A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ट्रंप की धमकी के खिलाफ ईरान में सड़कों पर उतरे लोग, 'ह्यूमन चेन' बनाकर जताया विरोध

ट्रंप की धमकी के खिलाफ ईरान में सड़कों पर उतरे लोग, 'ह्यूमन चेन' बनाकर जताया विरोध

ईरान के इलाम में लोगों ने अमेरिका की धमकी के खिलाफ ‘ह्यूमन चेन’ बनाकर विरोध जताया। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप की चेतावनी के बाद बड़ी संख्या में नागरिक सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने सैन्य कार्रवाई का विरोध करते हुए एकजुटता दिखाई।

Iran protest human chain, Ilam Iran protest, US Iran tensions, Donald Trump Iran warning- India TV Hindi
Image Source : X.COM/IRANINMUMBAI ईरान के इलाम में लोग ह्यूमन चेन बनाए हुए नजर आए।

इलाम: ईरान के इलाम शहर में मंगलवार को बड़ी संख्या में नागरिक सड़कों पर उतरे और 'ह्यूमन चेन' बनाकर अमेरिकी हमले की चेतावनी का विरोध किया। यह प्रदर्शन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के महत्वपूर्ण ढांचे जैसे पुलों और बिजली संयंत्रों पर संभावित हमले की धमकी के बाद किया गया। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, इस प्रदर्शन में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित हर वर्ग के लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान ईरान के झंडे और अपने नेताओं की तस्वीरों वाले पोस्टर हाथ में लिए थे।

अमेरिका को संदेश देने के लिए बनाई ह्यूमन चेन

सामने आई तस्वीरों में नजर आ रहा है कि लोग सड़क किनारे खड़े होकर एक लंबी मानव श्रृंखला बनाते नजर आए, जो एक प्रतीकात्मक सुरक्षा दीवार की तरह दिखाई दी। यह प्रदर्शन अमेरिका की बढ़ती बयानबाजी के खिलाफ सीधी प्रतिक्रिया के तौर पर किया गया। इलाम के लोगों ने इस माध्यम से यह संदेश दिया कि वे अपने देश के नागरिक और बुनियादी ढांचे पर किसी भी सैन्य कार्रवाई का विरोध करते हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़े-बड़े बैनर भी लगाए गए और देशभक्ति के नारे लगाए गए।

'आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है'

बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ईरान को चेतावनी देते हुए कहा, 'आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है, जिसे कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा हो सकता है।' उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन की स्थिति बन सकती है। ट्रंप ने लिखा कि 'पूरी तरह से शासन परिवर्तन होता है और समझदार व कम कट्टरपंथी लोग आगे आते हैं, तो कुछ नया और बेहतर हो सकता है।'

'...तो अमेरिका एक साथ बड़े पैमाने पर हमले करेगा'

ट्रंप ने इस स्थिति को पिछले 47 वर्षों की दुश्मनी का परिणाम बताते हुए कहा कि 'अब यह सब खत्म हो सकता है।' उन्होंने ईरान की जनता के लिए शुभकामनाएं भी दीं। बता दें कि इस पूरे विवाद के केंद्र में हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की मांग है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने ऐसा नहीं किया, तो अमेरिका एक साथ बड़े पैमाने पर हमले करेगा। उन्होंने कहा कि ईरान के सभी बिजली संयंत्र और पुल कुछ ही घंटों में नष्ट कर दिए जाएंगे और 'पूरा देश एक रात में खत्म हो सकता है।'

Latest World News