1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'सुरक्षित नहीं ट्रंप, घर में हो सकता है अटैक' ईरान ने दी अमेरिकी राष्ट्रपति को खुली धमकी

'सुरक्षित नहीं ट्रंप, घर में हो सकता है अटैक' ईरान ने दी अमेरिकी राष्ट्रपति को खुली धमकी

ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतवानी देते हुए बड़ी बात कही है। ईरानी अधिकारी ने कहा है कि ट्रंप को उनके घर में निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ट्रंप अपने आवास में सुरक्षित नहीं हैं।

डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप

Iranian Official Warns Donald Trump: इजरायल और ईरान के बीच हुई जंग में अमेरिका ने खुलकर इजरायल का साथ दिया था। इजरायल के साथ-साथ अमेरिका ने भी ईरान के परमाणु संयंत्रों पर बमबारी की थी। अमेरिका की ओर से किए गए हमलों के बाद ईरान बौखलाया हुआ है। अब ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुली धमकी दे डाली है।

सुरक्षित नहीं हैं ट्रंप

ईरानी अधिकारी ने चेतावनी दी है कि डोनाल्ड ट्रंप अब अपने फ्लोरिडा वाले घर, मार-ए-लागो में सुरक्षित नहीं हैं। अधिकारी ने धमकी भरे लहजे में कहा कि उन्हें (ट्रंप को) धूप सेंकते समय भी निशाना बनाया जा सकता है। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के करीबी सलाहकार और एक बड़े राजनीतिक शख्स जावेद लारीजानी ने एक टेलीविजन इंटरव्यू में कहा कि ट्रंप के कार्यों ने उन्हें निशाने पर ला दिया है।

'आसानी से हो सकता है ट्रंप पर हमला'

इंटरव्यू के दौरन  ईरानी अधिकारी जावेद लारिजानी ने कहा, "ट्रंप ने कुछ ऐसा कर दिया है कि अब वो अपने आवास में धूप भी नहीं सेंक सकते हैं। जब वो पेट के बल धूप में लेटे होंगे, तो कोई छोटा ड्रोन उनकी नाभि पर आ कर लग सकता है। यह बहुत आसान है।" उन्होंने कहा कि धूप में लेटे अमेरिकी राष्ट्रपति पर एक छोटे ड्रोन का हमला करना आसान होगा। 

Image Source : apअमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

ट्रंप पर रखा गया है इनाम

गौर करने वाली बात यह है कि,  लारिजानी का यह बयान एक क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म के लॉन्च होने के बाद आया है, जिसमें ट्रंप पर इनाम की घोषणा की गई है। ब्लड पैक्ट या फारसी में अहदे ख़ून नाम के इस प्लेटफॉर्म को "सर्वोच्च नेता अली खामेनेई का मजाक उड़ाने और उन्हें धमकी देने वालों के खिलाफ प्रतिशोध" के लिए बनाया गया था।

क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए मिले करोड़ो डॉलर

इस बीच यह भी बता दें कि, सात जुलाई की शाम तक, क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए 2 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि जुटाने का दावा किया था और अगली सुबह तक कुल राशि 2.7 करोड़ डॉलर से ज्यादा हो गई थी। इसका घोषित उद्देश्य ट्रंप की हत्या के लिए 10 करोड़ डॉलर का इनाम इकट्ठा करना है। इस प्लेटफॉर्म के होमपेज पर संदेश में लिखा है, "हम ईश्वर के दुश्मनों और अली खामेनेई की जान को खतरा पैदा करने वालों को न्याय के कटघरे में लाने वाले किसी भी व्यक्ति को इनाम देने का संकल्प लेते हैं।"

यह भी पढ़ें:

बेटी ने TikTok से नहीं हटाया अकाउंट तो भड़क गए अब्बा, मार ही डाला

हूती विद्रोहियों ने किया ऐसा हमला मालवाहक जहाज Titanic की तरह समंदर में डूबा, देखें VIDEO

Latest World News