं हैं, ईरान के खिलाफ किसी भी आक्रामक कार्रवाई में शामिल नहीं हैं और उनका समर्थन भी नहीं करते, वे ईरान के सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें और ईरानी अधिकारियों से पहले समन्वय कर लें तो वे हॉर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजर सकते हैं।'
'ईरानी अधिकारियों से इजाजत लेनी होगी'
ईरान के डिफेंस काउंसिल ने साफ किया कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी गैर-दुश्मन जहाजों को पहले ईरानी अधिकारियों से इजाजत लेनी होगी। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब तेहरान अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरानी क्षेत्र पर हो रहे सैन्य हमलों का जिक्र कर रहा है। राज्य प्रसारक प्रेस टीवी ने सोमवार को रिपोर्ट में बताया कि ईरान अब सख्ती बरत रहा है। डिफेंस काउंसिल ने चेतावनी भी दी है कि अगर अमेरिका या इजरायल ने ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा सुविधाओं पर फिर से हमला किया तो ईरानी सशस्त्र बल तुरंत 'निर्णायक और विनाशकारी' जवाब देंगे।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य कितना अहम है?
बता दें कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य ओमान और ईरान के बीच स्थित है। यह फारस की खाड़ी को गल्फ ऑफ ओमान और अरब सागर से जोड़ता है। यह इतना गहरा और चौड़ा है कि दुनिया के सबसे बड़े क्रूड ऑयल टैंकर भी आसानी से गुजर सकते हैं। हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के तेल के सबसे महत्वपूर्ण चोक पॉइंट्स में से एक है। 28 फरवरी को जंग की शुरुआत के बाद से ही यहां पर दर्जनों जहाज फंसे हुए हैं जिनकी वजह से पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट पैदा हो गया है। ईरान अगर हॉर्मुज से जहाजों की आवाजाही की इजाजत दे देता है तो वैश्विक उर्जा संकट को थोड़ा कम करने में मदद मिलेगी।
डोनाल्ड ट्रंप ने किया युद्ध जीतने का दावा
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने युद्ध जीत लिया है और ईरान की नौसेना व वायुसेना पूरी तरह तबाह हो चुकी है। सेक्रेट्री ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के शपथ ग्रहण समारोह में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, 'हम अभी बातचीत कर रहे हैं। मैं आपको बता सकता हूं कि वे डील करना चाहते हैं और कौन नहीं करना चाहेगा? देखिए, उनकी नौसेना चली गई, उनकी एयर फोर्स चली गई, उनके संचार साधन चले गए। जो कुछ भी उनके पास था, वह सब खत्म हो गया।'
Latest World News