Iran War: अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शनिवार को कहा कि USS Tripoli (LHA 7) पर सवार अमेरिकी सैनिक 27 मार्च को US सेंट्रल कमांड के ज़िम्मेदारी वाले इलाके में पहुंच चुके है। अमेरिका का यह असॉल्ट शिप त्रिपोली करीब 3,500 सैनकों के अलावा ट्रांसपोर्ट और स्ट्राइक फाइटर एयरक्राफ्ट, साथ ही एम्फीबियस असॉल्ट और टैक्टिकल एसेट्स लेकर पहुंचा है। इसके साथ ही इस बात के आसार बढ़ गए हैं कि कहीं अमेरिका ईरान में जमीनी लड़ाई करने की तैयारी में तो नहीं है?
जापान में तैनात यूनिट को खाड़ी में भेजा
यूएसएस त्रिपोली और उस पर सवार 31वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट के जवान जापान में तैनात थे। वे ताइवान के आसपास के क्षेत्र में अभ्यास कर रहे थे, तभी लगभग दो सप्ताह पहले उन्हें पश्चिम एशिया में तैनात होने का आदेश मिला।
खाड़ी में अमेरिका के 300 से ज्यादा सैनिक जख्मी
यह खबर ऐसे समय में आई है जब ईरान के साथ जारी युद्ध में घायल हुए अमेरिकी सैनिकों की संख्या 300 के पार पहुंच गई है। सऊदी अरब के एक सैन्य अड्डे पर इस सप्ताह हुए हमलों में दो दर्जन से अधिक अमेरिकी सैनिक घायल हुए। शुक्रवार को ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान हवाई ठिकाने पर छह बैलिस्टिक मिसाइलें और 29 ड्रोन दागे। इस हमले में कम से कम 15 सैनिक घायल हुए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई गई है।
मार्को रुबियो ने दिया था ये बयान
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका "थल सेना के बिना ही" अपने उद्देश्यों को पूरा कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप को "कई तरह की आकस्मिक स्थितियों के लिए तैयार रहना होगा" और अमेरिकी सेनाएं "राष्ट्रपति को अधिकतम विकल्प और आकस्मिक स्थितियों के उत्पन्न होने पर उनसे निपटने का अधिकतम अवसर प्रदान करने के लिए" उपलब्ध हैं।
इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शुक्रवार को कहा था कि एक महीने से जारी इस संघर्ष में 300 से अधिक सैनिक घायल हुए हैं। इनमें से अधिकतर स्वस्थ होकर फिर से ड्यूटी पर लौट चुके हैं, जबकि 30 अब भी सेवा के लिए योग्य नहीं हैं और 10 को गंभीर रूप से घायल माना जा रहा है।
Latest World News