1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'सभी फ्रंट पर जंग खत्म हुए बिना मध्य-पूर्व में नहीं रुकेगा युद्ध', ईरान ने अमेरिका को वॉर्निंग

'सभी फ्रंट पर जंग खत्म हुए बिना मध्य-पूर्व में नहीं रुकेगा युद्ध', ईरान ने अमेरिका को वॉर्निंग

ईरान के उपविदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने अमेरिका को सीधी धमकी दी है कि मिडिल-ईस्ट में सभी फ्रंट पर जंग रुके बिना शांति नहीं आ सकती है। अगर एक फ्रंट पर भी युद्ध जारी रहा तो जंग नहीं रुकेगी।

Saeed Khatibzade- India TV Hindi
Image Source : IRANIAN STATE MEDIA ईरान के उपविदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने अमेरिका को चेतावनी दी।

मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान के उपविदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने युद्ध खत्म करने के उपाय पर बड़ी बात कही है। सईद खतीबजादेह ने कहा कि शांति के लिए हर मोर्चे पर युद्ध का पूरी तरह रुकना जरूरी है। उन्होंने वॉर्निंग दी कि अगर किसी एक इलाके में भी लड़ाई चलती रहेगी, तो पूरे क्षेत्र में जंग जारी रहेगी।

लेबनान की जंग खत्म कराने के लिए ईरान प्रतिबद्ध

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने लेबनान के 'अल मयादीन' टीवी नेटवर्क के माध्यम से बताया कि सईद खतीबजादेह ने कहा है कि ईरान, लेबनान के खिलाफ इजरायल की जंग को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे बताया कि ये बात इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग में शामिल थी, जिस पर इस साल जून के मध्य में अमेरिका और ईरान ने साइन किए थे।

लेबनान के PM और प्रतिनिधिमंडल से मिले सईद खतीबजादेह

ईरानी उपविदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने कहा कि ईरान-अमेरिका के बीच हुई बातचीत में लेबनान एक महत्वपूर्ण मुद्दा था। खतीबजादेह ने ये भी कहा कि बेरूत की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने दोनों पक्षों को एक-दूसरे के पास लाने का प्रयास किया। जान लें कि सईद खतीबजादेह, लेबनान के स्थानीय नेताओं के साथ मुलाकात के लिए बीते बुधवार को लेबनान की राजधानी बेरूत पहुंचे थे। उन्होंने अपनी इन मुलाकातों को अच्छा बताया है। इस दौरान, सईद खतीबजादेह ने पुष्टि की कि उनकी संसद के अध्यक्ष नबीह बेरी, लेबनानी पीएम नवाफ सलाम और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग्स हुईं। 

लेबनान और Levant के इलाके में जंग रोके इजरायल

सईद खतीबजादेह ने जोर देकर कहा कि इजरायल को लेबनान और Levant के इलाके में अपनी जंग रोकनी चाहिए, क्योंकि इन दोनों इलाकों की घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं। उन्होंने दोहराया कि ईरान की एक मेन डिमांड सभी जंगों को खत्म करना है। यदि किसी एक मोर्चे पर भी जंग जारी रहती है, तो इसका मतलब यही होगा कि हर जगह जंग अभी भी चल रही है।

अमेरिका-इजरायल ने किया इस्लामाबाद MoU का उल्लंघन

सईद खतीबजादेह बोले कि यही रुख अपनाते हुए ईरान ने लेबनान में जंग को खत्म करने की कोशिशें कीं, जिसमें उसे कामयाबी भी मिली। इस दौरान, खतीबजादेह ने ये आरोप भी लगाया कि अमेरिका और इजरायल ने ईरान और लेबनान पर अटैक करके इस्लामाबाद MoU का उल्लंघन किया है। इससे पहले, हाल ही में ईरान की नाकेबंदी के बीच अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में कार्गो शिप पर फाइटर जेट से हमला किया था।

(इनपुट- ANI)

ये भी पढ़ें- तो क्या ईरान पर 'मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स' मारने जा रहे ट्रंप? बातों-बातों में दिया संकेत

Latest World News