A
Hindi News विदेश एशिया इजरायल-अमेरिका के हमले में ईरान के रक्षा मंत्री की मौत, जंग के बीच सामने आया बड़ा दावा

इजरायल-अमेरिका के हमले में ईरान के रक्षा मंत्री की मौत, जंग के बीच सामने आया बड़ा दावा

इजरायल और अमेरिका के ईरान पर हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री अमीर नसीरजादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर मोहम्मद पाकपूर के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। अमेरिका और इजरायल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाया।

Israel Iran War, Iran missile attack, US Israel strike, Amir Nasirzadeh killed- India TV Hindi Image Source : AP FILE ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर की भी मौत की खबर सामने आई है।

तेल अवीव/तेहरान: इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर हुए भीषण हमलों और तेहरान के पलटवार के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के रक्षा मंत्री अमीर नसीरजादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर मोहम्मद पाकपूर इजरायली हमलों में मारे गए हैं। बता दें कि अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर संयुक्त रूप से बड़ा सैन्य हमला शुरू किया। दोनों देशों का कहना है कि यह हमला ईरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल विकास को रोकने के उद्देश्य से किया गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके घोषणा की कि अमेरिका ने ईरान में 'मेजर कॉम्बैट ऑपरेशंस' शुरू कर दिए हैं।

ट्रंप ने ईरान के लोगों से की सत्ता हथियाने की अपील

ट्रंप ने कहा कि ईरान लगातार अपना परमाणु कार्यक्रम आगे बढ़ा रहा है और ऐसी मिसाइलें बना रहा है जो अमेरिका तक पहुंच सकती हैं। उन्होंने ईरानी लोगों से अपील की कि वे इस मौके का फायदा उठाकर देश की सत्ता पर कब्जा कर लें और अपने भविष्य को अपने हाथ में लें। ट्रंप ने ईरान की सेना और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से हथियार डालने की मांग की, वरना उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। ऐसे में रक्षा मंत्री और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर की मौत को ईरान के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। ईरान में लोग डर के मारे सामान जमा करते देखे जा रहे हैं। उत्तरी तेहरान के सुपरमार्केट में ब्रेड, बोतलबंद पानी, अंडे और दूध खरीदने के लिए आए लोगों की भारी भीड़ है, लेकिन कई दुकानों में ये चीजें खत्म हो गई हैं। 

खामेनेई के दफ्तर के पास हमले से हुई शुरुआत

बता दें कि हमले की शुरुआत इजरायल ने की, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के कार्यालय के पास पहला हमला हुआ। ईरानी मीडिया के मुताबिक, पूरे देश में अलग-अलग इलाकों में हमले हुए हैं। तेहरान की सड़कों पर धुआं उठता देखा गया। दोनों देश ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहे हैं, और ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की है। ईरान ने इजरायल पर हमला किया और खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागी हैं। इराक के इरबिल में अमेरिकी आर्मी बेस के पास धुआं देखा गया और ब्लास्ट की आवाज सुनी गई। बता दें कि ईरान समर्थित इराकी मिलिशिया ने पहले ही चेतावनी दी थी कि ईरान पर हमले की स्थिति में कुर्द क्षेत्र में हमला करेंगे।

Latest World News