Iran US War: ट्रंप ने ईरान को दी धमकी, बोले- 'एक रात में तबाह हो सकता है पूरा देश'
Israel US Iran: अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय मध्यस्थों के बीच 45 दिन के संभावित सीजफायर को लेकर बातचीत जारी है। सूत्रों के मुताबिक अगर समझौता होता है तो यह 2 चरणों में होगा।

Israel US Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगातार कई डेडलाइन की घोषणाओं के बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वॉशिंगटन, ईरान और क्षेत्रीय मध्यस्थ 45 दिन के संभावित सीजफायर पर चर्चा कर रहे हैं, जिससे युद्ध का स्थायी अंत हो सकता है। Axios ने यह रिपोर्ट शांति वार्ता की जानकारी रखने वाले अमेरिकी, इजरायली और क्षेत्रीय स्रोतों के हवाले से छापी है। पाकिस्तान, तुर्की और मिस्र के मध्यस्थ इन वार्ताओं में हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच टेक्स्ट मैसेज के जरिए भी बातचीत शामिल है।
सूत्रों के मुताबिक अगर यह समझौता हो जाता है तो यह 2 चरणों में होगा। पहला चरण 45 दिन का सीजफायर होगा, जिसके दौरान युद्ध के स्थायी अंत के लिए मध्यस्थता की जाएगी। दूसरे चरण में, आदर्श रूप से, युद्ध को समाप्त करने का एक समझौता शामिल होगा। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से दी गई समयसीमा खत्म होने का वक्त जैसे-जैसे करीब आ रहा है, अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले तेज कर दिए है। राजधानी तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित एक शहर की एक रिहायशी इमारत पर हुए हवाई हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है।
तेहरान में शरीफ यूनिवर्सिटी पर को भी निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया ने इन हमलों और वहां इमारतों को हुए नुकसान की जानकारी दी, साथ ही परिसर के पास स्थित प्राकृतिक गैस वितरण केंद्र पर भी असर पड़ने की बात कही। इस यूनिवर्सिटी पर वर्षों से कई देशों ने प्रतिबंध लगा रखे हैं क्योंकि इसका सैन्य कार्यों, खासकर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से संबंध रहा है। यह मिसाइल कार्यक्रम अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के नियंत्रण में है। रिवोल्यूशनरी गार्ड और अन्य सुरक्षा बल अपने ठिकानों पर लगातार हमलों के कारण वैकल्पिक स्थानों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
जंग 28 फरवरी 2026 को शुरू हुई थी। अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई वरिष्ठ सैन्य और सुरक्षा अधिकारी मारे गए थे। अमेरिका और इजरायल का मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह नष्ट करना, उसकी बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को खत्म करना और शासन को कमजोर या उखाड़ फेंकना है। ताजा घटनाओं और अपडेट्स के लिए इंडिया टीवी की डिजिटल टीम से जुड़े रहें।
Live updates : Iran US War Live
-
April 06, 2026 11:52 PM (IST) Posted by Amar Deep
दक्षिणी लेबनान में एक व्यक्ति की मौत
लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार, दक्षिणी लेबनान में एक इजरायली हमले में मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह हमला हमादियेह इलाके में हुआ।
-
April 06, 2026 11:01 PM (IST) Posted by Amar Deep
एक रात में तबाह हो सकता है पूरा देश: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि सैन्य दृष्टि से यह ईस्टर सबसे अच्छा रहा है। पूरा देश एक ही रात में तबाह हो सकता है और वह रात कल भी हो सकती है। उन्होंने आगे कहा हमारी सशस्त्र सेनाओं ने 21 सैन्य विमान शत्रुतापूर्ण हवाई क्षेत्र में तैनात किए, जिनमें से कई बहुत कम ऊंचाई पर उड़ान भर रहे थे।
-
April 06, 2026 10:36 PM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान के पास कोई क्षमता नहीं बची: ट्रंप
ट्रम्प ने कहा कि ईरान के पास कुछ मिसाइलें बची हैं, कुछ ड्रोन बचे हैं। असल में उनके पास कोई क्षमता नहीं बची है। उन्होंने कहा कि जब ईरानी लोग बमों की आवाज नहीं सुनते, तो वे परेशान हो जाते हैं; वे बमों की आवाज सुनना चाहते हैं। ईरान ने 45,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला है; हम ऐसा नहीं करते।
-
April 06, 2026 10:16 PM (IST) Posted by Amar Deep
युद्ध का समर्थन नहीं करने वाले अमेरिकी मुर्ख हैं: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि हम अभी ईरान छोड़ सकते हैं, लेकिन मैं इसे पूरी तरह से खत्म करना चाहता हूं। एक सवाल पर कि जो अमेरिकी इस युद्ध के समर्थक नहीं हैं, उनसे आप क्या कहेंगे? ट्रंप ने कहा कि वे मूर्ख हैं।
-
April 06, 2026 9:11 PM (IST) Posted by Amar Deep
अगर मेरे हाथ में होता तो मैं तेल अपने पास रखता: ट्रंप
ट्रम्प ने कहा, "अगर यह मेरे हाथ में होता, तो मैं तेल को अपने पास रखना चाहता। लेकिन मुझे नहीं लगता कि संयुक्त राज्य अमेरिका के लोग इस बात को समझ पाएंगे। अगर मुझे चुनने का मौका मिले, तो मैं क्या करना चाहूंगा? तेल ले लूंगा। दुर्भाग्य से, अमेरिकी जनता हमें घर लौटते देखना चाहती है।"
-
April 06, 2026 5:51 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान के बुशहर न्यूक्लियर प्लांट के पास हुआ हमला, IAEA ने की पुष्टि
इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) का कहना है कि वह ईरान के बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास हाल ही में हुए मिलिट्री हमलों के असर की पुष्टि कर सकती है, लेकिन उसने यह भी कहा कि प्लांट को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। UN की इस एटॉमिक वॉचडॉग संस्था ने बताया कि यह पुष्टि नई सैटेलाइट तस्वीरों के उसके अपने स्वतंत्र विश्लेषण और उस जगह के बारे में उसकी विस्तृत जानकारी पर आधारित है। संस्था ने यह भी बताया कि एक हमला तो प्लांट की बाहरी सीमा से सिर्फ 75 मीटर की दूरी पर हुआ था। पिछले हफ्ते, एजेंसी ने बताया था कि ईरान ने उसे जानकारी दी थी कि बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट के परिसर के पास एक प्रोजेक्टाइल आकर गिरा था।
-
April 06, 2026 5:48 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान के साउथ पार्स पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में हुआ हमला
ईरान के असलूयेह में साउथ पार्स पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में धमाकों की खबर है। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया है कि असलूयेह में साउथ पार्स पेट्रोकेमिकल फैसिलिटी को निशाना बनाकर हमला किया गया है। फार्स की रिपोर्ट के मुताबिक, "असलूयेह में साउथ पार्स पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स से कई धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं।"
-
April 06, 2026 5:29 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान ने इजरायल पर किए ताबड़तोड़ हमले
इजरायल की आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि मध्य इजरायल में कम से कम 28 जगहों पर प्रोजेक्टाइल गिरे है। इजरायल ने इसके लिए ईरान के क्लस्टर बमों को जिम्मेदार ठहराया है। मेडिकल टीम के मुताबिक, रामत गान, बेनी बराक और गिवताइम पर हमले हुए है। 40 साल के आसपास के एक शख्स को चोट आई है।
-
April 06, 2026 4:22 PM (IST) Posted by Amit Mishra
हिजबुल्लाह ने इजरायली सेना पर किया हमला
हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना पर हमलों का दावा किया है। लेबनान के इस हथियारबंद गुट का कहना है कि उसके लड़ाकों ने इजरायली ठिकानों पर कई हमले किए हैं। हिजबुल्लाह ने बताया कि उसने ऐनाटा और मारून अल-रास कस्बों में कई जगहों पर इजरायली सेना पर रॉकेटों से हमला किया। उसने यह भी कहा कि उसकी सेना ने दक्षिणी लेबनान के रशाफ कस्बे में एक मर्कवा टैंक पर मिसाइल से हमला किया।
-
April 06, 2026 4:09 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायल के हाइफा में 4 लोगों की हुई मौत
इजरायली डॉक्टरों का कहना है कि हाइफा में 4 लोगों की मौत हो गई है। इजरायल की एम्बुलेंस सेवा 'मैगन डेविड एडोम' ने बताया है कि हाइफा में एक ईरानी मिसाइल हमले में 4 लोगों की जान चली गई है। रिपोर्ट के अनुसार, शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें 35 साल की एक महिला, 80 साल से ज्यादा उम्र के एक पुरुष और एक महिला, और 40 साल की उम्र का एक पुरुष शामिल है।
-
April 06, 2026 3:35 PM (IST) Posted by Amit Mishra
तेहरान में 15 लोगों की मौत, कई घायल
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी 'तसनीम' की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी तेहरान के बहरेस्तान जिले को निशाना बनाकर किए गए अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले में 15 लोगों की मौत हो गई है। कई अन्य घायल भी हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 4 रिहायशी मकान पूरी तरह से तबाह हो गए है और 40 से अधिक अन्य घरों तथा नागरिकों के कई वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
-
April 06, 2026 2:35 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान का दावा: कुवैत में US आर्मी बेस पर किया हमला
ईरान के खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने सरकारी मीडिया द्वारा जारी एक वीडियो बयान में कहा कि कुवैत के बुबियन द्वीप पर मौजूद अमेरिकी सेना को ईरान ने निशाना बनाया है। इब्राहिम जोलफाकारी ने कहा कि ईरान ने ड्रोन के जरिए द्वीप पर मौजूद सैटेलाइट उपकरणों और गोला-बारूद को निशाना बनाया है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी सेना आरिफजान कैंप से यहां शिफ्ट हो गई थी, क्योंकि ईरान ने उस कैंप पर बार-बार हमले किए थे। बुबियन द्वीप कुवैत के तटीय द्वीपों की श्रृंखला में सबसे बड़ा द्वीप है, जो खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में स्थित है।
-
April 06, 2026 1:47 PM (IST) Posted by Amit Mishra
शरीफ यूनिवर्सिटी पर हमले के बाद का वीडियो
अमेरिका और इजरायल ने ईरान की शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी को निशाना बनाया है। वीडियो में ईरान के तेहरान स्थित शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी पर हुए अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले के बाद का मंजर देखा जा सकता है।
-
April 06, 2026 1:32 PM (IST) Posted by Amit Mishra
IRGC के इंटेलिजेंस चीफ माजिद खादेमी मारे गए
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बताया कि उनके इंटेलिजेंस चीफ, मेजर जनरल माजिद खादेमी, सोमवार तड़के अमेरिकी और इजरायली सेनाओं द्वारा किए गए एक हमले में मारे गए। एक बयान में, गार्ड्स ने उन्हें अपनी इंटेलिजेंस विंग का एक अहम व्यक्ति बताया और कहा कि वो भोर के समय "अमेरिकी-जायोनी दुश्मन" द्वारा किए गए एक "अपराधी आतंकवादी हमले" में मारे गए।
-
April 06, 2026 1:30 PM (IST) Posted by Amit Mishra
उत्तरी कुवैत पर ईरानी हमले में 6 लोग घायल
कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि ईरानी हमले के बाद देश के उत्तरी हिस्से में स्थित एक रिहायशी इलाके में गिरे प्रोजेक्टाइल और छर्रों की चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए हैं। कुवैत न्यूज एजेंसी (KUNA) के अनुसार, मेडिकल इमरजेंसी टीमों और एम्बुलेंस सेवाओं ने इस घटना पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
-
April 06, 2026 1:02 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान ने मार गिराया US-इजरायली ड्रोन
तसनीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरानी अधिकारियों का कहना है कि हवाई रक्षा इकाइयों ने पश्चिमी लोरेस्तान प्रांत के ऊपर एक अमेरिकी-इजरायली मानवरहित हवाई वाहन (ड्रोन) को मार गिराया है। लोरेस्तान के गवर्नर के उप सुरक्षा अधिकारी ने तसनीम को बताया कि यह घटना डेल्फान काउंटी के बदावर इलाके के पास हुई है।
-
April 06, 2026 12:30 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इराक में अमेरिका-इजरायल का संयुक्त हमला
इराकी पैरामिलिट्री फोर्स का कहना है कि निनेवेह गवर्नररेट में 25वीं ब्रिगेड के इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर और सलाह अल-दीन गवर्नररेट में 52वीं ब्रिगेड पर अमेरिका-इजरायल के एक साथ हमले हुए हैं। पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज (PMF) इराकी सरकार का हिस्सा है और इसमें ईरान के साथ जुड़े समूह शामिल हैं।
-
April 06, 2026 11:21 AM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायली सेना ने ईरानी मिसाइलों को रोका
इजरायली सेना ने दक्षिणी इजरायल को निशाना बनाने वाली ईरानी मिसाइलों को रोका है। इजरायली मीडिया के अनुसार, इस हमले के कारण दक्षिणी इजरायल के कई इलाकों में सायरन बज उठे। चैनल 12 ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
-
April 06, 2026 11:02 AM (IST) Posted by Amit Mishra
सऊदी अरब ने 2 ड्रोन नष्ट किए
सऊदी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि हाल के घंटों में उसने 2 ड्रोनों को रोककर नष्ट कर दिया है।, हालांकि उसने इस बारे में और कोई जानकारी नहीं दी है।
-
April 06, 2026 10:49 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान के पूर्व विदेश मंत्री ने की ट्रंप की आलोचना
ईरान के पूर्व विदेश मंत्री जवाद जरीफ ने सोशल मीडिया पर होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ट्रंप के अल्टीमेटम की निंदा की है। मीनाब पर हुए हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "ईरान अपनी रक्षा खुद करेगा।" उन्होंने कहा, "अपनी हताशा और भद्दे बयान में, ट्रंप ने खुले तौर पर और अधिक युद्ध अपराध करने की धमकी दी है।"
-
April 06, 2026 10:29 AM (IST) Posted by Amit Mishra
अबू धाबी में एक विदेशी नागरिक घायल
अबू धाबी के मीडिया कार्यालय के अनुसार शहर में एक घाना का नागरिक गिरते हुए छर्रों की चपेट में आने से मामूली रूप से घायल हो गया है। मीडिया कार्यालय के मुताबिक, यह घटना मुसफ्फा स्थित 'रिन सिस्टम्स कंपनी' में हुई, जब हवाई सुरक्षा प्रणाली ने सफलतापूर्वक एक हमले को नाकाम कर दिया। कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "संबंधित अधिकारी जनता से आग्रह करते हैं कि वो केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और किसी भी तरह की अफवाह या बिना पुष्टि वाली जानकारी को फैलाने से बचें।"
-
April 06, 2026 10:27 AM (IST) Posted by Amit Mishra
मध्य इजरायल में हुए भीषण हमले
Ynet News के मुताबिक, मध्य इजरायल पर ईरान के हालिया हमलों के बाद, Petah Tikvah में इंटरसेप्टर मिसाइलों की चपेट में आने से 34 साल की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। खबर में बताया गया है कि पूरे मध्य इजरायल में कम से कम 15 जगहों पर मिसाइलें गिरी हैं और Tel Aviv में एक इमारत को नुकसान पहुंचा है।
-
April 06, 2026 9:26 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
अक्टूबर से अब तक गाजा में 700 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए
गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में हुए युद्धविराम के बाद से गाजा पट्टी में लगभग हर दिन इजरायली गोलीबारी और हमले हो रहे हैं। तब से 700 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं। हमास के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा यह मंत्रालय हताहतों का विस्तृत रिकॉर्ड रखता है, जिसे संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और स्वतंत्र विशेषज्ञों द्वारा आम तौर पर विश्वसनीय माना जाता है। इसमें नागरिकों और आतंकवादियों का अलग-अलग विवरण नहीं दिया गया है।
-
April 06, 2026 8:50 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
45 दिन के सीज़फ़ायर प्लान पर ज़ोर - रिपोर्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस युद्ध मेंमध्यस्थ दो चरणों वाली एक डील करवाने पर काम कर रहे हैं। पहले चरण में 45-दिन के सीज़फ़ायर का प्रस्ताव है, जिसके दौरान दोनों पक्ष युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करने पर बातचीत करेंगे। अगर बातचीत में प्रगति होती है तो सीज़फ़ायर को बढ़ाया जा सकता है ताकि अंतिम समझौते के लिए और समय मिल सके।
-
April 06, 2026 8:43 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
शरीफ यूनिवर्सिटी को बनाया निशाना
एयर स्ट्राइक में तेहरान की प्रसिद्ध शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी को भी निशाना बनाया गया। इस पर सिलसिलेवार हमले हुए है। यूनिवर्सिटी की इमारतों और पास स्थित गैस वितरण केंद्र को भारी नुकसान पहुंचा है। विशेषज्ञों का मानना है कि शरीफ यूनिवर्सिटी को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि यहां ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम (रिवोल्यूशनरी गार्ड्स द्वारा नियंत्रित) पर काम होता है।
-
April 06, 2026 8:42 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
एयर स्ट्राइक में 13 लोगों की मौत
एक ओर जहां ट्रंप समझौते करने के लिए ईरान पर दबाव बना रहे हैं वहीं अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर भीषण बमबारी भी हो रही है। सोमवार सुबह तेहरान के दक्षिण-पश्चिम इलाके में एक रिहायशी इमारत पर हुए हवाई हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है।