A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ट्रंप की गाजा योजना पर 'हमास की हां' के बाद इजरायल ने रोका हमला, अब तक 67000 लोगों की मौत

ट्रंप की गाजा योजना पर 'हमास की हां' के बाद इजरायल ने रोका हमला, अब तक 67000 लोगों की मौत

ट्रंप की गाजा योजना को हमास द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद इजरायली सेना ने गाजा पर हमले फिलहाल रोक दिए हैं। यह दावा इजरायल के एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर किया है। गाजा पर इजरायली हमले में अब तक 67000 से अधिक लोग मारे गए हैं।

इजरायल की सेना (फाइल)- India TV Hindi
Image Source : AP इजरायल की सेना (फाइल)

तेल अवीवः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा शांति योजना की शर्तों को हमास द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद इजरायल का पहला बयान सामने आया है। इजराइली सेना ने शनिवार को बताया कि वह योजना के पहले चरण के क्रियान्वयन की तैयारियां तेज करेगी। इजरायल ने यह बयान तब दिया है, जब गाजा में युद्ध समाप्ति के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना के कुछ बिंदुओं को हमास ने स्वीकार कर लिया है। सेना का कहना है कि इजरायली नेताओं ने इस योजना को लागू करने के लिए तेजी से कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

 

इजरायल अब नहीं करेगा गाजा पर हमला

 एक इजरायली अधिकारी ने अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि इजरायल ने गाजा में रक्षात्मक स्थिति अपना ली है और फिलहाल कोई हमला नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि गाजा से कोई सुरक्षा बल वापस नहीं बुलाया गया है। इजरायल ने गाजा पर हमले रोकने का फैसला तब किया, जब कुछ घंटे पहले ही ट्रंप ने हमास के इस सकारात्मक बयान के बाद इजरायल को गाजा में हमले रोकने का आदेश दिया था। ट्रंप ने हमास के जवाब का स्वागत करते हुए कहा, "मुझे लगता है वे दीर्घकालिक शांति के लिए तैयार हैं।"

गाजा में अब तक 67000 से अधिक मौतें

 इजराइल और हमास के बीच लगभग दो साल से जारी युद्ध में मरने वाले फिलस्तीनियों की संख्या 67,000 से अधिक हो गई है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को मृतकों की सूची में 700 से अधिक नाम और जोड़े हैं तथा इन आंकड़ों का सत्यापन हो चुका है। इस बीच, इजराइल की सेना ने कहा है कि वह गाजा में युद्ध समाप्त करने तथा शेष सभी बंधकों को वापस लौटाने संबंधी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना के पहले चरण को लेकर तैयारी कर रही है। इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि सेना अब रक्षात्मक स्थिति में आ गई है और आक्रामक रूप से हमला नहीं करेगी।

 

बंधकों की रिहाई पर मिस्र ने दिया अपडेट

मध्यस्थता की भूमिका निभा रहे मिस्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमास से बंधकों को छुड़ाने और इजरायली हिरासत में मौजूद सैकड़ों फिलस्तीनियों की रिहाई के लिए बातचीत जारी है। संघर्ष विराम वार्ता में शामिल इस अधिकारी ने कहा कि मध्यस्थता कर रहे अरब देश फिलस्तीनियों के बीच व्यापक बातचीत के लिए तैयारियां कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य गाजा के भविष्य को लेकर उनकी एकजुटता सुनिश्चित करना है। गाजा के दूसरे सबसे प्रभावशाली चरमपंथी संगठन ‘पैलेस्टाइन इस्लामी जिहाद’ ने शनिवार को कहा कि वह ट्रंप की योजना पर हमास की प्रतिक्रिया को स्वीकार करता है। इससे पहले कुछ दिन पहले इस समूह ने इस योजना को खारिज कर दिया था।


क्या हमास डालेगा हथियार

इजराइल के रक्षा और सुरक्षा फोरम के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त जनरल अमीर अवीवी ने कहा कि इजरायल कुछ दिनों के लिए गाजा में गोलीबारी रोक सकता है। ताकि बंधकों को रिहा किया जा सके, लेकिन यदि हमास अपने हथियार नहीं डालता है तो इजरायल फिर से आक्रमण शुरू कर देगा। यह स्थिति फिलहाल संघर्ष विराम की ओर बढ़ने की आशा जगा रही है, लेकिन भविष्य में स्थिति कैसे विकसित होगी, यह पूरी तरह से हमास की प्रतिक्रिया और वार्ता के परिणामों पर निर्भर करेगा। (भाषा)

यह भी पढ़ें

तेहरान ने एक ही दिन में 6 लोगों को फांसी पर लटकाया, इजरायल-ईरान युद्ध से जुड़ा है मामला

PoJK में हिंसक विरोध प्रदर्शन से घुटनों पर आई पाकिस्तान सरकार, 10 से अधिक मौतों के बाद किया समझौते का दावा

Latest World News