A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गाजा सिटी में इजरायल ने किए ताबड़तोड़ हमले, हमास के कम्युनिकेशन कमांडर सहित 3 हुए ढेर

गाजा सिटी में इजरायल ने किए ताबड़तोड़ हमले, हमास के कम्युनिकेशन कमांडर सहित 3 हुए ढेर

इजरायल की सेना ने गाजा सिटी में हमला करके हमास के कम्युनिकेशन कमांडर अहमद अबू खदीरा समेत 3 को मार गिराने का दावा किया है। यह ऑपरेशन हमास की सैन्य क्षमताओं को फिर से खड़ा करने और संभावित हमलों को रोकने के उद्देश्य से किया गया।

Israel Gaza strike, IDF Hamas commander killed, Gaza City airstrike news- India TV Hindi
Image Source : HTTPS://X.COM/IDF इजरायल ने गाजा सिटी पर अपने हमले जारी रखे हैं।

तेल अवीव: इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने गाजा सिटी में बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए हमास के एक अहम कमांडर को मार गिराने का दावा किया है। IDF के मुताबिक, इस कार्रवाई का मकसद हमास की सैन्य क्षमताओं को दोबारा मजबूत होने से रोकना और संभावित हमलों को नाकाम करना था। इजरायल की सेना ने बताया कि मारे गए कमांडर की पहचान अहमद अबू खदीरा के रूप में हुई है, जो हमास की कम्युनिकेशन यूनिट में गाजा सिटी इलाके में सक्रिय था। सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह 'IDF के सैनिकों के खिलाफ आतंकी हमलों की योजना को आगे बढ़ाने में शामिल था और बलों के लिए सीधा खतरा था।'

हमास के 2 और सदस्यों को IDF ने मार गिराया

IDF ने इस कार्रवाई को व्यापक सैन्य अभियान का हिस्सा बताते हुए कहा कि उसी क्षेत्र में अन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। इस दौरान 2 और अहम लोगों, इस्लाम हिशाम रियाद कनिता और महमूद हामेद यूसुफ हमदूना को भी मार गिराया गया। सेना के मुताबिक, ये दोनों 'हमास की सैन्य क्षमताओं को फिर से खड़ा करने के प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल थे, जिसमें युद्धविराम के दौरान भी काम जारी रखना शामिल है।' यह कार्रवाई दिखाती है कि इजरायली सेना इस समय हमास की फिर से खुद को खड़ा करने की कोशिशों को कमजोर करने पर खास ध्यान दे रही है।

गाजा सिटी के बाहर भी बरसा इजरायल का कहर

गाजा सिटी के बाहर भी IDF ने कार्रवाई जारी रखी है। गाजा पट्टी के मध्य क्षेत्र में सेना ने एक पिकअप ट्रक को निशाना बनाया, जिसमें हमास के हथियारबंद सदस्य सवार थे। ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ये लोग भी सैनिकों पर हमले की योजना बना रहे थे। IDF ने बताया, 'पहचान होते ही सैनिकों ने तुरंत हमला कर सशस्त्र आतंकियों को खत्म किया, ताकि वास्तविक खतरे को टाला जा सके।' उधर, फिलिस्तीनी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाजा सिटी में हमास संचालित पुलिस के एक वाहन पर हुए हमले में 4 लोगों की मौत हो गई।

Latest World News