A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Israel और US के हमलों से बेफिक्र हो प्रदर्शनकारियों के साथ घूमे ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियन, लोगों ने चूमा माथा...किया सलाम

Israel और US के हमलों से बेफिक्र हो प्रदर्शनकारियों के साथ घूमे ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियन, लोगों ने चूमा माथा...किया सलाम

ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन शुक्रवार को मिसाइल हमलों के बीच सड़क पर लोगों के साथ टहलते देखे गए। अचानक अपने बीच देख ईरानियों ने उनका माथा चूमा, सेल्फी ली और उनके इस साहस को सलाम किया।

मसूद पेजेश्कियन, ईरान के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मसूद पेजेश्कियन, ईरान के राष्ट्रपति।

तेहरान: ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन पूर्व सुप्रीम लीडर सैय्यद अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद भी अमेरिका और इजरायल ने तनिक नहीं डरे हैं। इसका सुबूत शुक्रवार को फर्डोसी स्क्वायर में प्रदर्शनकारियों के बीच उनकी मौजूदगी दे रही है। ईरान की राजधानी तेहरान में कुद्स डे रैली के दौरान अपने बीच राष्ट्रपति पेजेश्कियन को देख हर कोई चौंक उठा। पेज़ेशकियन ने हजारों प्रदर्शनकारियों के बीच शामिल होकर सभी को हैरान कर दिया।

इजरायल और अमेरिकी हमलों और जीवन को खतरे के बावजूद उन्होंने भीड़ में घूमकर लोगों से बात की। कई ईरानियों ने उत्साह से उन्हें चूमा, सेल्फी ली और फोटो खींची। राज्य मीडिया ने दिखाया कि पेज़ेशकियन ने फिलिस्तीन समर्थक नारे लगाते हुए मार्च किया। जबकि पीछे फर्डोसी स्क्वायर में इसी दौरान मिसाइल गिरी और वीडियो में धुआं उठते साफ देखा जा रहा है। 

हमलों के बावजूद पेजेश्कियन और प्रदर्शनकारी डटे रहे

फर्डोसी स्क्वायर में इजरायल और अमेरिका ने एक के बाद एक कई बड़े विस्फोट किये। इन सबके बावजूद प्रदर्शनकारी वहीं डटे रहे। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन भी लोगों के बीच टहलते, उनसे बात करते और उनका हौसला बढ़ाते देखे गए।  यह घटना ऐसे समय हुई जब अमेरिका और इज़रायल के हवाई हमलों से तेहरान दहल रहा है। फर्डोसी स्क्वायर में पहले हुए विस्फोट के बाद भी रैली जारी रही, जहां हजारों लोग "इज़रायल मुर्दाबाद" और "अमेरिका मुर्दाबाद" के नारे लगा रहे थे। 

पेजेश्कियन ने युद्ध में घायलों से की मुलाकात

पेज़ेशकियन ने अस्पताल में जाकर युद्ध में घायल हुए लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने हाल ही में कहा कि ईरान पड़ोसी देशों पर हमले रोक देगा, लेकिन अमेरिका-इज़रायल को जवाब देना उसका अधिकार है। खामेनेई की मौत के बाद पहली बार पेजेश्कियन सार्वजनिक रूप से सड़कों पर टहलते नजर आए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कोई पश्चिमी राष्ट्रपति इतनी स्वतंत्रता से जनता के बीच घूम सकता है? अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप या अन्य पश्चिमी नेता भारी सुरक्षा घेरे में रहते हैं। सीक्रेट सर्विस ने ईरानी खतरों के कारण व्हाइट हाउस और पूर्व राष्ट्रपतियों के घरों की सुरक्षा बढ़ा दी है। 

अमेरिका में डर, ईरान में दिलेरी

ईरानी हमलों की आशंका से एक तरफ जहां, ट्रंप समेत पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपतियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन दिलेरी के साथ लोगों के बीच घूम रहे हैं। उनके इस साहस को लोग सलाम कर रहे हैं। यह घटना युद्ध के बीच ईरानी एकता को दर्शाती है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय चिंतित है, क्योंकि हमले जारी हैं और लाखों प्रभावित हो रहे हैं। पेज़ेशकियन की यह हिम्मत ईरान की प्रतिरोध भावना को मजबूत करती है। 

Latest World News