A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायल के बाहरी इलाकों में लगी भीषण आग, एक्शन में नेतन्याहू; मांगी अंतरराष्ट्रीय मदद

इजरायल के बाहरी इलाकों में लगी भीषण आग, एक्शन में नेतन्याहू; मांगी अंतरराष्ट्रीय मदद

इजरायल में भीषण आग लगी है। आग यरुशलम के बाहरी इलाकों में लगी है। तेज हवाओं की वजह से आग के और भड़कने की संभावना है। इजरायल ने आग पर काबू पाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहायता मांगी है।

इजरायल में लगी भीषण आग- India TV Hindi
Image Source : AP इजरायल में लगी भीषण आग

Israel Massive Fire: इजरायल में यरुशलम के बाहरी इलाकों में भीषण आग लगी है। आग से ना केवल पर्यावरण को भारी नुकसान हुआ है, बल्कि आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यह आग इतनी विकराल है कि इसे बुझाने के लिए सैकड़ों दमकलकर्मी, हेलीकॉप्टर और अन्य आपातकालीन संसाधन लगाए गए हैं। आग की वजह से हजारों नागरिकों को अपना घर खाली करना पड़ा है। अधिकारियों ने इस आग को देश के इतिहास की सबसे बड़ी आग बताया है। तेज हवाओं की वजह से आग तेजी से फैल रही है। 

इजरायल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांगी मदद 

आग कितनी भयावह है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इजरायल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद मांगी है। यूक्रेन ने कहा कि वह जंगल की आग से लड़ने में मदद के लिए एक विमान भेजेगा। स्पेन, फ्रांस, रोमानिया, क्रोएशिया और इटली ने भी विमान भेजने की बात कही है। इजरायल की आपातकालीन चिकित्सा सेवा ने कहा है कि उसने अब तक 23 लोगों का इलाज किया है, जिनमें से 13 को जलने और धुएं की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

Image Source : apइजरायल में लगी भीषण आग

एक शख्स गिरफ्तार

आग के कारण अधिकारियों ने तेल अवीव को यरुशलम से जोड़ने वाले मेन हाईवे रूट 1 को बंद कर दिया है। आग की लपटें सड़कों पर भी नजर आ रही हैं। पुलिस ने पूर्वी यरुशलम के एक निवासी को शहर के दक्षिणी इलाके में एक खेत में आग लगाने की कोशिश करते पाए जाने पर गिरफ्तार किया है।

तेज हवा बनी मुसीबत

इजरायली सरकार ने आग को नियंत्रित करने के लिए आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। कुछ क्षेत्रों में सेना की भी मदद ली जा रही है। आग और भी विकराल हो सकती है क्योंकि हवाएं तेज होने की उम्मीद है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि जंगल की आग यरूशलम तक पहुंच सकती है।

यह भी पढ़ें:

गुनहगार कौन? जंग में ऐसे पिस जाते हैं मासूम बच्चे, झकझोर देगी 4 साल की मस्सा अबेद की कहानी

यूक्रेन की महिला पत्रकार को रूस ने किया टॉर्चर- दिया इलेक्ट्रिक शॉक, पसलियां तोड़ीं, निकाला दिमाग

Latest World News