Israel US Iran War Live: परमाणु मुद्दे पर झुकने को तैयार नहीं है ईरान, फिर शांति वार्ता विफल होने का खतरा
Israel US Iran War Live Updates: ईरान-अमेरिका के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता का प्रयास जारी है। पाकिस्तान इसकी मध्यस्थता कर रहा है। मगर ईरानी अधिकारी के सामने खबर सामने आ रही है कि तेहरान आगे भी परमाणु मुद्दे पर झुकने को तैयार नहीं है।

Israel US Iran War Live Updates: ईरान-अमेरिका के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता का प्रयास जारी है। पाकिस्तान इसकी मध्यस्थता कर रहा है। मगर ईरानी अधिकारी के सामने खबर सामने आ रही है कि तेहरान आगे भी परमाणु मुद्दे पर झुकने को तैयार नहीं है। ऐसे में दूसरे दौर की वार्ता के भी इसकी तारीख और समय फिक्स होने से पहले ही फेल होने का खतरा बढ़ गया है।
इजरायल और लेबनान में भी अब युद्ध विराम की उम्मीदें बढ़ गई हैं। इजरायली मीडिया का दावा है कि ट्रंप की पोस्ट के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जल्द ही लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन से शांति वार्ता को लेकर फोन पर बात करेंगे। इससे पहले ट्रंप ने अपनी एक पोस्ट में दावा किया था कि लेबनान और इजरायल 34 साल में पहली बार बृहस्पतिवार को वार्ता करेंगे।
ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज को लेकर अभी भी पेच फंसा हुआ है। इस बीच खबर है कि ईरान ट्रंप को होर्मुज में ओमान वाले हिस्से से जहाजों को सुरक्षित गुजरने देने की अनुमति दे सकता है। ईरान और अमेरिका में दूसरे दौर की शांति वार्ता की उम्मीदों के बीच इस तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि ईरान ट्रंप के सामने ऐसी पेशकश कर सकता है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरानी बंदरगाहों की संपूर्ण नाकाबंदी की घोषणा के बावजूद खाड़ी में एक भी अमेरिकी युद्धपोत मौजूद नहीं हैं। एक रिपोर्ट में यह सनसनीखेज दावा किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप द्वारा ब्लॉकेड के ऐलान के बावजूद खाड़ी से अमेरिकी युद्धपोत गायब हैं।
ईरान और अमेरिका के बीच पहले दौर की शांति वार्ता फेल होने के बाद पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर बुधवार से ईरान में हैं। ताकि वह दूसरे दौर की शांति वार्ता की भूमिका बना सकें। चीन ने इजरायल और अमेरिकी से ईरान की संप्रभुता का सम्मान करने को कहा है।
इस बीच ईरान ने अमेरिका को बड़ी धमकी दी है। ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर अपने नौसैनिकों से नाकेबंदी जारी रखता है, तो वह रेड सी, खाड़ी और ओमान सागर में आग लगा देगा यानी वह व्यापार को अवरुद्ध कर देगा।
उधर इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले करना जारी रखा है। बृहस्पतिवार को इजरायली हमले में दक्षिणी लेबनान में बुर्ज अल-शमाली शिविर के बाहरी इलाके में हवाई हमले के बाद आग लग गई।
Live updates : Israel US Iran War Live Updates: ह्वाइट हाउस ने कहा-दूसरी शांति वार्ता भी इस्लामाबाद में होने की संभावना
-
April 16, 2026 11:25 PM (IST) Posted by Amit Mishra
लेबनान में बढ़ी मरने वालों की संख्या
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,196 हो गई है, जबकि 7,185 लोग घायल हुए हैं। अपने ताजा अपडेट में ग्रैंड सेराइल स्थित आपदा जोखिम प्रबंधन इकाई ने कहा कि ये आंकड़े देश पर इजरायल के लगातार हमलों से हो रहे जानमाल के बढ़ते नुकसान को दर्शाते हैं।
-
April 16, 2026 10:43 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायली रक्षा मंत्री ने ईरान को दी सलाह
इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने कहा है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के सभी रणनीतिक ठिकानों और रणनीतिक क्षमताओं को निशाना बनाया गया है और अगर जरूरत पड़ी तो हम वापस आकर फिर ऐसा करेंगे। तेल अवीव में मंत्रालय में आयोजित एक समारोह में बोलते हुए, काटज़ ने कहा कि ईरान एक ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ा है और उन्होंने आग्रह किया कि वो स्थिरता और पुनर्निर्माण का रास्ता चुने, वरना उसे ऐसे रास्ते का सामना करना पड़ेगा जो गहरी खाई की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा, "एक रास्ता आतंकवाद और परमाणु हथियारों का रास्ता छोड़ने और स्थिरता और पुनर्निर्माण का भविष्य चुनने की ओर ले जाता है, जैसा कि अमेरिका ने प्रस्ताव दिया है। दूसरा रास्ता एक ऐसी गहरी खाई की ओर ले जाता है जिससे ईरानी शासन कभी बाहर नहीं निकल पाएगा।"
-
April 16, 2026 9:47 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायल और लेबनान के बीच हुआ सीजफायर
अमेरिका के राष्ट्रपति ने डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के सीजफायर का ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि उनकी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई है। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि शांति स्थापित करने के लिए वो औपचारिक रूप से 10 दिनों का सीजफायर शुरू करेंगे।
-
April 16, 2026 8:33 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ट्रंप और लेबनान के राष्ट्रपति के बीच हुई वार्ता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन के बीच फोन पर बातचीत हुई है। इस बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति आउन ने लेबनान में संघर्षविराम कराने और स्थायी शांति व स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए एक बार फिर उनका आभार व्यक्त किया। इन प्रयासों से इस क्षेत्र में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गोलीबारी को जल्द से जल्द रोकने के लिए ये प्रयास जारी रहेंगे। लेबनान के राष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में बताया कि इसके जवाब में, राष्ट्रपति ट्रंप ने राष्ट्रपति आउन और लेबनान के प्रति अपना समर्थन दोहराया, और इस बात पर जोर दिया कि वो लेबनान की संघर्षविराम की मांग को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।"
-
April 16, 2026 7:48 PM (IST) Posted by Amit Mishra
गाजा में जारी हैं इजरायल के हमले
उत्तरी गाजा में इजरायली बमबारी में 2 भाइयों की मौत हो गई है। फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी 'वफा' ने बताया कि बैत लाहिया में अबू तमाम् स्कूल के पास एक इजरायली ड्रोन हमले में दोनों भाइयों की मौत हुई है। गाजा शहर में, टनल स्ट्रीट पर इजरायली सेना के हमले में एक और फिलिस्तीनी की मौत हुई है। मध्य गाजा में, अल-मगाजी शरणार्थी शिविर के पूर्व में तैनात इजरायली सेना के वाहनों ने सलाह अल-दीन स्ट्रीट की ओर गोलीबारी की जिसमें 4 लोग घायल हो गए हैं।
-
April 16, 2026 5:48 PM (IST) Posted by Amit Mishra
'US नाकेबंदी तब तक जारी रखेगा, जब तक जरूरी होगा'
अमेरिका ईरान की नौसैनिक नाकेबंदी तब तक जारी रखेगा, जब तक जरूरी होगा। यह बात अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने वॉशिंगटन में मीडिया को संबोधित करते हुए कही है। हेगसेथ ने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाले यातायात को नियंत्रित कर रही है, क्योंकि ईरान के पास अब कोई नौसेना नहीं है।
-
April 16, 2026 5:04 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में अहम पुल को किया तबाह
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) की रिपोर्ट के अनुसार इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में एक रणनीतिक पुल को तबाह कर दिया है। NNA ने बताया, "दुश्मन के विमानों ने कासमीयेह पुल पर लगातार 2 हमले किए। यह पुल टायर और सिडोन इलाकों के बीच का आखिरी पुल था जो अब हमलों में पूरी तरह से तबाह हो गया है।"
-
April 16, 2026 4:31 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान जंग पर क्या बोला तुर्की?
तुर्की का कहना है कि वो अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता का समर्थन जारी रखेगा। उसने दोनों पक्षों से जंग खत्म करने के लिए बातचीत में रचनात्मक रवैया अपनाने की अपील की है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने अपनी साप्ताहिक ब्रीफिंग में कहा, "हम मौजूदा संघर्षविराम को एक स्थायी संधि और फिर स्थायी शांति में बदलने के लिए जरूरी समर्थन देना जारी रखेंगे। तुर्की के एक राजनयिक सूत्र के अनुसार, तुर्की, पाकिस्तान, सऊदी अरब और मिस्र के विदेश मंत्री इस सप्ताहांत तुर्की के दक्षिणी प्रांत अंताल्या में आयोजित होने वाले एक राजनयिक मंच के इतर मुलाकात करेंगे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, कतर की यात्रा पूरी करने के बाद तुर्की पहुंचेंगे।
-
April 16, 2026 4:05 PM (IST) Posted by Amit Mishra
जानें गाजा में मृतकों और घायलों की संख्या
अक्टूबर 2023 से अब तक गाजा पर इजरायल के हमलों में कम से कम 72,345 लोग मारे गए हैं और 172,250 घायल हुए हैं। पिछले साल अक्टूबर में अमेरिका की मध्यस्थता से हुआ सीजफायर लागू होने के बाद से, कम से कम 766 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 2,147 घायल हुए हैं।
-
April 16, 2026 3:30 PM (IST) Posted by Amit Mishra
हिजबुल्लाह ने इजरायली सेना पर हमलों का किया दावा
हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने इजरायली सेना पर कई हमलों को अंजाम दिया है। हिजबुल्लाह के मुताबिक उसने लेबनान के खियाम शहर के दक्षिण में हमाम्स पहाड़ी पर इजरायली सेना के जमावड़े पर हमला किया और तोपखाने के ठिकानों पर मिसाइलें दागी हैं।
-
April 16, 2026 2:54 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
चीन ने अमेरिका द्वारा लगाए गए एक तरफा प्रतिबंधों का किया विरोध
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने गुरुवार को एक नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि चीन लगातार उन अवैध एकतरफा प्रतिबंधों का विरोध करता रहा है जिनका अंतरराष्ट्रीय कानून में कोई आधार नहीं है और जिन्हें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा अधिकृत नहीं किया गया है। उन्होंने यह टिप्पणी उस पूछताछ पर की जिसमें अमेरिका द्वारा कल ईरानी तेल के खरीदारों पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई थी।
-
April 16, 2026 2:47 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
लेबनान में स्थायी सीजफायर के लिए अमेरिका को छोड़नी होगी “इजराइल फर्स्ट” नीतिः गालिबाफ
ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने कहा है कि लेबनान में स्थायी सीजफायर हासिल करने के लिए हिजबुल्लाह की मजबूती और “प्रतिरोध की धुरी” की एकता बेहद जरूरी है। उन्होंने अमेरिका से अपील की कि वह अपने वादों को पूरा करे और अपनी “इजराइल फर्स्ट” नीति को छोड़ दे।
-
April 16, 2026 2:11 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
होर्मुज में अमेरिकी जहाजों को डुबोने को तैयार हैं ईरानी लांचरः ईरान
ईरान ने एक बड़ा दावा किया है कि होर्मुज में उसके लांचर अमेरिकी जहाजों को डुबोने के लिए तैयार हैं। ईरान ने अमेरिका को धमकी दी है कि अगर उसकी मर्जी के बगैर कोई जहाज गुजरा और वाशिंगटन ने ईरानी बंदरगाहों से नाकाबंदी नहीं हटाई तो अमेरिका के जहाजों को समुद्र में डुोब दिया जाएगा।
-
April 16, 2026 1:09 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायली नेवी ने इंटरसेप्ट किया लेबनान की ओर से छोड़ा गया मानवरहित विमान
इजरायली नेवी ने लेबनान की ओर से छोड़ा गया मानवरहित विमान इंटरसेप्ट किया और उसे मार गिराया। आईडीएफ ने इस मानवरहित एयर व्हीकल को ढेर करने का वीडियो भी जारी किया है।
-
April 16, 2026 12:34 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पाकिस्तान ने फैलाया प्रोपेगैंडा, ईरान के साथ मुनीर ने परमाणु कार्यक्रम पर बनाई बड़ी सहमति
पाकिस्तान ने ईरान-अमेरिका में दूसरे दौर की शांति वार्ता कराने के लिए अभी से अपना प्रोपेगैंडा फैलाना शुरू कर दिया है। पाकिस्तानी सूत्रों के हवाले अलजजीरा ने कहा है कि ईरान के साथ मुनीर ने परमाणु कार्यक्रम पर बड़ी सहमति बना ली है। पाकिस्तानी सूत्रों के हवाले दावा किया गया है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौते को लेकर एक 'बड़ी सफलता' मिली है।
-
April 16, 2026 12:30 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
लेबनान ने कहा-इजरायल के साथ वार्ता की उसे फिलहाल किसी आधिकारिक सोर्स से जानकारी नहीं मिली है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बृहस्पतिवार को इजरायल और लेबनान में 34 साल बाद शांति वार्ता शुरू होने के दावे को लेबनान ने नकार दिया है। लेबनान ने कहा है कि फिलहाल उसे किसी भी आधिकारिक सोर्स से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है। ट्रंप ने दावा किया था कि इजरायल और लेबनान कल लंबे समय बाद शांति वार्ता करने वाले हैं।
-
April 16, 2026 11:31 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
दक्षिणी लेबनान के तेबनीन सरकारी अस्पताल के पास इजरायली हमले से मची तबाही
इजरायली हवाई हमलों के बाद दक्षिणी लेबनान में तेबनीन सरकारी अस्पताल के आसपास भारी तबाही हुई। हमले के बाद की तस्वीरों और वीडियो में इसे साफ देखा जा सकता है।
-
April 16, 2026 11:21 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका से दूसरे दौर की शांति वार्ता प्रयासों के बीच ईरान ने 21 अप्रैल से स्कूल खोलने का ऐलान किया
अमेरिका से दूसरे दौर की शांति वार्ता के प्रयासों के बीच ईरान के शिक्षा मंत्रालय ने 21 अप्रैल से देश के सभी स्कूलों को खोलने का ऐलान किया है। ईरानी मीडिया रिपोर्ट के हवाले यह दावा किया जा रहा है।
-
April 16, 2026 11:18 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने इस बात के लिए किया चीन का शुक्रिया
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा, “ईरान चीन का आभारी है।” पेजेश्कियान ने बुधवार को तेहरान में ईरान रेड क्रिसेंट सोसाइटी (IRCS) के मुख्यालय का दौरा करने के दौरान चीन का आभार व्यक्त किया। चाइना मीडिया ग्रुप (CMG) के अनुसार, राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने कहा, “ईरान चीन का आभारी है। हम इस प्रिय देश के साथ अपने संबंधों को और मजबूत तथा विकास करते रहने की उम्मीद करते हैं।” अमेरिका और इराजयल से जंग लड़ रहे ईरान का चीन मजबूती से समर्थन कर रहा है और अमेरिका के हमले की निंदा कर रहा है।
-
April 16, 2026 10:41 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरानियों ने जारी किया पोस्ट, नेतन्याहू को बना दिया हिटलर
ईरानी लोगों ने एक पोस्टर जारी किया है, इसमें उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेत्याहू को हिटलर की तरह पेश किया है।
-
April 16, 2026 10:28 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
दक्षिणी लेबनान के बिंत जबील में हिज़्बुल्लाह और इज़रायली सेनाओं के बीच में जंग तेज
दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह और इज़रायली सेनाओं के बीच बिन्त जबील में भीषण लड़ाई की खबरें हैं। इजरायली सेना द्वारा तेबनीन पर किए गए हमलों से एक स्थानीय अस्पताल को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
-
April 16, 2026 10:18 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
हिजबुल्लाह आतंकियों ने ली आईडीएफ की चुटकी, तोपखाने से फायर कर किया कटाक्ष
हिज़्बुल्लाह ने किरयात शमोना में तोपखाने को लोड करने और दागने का फुटेज जारी किया है, क्योंकि आईडीएफ दक्षिणी लेबनान में और आगे बढ़ रही है। इस दौरान हिजबुल्लाह आतंकियों ने आईडीएफ पर कटाक्ष किया है। इसमें कहा है कि 'चिंता मत करो, कुछ लोग आसानी से विचलित नहीं होते।'
-
April 16, 2026 10:12 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान के प्रोफेसर का दावा, जेडी वेंस इस्लामाबाद में शांति वार्ता के दौरान नेतन्याहू को दे रहे थे हर अपडेट
ईरान के प्रोफेसर एसएम मरांडी ने आरोप लगाय है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ईरान के साथ इस्लामाबाद में चल रही बातचीत के दौरान नियमित रूप से इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू को रिपोर्ट कर रहे थे। उन्होंने इसे "शॉकिंग" और प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया। मरांडी ने कहा कि हर अमेरिकी को इस बात पर आपत्ति होनी चाहिए।
-
April 16, 2026 10:04 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सेना के समर्थन में उतरा ईरानी देशभक्तों को विशाल जनसैलाब
ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) और अपने देश के समर्थन में ईरानियों का विशाल जनसमूह सड़कों पर है। लोग अपने देश और सेना के समर्थन में रैलियां निकाल रहे हैं।
-
April 16, 2026 9:03 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
लेबनान पर इजरायली हमले में 4 लोगों की मौत
इजरायली सेना ने बुधवार को लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाते हुए लगातार 3 लक्षित हमले किए। इसमें कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई। हमले में मारे गए लोग बचाव कर्मी बताए जा रहे हैं। दक्षिणी लेबनान के गांव मेफादौन (नबातियेह के पास) पर हुए इन हमलों में पहले घायल नागरिकों की मदद के लिए पहुंची मेडिकल टीम पर हमला किया गया, फिर उनके घायल साथियों की मदद करने पहुंची दूसरी टीम पर हमला हुआ, और अंत में पहले दो टीमों की मदद के लिए पहुंची तीसरी टीम को भी निशाना बनाया गया।
-
April 16, 2026 8:48 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
चीन ने ईरान से होर्मुज में जहाजों की आवाजाही सामान्य बनाने का आग्रह किया
चीन के विदेश मंत्री ने होर्मुज जलडमरूमध्य में 'सामान्य नौवहन' बहाल करने के लिए ईरान से आग्रह किया है। ताकि वैश्विक स्तर पर बढ़ रहे ऊर्जा संकट को कम किया जा सके।
-
April 16, 2026 8:06 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
चीन अब ईरान को नहीं भेजेगा हथियारः ट्रंप का दावा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि चीन अब ट्रंप को हथियार नहीं भेजेगा। ट्रंप ने यह दावा अपने बीजिंग दौरे से करीब एक महीने पहले किया है। वह 14, 15 मई तक दो दिवसीय बीजिंग दौरे पर जाने वाले हैं।
-
April 16, 2026 7:08 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
बच्चों को मारना अच्छा लगता है, मैंने गाजा में कई बच्चे मारे: IDF सैनिक का दावा
गाजा बच्चों की मौत को लेकर एक इजरायी सैनिक द्वारा किए गए अजीबोगरीब दावे का वीडियो वायरल हो रहा है। इसे आरटी ने एक्स पर शेयर किया है। इसमें एक आईडीएफ सैनिक कह रहा है कि उसे बच्चों को मारना पसंद है और उसने गाजा में कई बच्चों की हत्या की।
-
April 16, 2026 7:02 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और पाक पीएम शहबाज शरीफ ने ईरान-अमेरिका वार्ता पर जेद्दा में की चर्चा
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और पाक पीएम शहबाज शरीफ ने ईरान-अमेरिका वार्ता को लेकर जेद्दा में की चर्चा की है। शहबाज शरीफ ने इससे पहले गत 11 अप्रैल को इस्लामाबाद में हुई ईरान-अमेरिका शांति वार्ता के फेल होने के बारे में पूरी जानकारी दी है। शहबाज शरीफ सऊदी, ओमान और कतर के दौरे पर हैं।
-
April 16, 2026 6:57 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने दी अमेरिकी जहाजों को होर्मुज में डुबोने की धमकी
ईरानी बंदरगाहों पर बढ़ती अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी और समुद्री तनाव के बीच तेहरान ने वाशिंगटन को बड़ी धमकी दी है। एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार एक ईरानी सैन्य सलाहकार ने चेतावनी दी है कि यदि वाशिंगटन जलमार्ग की "निगरानी" करने के लिए कदम उठाता है तो ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी जहाजों को डुबो सकता है।
-
April 16, 2026 6:33 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिकी हमले की आशंकाओं के बीच ईरान में पटरी पर लौटी जिंदगी, देखें VIDEO
ईरान-अमेरिका में शांति वार्ता का पहला दौर भले विफल हो गया हो, लेकिन तेहरान में धीरे-धीरे लोगों का सामान्य जीवन पटरी पर लौटने लगा है। तेहरान में सुबह-सुबह ईरानी लोग सड़कों पर वॉकिंग करते देखे गए। हालांकि ईरान पर अभी भी अमेरिका और इजरायल के हमले का खतरा बरकरार है।