1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ट्रंप के '48 घंटे' के अल्टीमेटम को ईरान ने बताया बेवकूफी भरा कदम, कहा-"नरक के दरवाजे खुलेंगे"

ट्रंप के '48 घंटे' के अल्टीमेटम को ईरान ने बताया बेवकूफी भरा कदम, कहा-"नरक के दरवाजे खुलेंगे"

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे के भीतर समझौता करने या तबाही झेलने का अल्टीमेटम दिया है लेकिन ईरान ने इसे बेवकूफी भरा कदम बताते हुए अमेरिका को नरक के दरवाजे खुलने की चेतावनी दी है।

मुज्तबा खामेनेई और डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
Image Source : AP मुज्तबा खामेनेई और डोनाल्ड ट्रंप

तेहरान:  ईरान की सेंट्रल मिलिट्री कमांड ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 48 घंटे के अंदर समझौता करने वाली धमकी को खारिज कर दिया है। ईरान ने न केवल ट्रंप की धमकियों को नजरअंदाज किया, बल्कि अमेरिका को अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दे डाली है। ईरान ने इसे बेवकूफी भरा कदम बताते हुए कहा कि इससे तुम्हारे (अमेरिका) लिए नरक के दरवाजे खुलेंगे। ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ईरान 48 घंटे के अंदर शांति समझौता नहीं मानता है, तो वह देश के ज़रूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को तबाह कर देंगे।

 बेबस, घबराहट और बेवकूफी भरी हरकत

खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर से जारी एक बयान में, ईरानी मिलिट्री जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने कहा कि ट्रंप की धमकी "एक बेबस, घबराहट भरी, असंतुलित और बेवकूफी भरी हरकत" थी। उन्होंने चेतावनी दी कि "इस संदेश का सीधा सा मतलब यह है कि तुम्हारे लिए नरक के दरवाज़े खुल जाएंगे।"

ट्रंप ने दिया था 48 घंटे का अल्टीमेटम

हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर धमकी भरे पोस्ट में ईरान को चेतावनी देते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए  48 घंटे का वक्त दिया था।  ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा था-याद रखें जब मैंने ईरान को समझौता करने या स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए 10 दिन का समय दिया था। अब समय खत्म हो रहा है। केवल 48 घंटे बचे हैं। इससे पहले कि उन पर कयामत बरसे, ईश्वर की जय हो।

बुशहर परमाणु केंद्र पर हमले के बाद क्या बोला ईरान?

इससे पहले शनिवार को इजरायल और अमेरिका द्वारा तेहरान के बुशहर परमाणु केंद्र पर चौथी बार बड़ा हमला किए जाने के बाद ईरान ने पहली बार परमाणु हमले की धमकी दी है। ईरान ने साफ तौर पर कहा कि इजरायल और अमेरिका जो कर रहे हैं, उससे तेहरान का कुछ नहीं होगा, बल्कि इससे सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कुवैत, बहरीन, कतर और ओमान जैसे देशों में जीवन पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अपने एक्स एकाउंट पर एक पोस्ट के माध्यम से यह धमकी दी। 

अब्बास अराघची ने कहा कि इज़रायल-अमेरिका ने हमारे बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर अब तक 4 बार बमबारी कर दी है। इससे अगर रेडियोएक्टिव फॉलआउट (विकिरण का प्रसार) हुआ तो यह तेहरान को नहीं, बल्कि GCC देशों की राजधानियों (सऊदी अरब, UAE, कुवैत, बहरीन, कतर, ओमान) में जीवन समाप्त कर देगा। 

ग्रीन कार्ड या अमेरिकी वीजा रद्द 

ट्रंप प्रशासन ने ईरान की मौजूदा या पूर्ववर्ती सरकार से जुड़े कम से कम चार ईरानी नागरिकों के ग्रीन कार्ड या अमेरिकी वीजा रद्द कर दिए हैं। इनमें दो लोगों को आव्रजन अधिकारियों ने हिरासत में लिया है और उन्हें निर्वासित किया जाएगा। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया कि ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कुद्स फोर्स का नेतृत्व करने वाले जनरल कासिम सुलेमानी की एक रिश्तेदार एवं उसकी बेटी अमेरिका के आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) की हिरासत में हैं। कासिम सलेमानी 2020 में बगदाद हवाई अड्डे के निकट अमेरिकी हमले में मारे गए थे। 

 

 

 

 

Latest World News