Israel US Iran War Updates LIVE: इजरायल ने ईरानी इमाम हुसैन डिवीजन के एक वरिष्ठ कमांडर अली मुस्लिम तबाजा को किया ढेर
Israel US Iran War Updates: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग भयावह होती जा रही है। दोनों ही ओर से लगातार घातक हमले किए जा रहे हैं। इजरायल ने ईरानी इमाम हुसैन डिवीजन के एक वरिष्ठ कमांडर अली मुस्लिम तबाजा को ढेर कर दिया।

Israel US Iran War Update LIVE: इजरायल ने ईरानी इमाम हुसैन डिवीजन के एक वरिष्ठ कमांडर अली मुस्लिम तबाजा को एक हमले में ढेर कर दिया है। आईडीएफ ने एक्स पर यह सूचना जारी किया है। आईडीएफ के अनुसार ईरानी इमाम हुसैन डिवीजन के एक वरिष्ठ कमांडर अली मुस्लिम तबाजा को ढेर कर दिया है। तबाजा ने हिज़्बुल्लाह और डिवीजन दोनों में कई सैन्य भूमिकाएँ निभाईं थीं। बता दें कि इमाम हुसैन डिवीजन एक सैन्य बल है, जिसका उपयोग ईरानी कुद्स फोर्स द्वारा ईरानी धुरी को मजबूत करने और आईडीएफ और इजरायली नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए किया जाता है। मगर अब उसे मार दिया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर ईरान के सिक्योरिटी हेड अली लरिजानी ने बड़ा तंज कसा है, उन्होंने एक्स पर लिखा, "ट्रम्प ने कहा है, "हम एक घंटे के भीतर ईरान की बिजली आपूर्ति क्षमता को नष्ट कर सकते हैं, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया है।" खैर, अगर वे ऐसा करते हैं, तो आधे घंटे से भी कम समय में पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाएगा और अंधेरा अमेरिकी सैनिकों को जान बचाने के लिए भागने का भरपूर मौका देगा।" ट्रंप ने दुनिया को सबसे बड़ा तेल उत्पादक बताते कहा कि कीमतें बढ़ने से वह अधिक पैसा कमाते हैं, लेकिन राष्ट्रपति के रूप में मेरे लिए कहीं अधिक रुचि और महत्व का विषय यह है कि एक बुरे साम्राज्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका जाए, जो मध्य पूर्व को और वास्तव में पूरी दुनिया को नष्ट कर सकता है।"
भीषण हुई जंग
ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रही जंग अब अपने 13वें दिन में प्रवेश कर गई है। जंग की वजह से ईरान में कम से कम 1,255 लोग मारे गए हैं और 12,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ईरान ने अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों के जवाब में खाड़ी देशों यूएई, बहरीन, कुवैत, कतर और सऊदी अरब पर सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दागे हैं। इन हमलों में नागरिक और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया है। हमलों में कई लोगों की मौत भी हुई है। जंग की वजह से पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। मिडिल-ईस्ट युद्ध के कारण दुनिया के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा तेल संकट पैदा हो गया है।
ईरानी संसद के अध्यक्ष ने कहा है कि अगर ईरान के द्वीपों पर किसी तरह का हमला हुआ तो पूरी फारस की खाड़ी हमलावरों के खून से लथपथ हो जाएगी। इधर संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि ईरान में युद्ध के चलते कम से कम 32 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई कुछ ही देर में अपना पहला संदेश जारी करेंगे।
जंग 28 फरवरी 2026 से तब शुरू हुई थी जब अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए थे। अमेरिका और इजरायल का मकसद ईरान के परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को नष्ट करना है।
फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। अमेरिका और इजरायल ने ईरान के सैन्य ठिकानों, मिसाइल उत्पादन सुविधाओं, IRGC मुख्यालयों और यहां तक कि तेल भंडारण स्थलों पर लगातार हमले किए हैं। ईरान जवाब में इजरायल, अमेरिकी ठिकानों और खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है। अमेरिका-इजरायल और ईरान से जुड़ी घटनाओं पर ताजा अपडेट्स जानने के लिए आप इंडिया टीवी की डिजिटल टीम के साथ जुड़े रहें।
Live updates : Israel US Iran War Updates LIVE: ईरान खाड़ी देशों पर कर रहा ताबड़तोड़ हमले
-
March 13, 2026 8:07 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इराक में दुर्घटनाग्रस्त हुए अमेरिकी KC-135 विमान के चालक दल के सभी 6 सदस्यों की मौत
पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त हुए अमेरिकी KC-135 ईंधन भरने वाले विमान में सवार चालक दल के सभी 6 सदस्यों की मौत की पुष्टि हो गई है। यह विमान 12 मार्च को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान मित्र देशों के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। हालांकि, विमान का दुर्घटनाग्रस्त होना न तो शत्रुतापूर्ण गोलीबारी के कारण हुआ और न ही मित्र देशों की गोलीबारी के कारण हुआ। मृतकों की पहचान उनके परिजनों को सूचित किए जाने के 24 घंटे बाद तक गुप्त रखी जा रही है।
-
March 13, 2026 7:32 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
फ्रांस और इटली भी ईरान से स्टेट ऑफ होर्मुज में मांग रहे जहाजों के लिए रास्ता
फ्रांस और इटली भी अब स्टेट ऑफ होर्मुज में जहाजों के लिए रास्ता मांग रहे हैं। इसके लिए दोनों देशों ने ईरान से वार्ता शुरू कर दी है।
-
March 13, 2026 7:28 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायली सेना ने साउथ लेबनान में किया बड़ा हमला
इजरायली सेना ने दक्षिण लेबनान में बड़ा हवाई हमला किया है। हमले के बाद बिल्डिंग से काला धुआं उठते दिख रहा है।
-
March 13, 2026 7:26 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
UAE ने मार गिराया ईरान की 7 बैलिस्टिक मिसाइलें और 27 ड्रोन
संयुक्त अरब अमीरात की वायु रक्षा प्रणाली ने 7 बैलिस्टिक मिसाइलों और 27 यूएवी को मार गिराया है। 13 मार्च को संयुक्त अरब अमीरात की वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान से दागी गई 7 बैलिस्टिक मिसाइलों और 27 यूएवी को नाकाम कर दिया। यूएई की प्रेस रिलीज में कहा गया कि ईरान की इस घोर आक्रामकता की शुरुआत से लेकर अब तक, संयुक्त अरब अमीरात की वायु रक्षा प्रणाली ने 285 बैलिस्टिक मिसाइलों, 15 क्रूज मिसाइलों और 1,567 यूएवी को नाकाम किया है।
ईरान के हमले में 6 नागरिकों की मौत
ईरान के इन हमलों में 6 अमीराती, पाकिस्तानी, नेपाली और बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हुई है, जबकि संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र, सूडान, इथियोपिया, फिलीपींस, पाकिस्तान, ईरान, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, अजरबैजान, यमन, युगांडा, इरिट्रिया, लेबनान, अफगानिस्तान, बहरीन, कोमोरोस, तुर्की, इराक, नेपाल, नाइजीरिया, ओमान, जॉर्डन, फिलिस्तीन, घाना, इंडोनेशिया और स्वीडन के 141 नागरिक मामूली से मध्यम रूप से घायल हुए हैं।
-
March 13, 2026 7:21 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
मिसाइल हमलों के बीच बंकर में डांस पार्टी कर रहे इजरायली, देखें VIDEO
इजरायल पर ईरानी मिसाइलों का कहर जारी है। ईरान ने तेल-अवीव समेत इजरायल के सभी प्रमुख शहरों को निशाना बनाया है। बावजूद इजरायली बंकर में डांस पार्टी करते देखे जा रहे हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।
-
March 13, 2026 7:18 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
उत्तरी इजरायल पर कहर बनकर टूटी ईरानी मिसाइल, 60 लोग घायल
ईरान ने उत्तरी इजरायल पर बड़ा मिसाइल हमला किया है। इसमें कम से कम 60 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
-
March 13, 2026 7:04 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
कुद्स दिवस में पेजेश्कियन के साथ शामिल हुए विदेश मंत्री अराघची
अंतर्राष्ट्रीय कुद्स दिवस के अवसर पर ईरान के सशक्त और दृढ़ निश्चयी लोगों के साथ उपस्थित होकर मुझे गर्व और सम्मान का अनुभव हुआ। ईरानी हमेशा दृढ़ रहेंगे और कायरतापूर्ण हमलों के आगे कभी नहीं झुकेंगे। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते लिखा, आज तेहरान पर हुए बम हमले के बाद प्रदर्शनकारियों की प्रतिक्रिया हमलावरों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है।
-
March 13, 2026 6:36 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
हेगसेथ ने तेहरान पर बोला हमला, कहा-ईरान के पास न तो कोई एयर डिफेंस सिस्टम और न ही एयरफोर्स
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान के पास कोई हवाई रक्षा प्रणाली नहीं है, कोई वायुसेना नहीं है, कोई नौसेना नहीं है, उनकी मिसाइलों की संख्या 90% कम हो गई है। वे होर्मुज जलडमरूमध्य में हताश हैं। हेगसेथ ने कहा, 'हम उनकी सभी महत्वपूर्ण सैन्य क्षमताओं को पराजित करने, नष्ट करने और निष्क्रिय करने की योजना पर काम कर रहे हैं, ऐसी गति से जो दुनिया ने पहले कभी नहीं देखी होगी'
-
March 13, 2026 5:59 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पीट हेगसेथ ने कहा-ईरान को ऐसी सजा देंगे की दुनिया देखेगी
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को तबाह कर देने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान को ऐसी सजा देगा कि दुनिया देखेगी।
-
March 13, 2026 5:58 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ ने ईरान को कहा दुष्ट शासन वाला राज्य
अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ ने ईरान को दुष्ट शासन वाला राज्य बताया है। हेगसेथ ने कहा कि आईआरजीसी और ईरानी शासन को विमानों के किनारों पर केवल दो ही चीज़ें दिखाई देती हैं-अमेरिकी झंडा और डेविड का तारा। उन्होंने कहा कि यह दुष्ट शासन का सबसे बुरा सपना है।
-
March 13, 2026 5:23 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने स्टेट ऑफ होर्मुज से तुर्की के जहाज को दी जाने की इजाजत
तुर्की के मंत्री ने दावा किया है कि ईरान ने स्टेट ऑफ होर्मुज से तुर्की के झंडे वाली जहाज को निकलने की अनुमति दे दी। इसके बाद वह जहाज होर्मुज से सुरक्षित पहुंच गया।
-
March 13, 2026 5:14 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पूर्वी तेहरान पर इजरायल का बहुत बड़ा हमला, मची तबाही
इजरायली सेना ने पूर्वी तेहरान पर बड़ा मिसाइल हमला किया है। इसमें कई बिल्डिंगो के परखच्चे उड़ गए हैं। बड़ी संख्या में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
-
March 13, 2026 4:33 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने इजरायल के खिलाफ हमलों की नई श्रृंखला शुरू की, जारी किया VIDEO
ईरान ने इजरायल के खिलाफ हमलों की एक नई श्रृंखला शुरू की है। इसका वीडियो भी जारी किया है। ईरान ने अपने पूर्व सुप्रीम लीडर सैय्यद अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद लगातार इजरायल और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। इससे मिडिल-ईस्ट में भीषण जंग छिड़ गई है।
-
March 13, 2026 4:30 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-इजरायल युद्ध में 3 भारतीय नाविकों की मौत
भारतीय विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इजरायल-ईरान युद्ध में अब तक 3 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है।
-
March 13, 2026 4:25 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरानियों ने फहराया अमेरिका-इजरायल की बमबारी में मारी गई महिला के खून से सना झंडा
ईरानियों ने अमेरिका-इजरायल की बमबारी में मारी गई महिला के खून से सना झंडा फहराया। साथ ही ईरानियों ने बदला लेने के नारे लगाए। कुद्स दिवस मार्च पर अमेरिका-इजरायल बमबारी में कथित तौर पर मारी गई महिला के खून से सना झंडा भीड़ के ऊपर फहराया गया।
-
March 13, 2026 3:49 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान की राजधानी तेहरान के स्वायर पर बहुत बड़ा हमला
ईरानी राज्य टेलीविजन ने रिपोर्ट किया कि शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान के स्क्वायर पर बड़ा हमला हुआ। हालांकि इसका कारण तुरंत ज्ञात नहीं हुआ। विस्फोट से ठीक पहले इज़रायल ने चेतावनी दी थी कि वह इस क्षेत्र में हमला कर सकता है। वार्षिक कुद्स डे कार्यक्रम के लिए रैलियां शुरू होने से ठीक पहले तेहरान के आसपास तीव्र हवाई हमले शुरू हो गए थे, जो फिलिस्तीनियों के समर्थन में आयोजित किया जाता है। हमलों के बावजूद, हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और "इज़राइल मुर्दाबाद" तथा "अमेरिका मुर्दाबाद" के नारे लगा रहे थे।
-
March 13, 2026 3:42 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
तेहरान के स्क्वायर में भीषण हमले के बाद वीडियो में दिखा तबाही का नजारा
इजरायल और अमेरिका ने तेहरान के उस स्क्वायर पर हमला किया है, जहां प्रदर्शनकारी इस हमले के विरोध में एकजुट हुए थे।
-
March 12, 2026 10:58 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल ने फिर लगाया ईरान पर क्लस्टर बमों से हमले का आरोप
इजरायल ने ईरान पर फिर क्लस्टर बमों से हमले का आरोप लगाया है। इजरायल का कहना है कि नागरिक इलाकों में ईरान क्लस्टर बम गिरा रहा है।
-
March 12, 2026 10:34 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ट्रंप ने ईरान की फुटबाल टीम को दी चेतावनी, कहा-"वर्ल्ड कप में भाग लिया तो जान पड़ेगी खतरे में"
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान की फुटबॉल टीम को चेतावनी दी है कि उत्तरी अमेरिका में होने वाले विश्व कप में भाग लेने पर उनकी "जान और सुरक्षा" खतरे में पड़ जाएगी। महज दो दिन पहले ही फीफा प्रमुख जियानी इन्फेंटिनो ने कहा था कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के बावजूद ईरानी खिलाड़ियों का स्वागत किया जाएगा।
-
March 12, 2026 10:26 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के 12 दिनों में अमेरिका ने क्या-क्या किया, यहां देखें पूरी लिस्ट
ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के 12 दिनों में अमेरिका ने ईरान को कितना नुकसान पहुंचाया, इसका पूरा ब्यौरा अमेरिकी सेंटकाम ने जारी किया है।
-
March 12, 2026 10:13 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल ने सेंट्रल बेरूत पर किया बड़ा हमला, ऊंची इमारतों से निकल रहा धुआं
इजरायल ने केंद्रीय बेरूत पर बहुत बड़ा हवाई हमला किया है। ये हमले हिजबुल्लाह को निशाना बनाकर किया गया। हमले के बाद बिल्डिंग से काला धुआं उठता दिखता।
-
March 12, 2026 9:10 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान के कराज तेल डिपो पर इजरायल-अमेरिका के हमले से मची तबाही
ईरान के प्रेस टीवी के अनुसार कराज में एक तेल डिपो पर अमेरिकी-इजरायली हमले के बाद की स्थिति का प्रत्यक्ष विवरण दिया है, जिसमें आसपास के घर और स्कूल जलकर राख हो गए थे। इसका फुटेज सामने आया है।
-
March 12, 2026 9:03 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका के यूएसएस गेराल्ड एयरक्राफ्ट कैरियर के पास हुआ बड़ा मिसाइल हमला
अमेरिका के यूएसएस गेराल्ड एयरक्राफ्ट कैरियर के पास हुआ बड़ा मिसाइल हमला हुआ है। हालांकि इस हमले से एयरक्राफ्ट को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
-
March 12, 2026 8:46 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान की हाइपरसोनिक मिसाइल ने यूएसएस अब्राहम लिंकन के पास किया हमला
खबरों के मुताबिक ईरान की एक हाइपरसोनिक मिसाइल ने यूएसएस अब्राहम लिंकन (सीवीएन-72) युद्धपोत समूह के पास बंदरगाह के नजदीक हमला किया, जिससे अमेरिकी उपग्रह रडार रक्षा प्रणाली नष्ट हो गई।
-
March 12, 2026 8:40 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका अब मिडिल-ईस्ट में तैनात करेगा थाड मिसाइल रक्षा प्रणाली
ईरान से जंग के बीच अमेरिका दक्षिण कोरिया से थाड मिसाइल रक्षा प्रणाली के इंटरसेप्टर को मध्य पूर्व में स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, इंटरसेप्टर को पहले ही सियोंग्जू काउंटी स्थित बेस से ओसान एयर बेस में स्थानांतरित कर दिया गया है, जो संभवतः क्षेत्र में उनकी तैनाती की तैयारी है। सियोल के अधिकारियों ने कहा है कि इन रक्षा प्रणालियों को हटाने से देश की मिसाइल रक्षा कमजोर हो सकती है, लेकिन दक्षिण कोरिया अमेरिकी निर्णय को पूरी तरह से प्रभावित नहीं कर सकता।
-
March 12, 2026 8:29 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने इस खतरनाक मिसाइल के साथ शेयर किया फोटो, कहा-"बड़ी खबर जल्द आने वाली है"
ईरान ने एक खतरनाक मिसाइल की तस्वीर एक्स पर साझा की है। इसमें लिखा है कि बड़ी खबर आने वाली है।
-
March 12, 2026 8:23 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
मिडिल-ईस्ट की जंग में फंसे 700 भारतीय कतर से दिल्ली और मुंबई पहुंचे
आज कतर एयरवेज की दो उड़ानों से लगभग 700 भारतीय नागरिक भारत के लिए रवाना हुए। इनमें से एक उड़ान दिल्ली और एक मुंबई के लिए थी, जबकि अन्य उड़ानें अन्य गंतव्यों के लिए थीं। आने वाले दिनों में कतर एयरवेज की प्रतिदिन एक-दो उड़ानें भारत के लिए अपेक्षित हैं। कतर से बाहर यात्रा करने के इच्छुक भारतीय नागरिकों के पास कतर एयरवेज द्वारा संचालित सीमित संख्या में उड़ानों का लाभ उठाने या वैध सऊदी वीजा होने पर सलवा सीमा के रास्ते सऊदी अरब जाने का विकल्प उपलब्ध है।
-
March 12, 2026 8:21 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
मुज्तबा खामेनेई के पहले बयान के बाद ईरान ने मिसाइलों की 42वीं श्रृंखला दागी
ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता के पहले बयान के साथ ही मिसाइलों की 42वीं लहर दागी है। ईरान ने लिखा, "लब्बैक ('आपकी सेवा में')>तेल अवीव के केंद्र और अमेरिकी आतंकवादी सेना के ठिकानों पर विनाशकारी मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया गया।'
-
March 12, 2026 7:51 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने येरूशलम पर दागी मिसाइलें, अल-अक्सा मस्जिद भी निशाने पर
इजरायल ने लिखा है कि ईरानी शासन यरूशलेम, इज़रायल की राजधानी पर मिसाइलें दाग रहा है। इनमें से एक मिसाइल पुराने शहर के कुछ सौ मीटर दूर गिरी, जहां वेस्टर्न वॉल, अल-अक्सा मस्जिद और चर्च ऑफ द होली सेपुल्कर स्थित हैं। जीवनों और उपासकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कारण सभी पवित्र स्थलों पर प्रार्थना अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है।
-
March 12, 2026 6:37 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
विश्व धरोहरों पर इजरायली बमबारी से भड़का ईरान, अब्बास अराघची ने कहा-यूनेस्को कहां है?
विश्व धरोहरों पर इजरायली बमबारी से ईरान भड़क उठा है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा-यूनेस्को कहां है? उन्होंने एक्स पर लिखा, "इजराइल ईरान के 14वीं शताब्दी तक के ऐतिहासिक स्मारकों पर बमबारी कर रहा है। यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों पर हमले हो चुके हैं।यह स्वाभाविक है कि एक ऐसा शासन जो एक सदी भी नहीं टिकेगा, प्राचीन इतिहास वाले देशों से नफरत करेगा। लेकिन यूनेस्को कहाँ है? उसकी चुप्पी अस्वीकार्य है।"
-
March 12, 2026 5:21 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
IRGC की मिसाइल इकाई के कमांडर अबू धार मोहम्मद को मार गिराया, IDF ने किया दावा
आईडीएफ ने दावा किया है कि बेरूत में हिज़्बुल्लाह के भीतर इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की मिसाइल इकाई के ऑपरेशंस कमांडर अबू धर्र मोहम्मदी को मार गिराया है। इज़रायल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने घोषणा की है कि उन्हें इस सप्ताह मंगलवार को एक हमले में समाप्त कर दिया गया। मोहम्मदी हिज़्बुल्लाह और ईरान के बीच सैन्य समन्वय में एक केंद्रीय व्यक्ति था। आईडीएफ ने कहा कि वह हिज़्बुल्लाह और ईरानी उच्च अधिकारियों के बीच समन्वय और संपर्क स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। विशेष रूप से उसने ऑपरेशन नॉर्दर्न एरोज़ के बाद हिज़्बुल्लाह के मिसाइल कार्यक्रम को पुनर्निर्मित करने में प्रमुख भूमिका निभाई।
वह हिज़्बुल्लाह के रणनीतिक हथियारों के विशेषज्ञ थे और मिसाइल विभाग की योजना तथा ऑपरेशनल प्रक्रियाओं का नेतृत्व करते थे। उसने ऑपरेशन नॉर्दर्न एरोज़ और रोरिंग लायन के दौरान इज़राइल की ओर मिसाइल लॉन्च की योजना में भी योगदान दिया। यह हमला IDF की उस नीति का हिस्सा है, जिसमें हिज़्बुल्लाह को ईरानी शासन की ओर से इज़राइल पर हमले के लिए इस्तेमाल करने के फैसले के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जा रही है। IDF ने स्पष्ट किया है कि इज़रायल के निवासियों को कोई नुकसान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-
March 12, 2026 5:06 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
बहरीन में तेल टैंकरों पर ईरान ने किया भीषण हमला, लगी आग
बहरीन में ईंधन टैंकों पर हमले के बाद भीषण आगबहरीन में ईंधन टैंकों पर ईरानी हमले के कारण भीषण आग लग गई है, जिसके चलते आसपास के निवासियों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। ईरान ने अमेरिका और इज़रायल के हमलों के बदले में वैश्विक ऊर्जा बाजारों को बाधित करने के उद्देश्य से अभियान जारी रखा है, और खाड़ी के ऊर्जा लक्ष्यों पर हमलों की नई लहर शुरू की है।
-
March 12, 2026 4:59 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान संकट पर भारत ने पाक को लताड़ा, MEA ने कहा-अपने कुकर्मों का दूसरे पर दोषारोपण करना पाकिस्तान की प्रवृत्ति
ईरान संकट और मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के कारण पूरे देश में तेल और गैस की किल्लत हो रही है। इस दौरान प्रेस वार्ता करते वक्त एमईई ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। पाकिस्तान पर MEA प्रवक्ता रंधीर जयसवाल ने कहा,
"हम ऐसी निराधार आरोपों को खारिज करते हैं। पाकिस्तान के लिए भारत पर अपने कुकर्मों का दोषारोपण करना दूसरी प्रकृति बन चुकी है। दशकों से आतंकवाद का राज्य प्रायोजक होने के नाते, पाकिस्तान का सीमा-पार आतंकवाद के मामले में शून्य विश्वसनीयता है। कोई भी कहानी कहने से यह हकीकत नहीं बदलेगी, न ही पाकिस्तान का दिखावा पीड़ित होने का कोई धोखा दे पाएगा।" -
March 12, 2026 4:50 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका कर रहा ईरानी सैन्य क्षमताओं की रीढ़ पर हमले
अमेरिकी सेंटकॉम ने एक वीडियो जारी कर कहा, "हम ईरान की उस क्षमता को खत्म कर रहे हैं जिसके द्वारा वह घातक और सटीक हमलों के जरिए अमेरिकी सेनाओं और क्षेत्रीय सहयोगियों को नुकसान और धमकी दे सकता है।"
-
March 12, 2026 4:38 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
मिडिल-ईस्ट में जंग से तेल और गैस संकट पर भारत सरकार का जवाब, "हमारे पास पर्याप्त ईंधन"
मिडिल-ईस्ट में छिड़ी जंग के चलते तेल और गैस की किल्लतों पर भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आधिकारिक बयान सामने आया है। उन्होंने पार्लियामेंट में कहा कि भारत के पास पर्याप्त तेल और गैस का भंडार उपलब्ध है। कनाडा, नार्वे और ऑस्ट्रेलिया जैसै देशों से गैस यहां पहुंच रही है।
-
March 12, 2026 3:51 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल के एयर फोर्स बेस और शिन बेट सुरक्षा सेवा हेड क्वार्टर पर ईरान ने किया बड़ा हमला
ईरान ने इजरायल के पल्माचिम और उवदा वायु सेना अड्डों और शिन बेट सुरक्षा सेवा मुख्यालय पर बड़े हमले किए हैं। ईरानी सेना ने इस हमले का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें इजरायल को हुई तबाही को साफ देखा जा सकता है।
-
March 12, 2026 3:46 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
तेल-अवीव पर कहर बन कर टूटी ईरानी मिसाइलें, देखें VIDEO
ईरान ने इजरायल की राजधानी तेल-अवीव पर बड़ा हमला किया है। ईरानी मिसाइलें तेल-अवीव में कहर बरपा रही हैं।
-
March 12, 2026 3:42 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पाकिस्तान में स्थायी रूप से अपना वाणिज्य दूतावास बंद करेगा अमेरिका
अमेरिका अफगानिस्तान के सबसे नज़दीकी और पाकिस्तान के पेशावर में स्थित अपना वाणिज्य दूतावास स्थायी रूप से बंद कर देगा। अमेरिकी विदेश विभाग का कहना है कि इस कदम से प्रति वर्ष लगभग 75 लाख डॉलर की बचत होगी और सेवाएं इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास में स्थानांतरित कर दी जाएंगी। इसे बंद करना ट्रंप प्रशासन द्वारा विदेश विभाग के आकार में कटौती का हिस्सा है और पुनर्गठन के तहत पूरी तरह से बंद होने वाला यह पहला विदेशी राजनयिक मिशन है।
-
March 12, 2026 3:37 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
UAE और कुवैत में 3 ईरान ने अमेरिका के 3 रणनीतिक ठिकानों को उड़ाया
खबरों के मुताबिक, ईरान ने हाल ही में अमेरिका और इजरायल द्वारा तेहरान की तेल सुविधाओं पर किए गए हमले के जवाब में संयुक्त अरब अमीरात और कुवैत में तीन रणनीतिक ठिकानों पर हमला किया है।
-
March 12, 2026 1:57 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान ने इजरायल पर दागे ड्रोन
ईरान का कहना है कि उसने शिन बेट हेडक्वार्टर और इजरायली एयरबेस पर ड्रोन से हमला किया है। ईरान की सेना का कहना है कि उसने इजरायल के 2 एयरबेस और तेल अवीव में शिन बेट हेडक्वार्टर पर ड्रोन से हमला किया है। IRNA ने बताया कि हमलों में भूमध्य सागर के तट पर यावने शहर के पश्चिम में पालमाचिम एयरबेस और दक्षिणी इजरायल में ओवडा एयरबेस को निशाना बनाया गया।
-
March 12, 2026 1:15 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान ने दागी हैं मिसाइलें
इजरायल की मिलिट्री का कहना है कि उसने ईरान से दागी गई मिसाइलों का पता लगाया है जो इजरायली इलाके की ओर आ रही हैं। उसका कहना है कि उसके एयर डिफेंस मिसाइलों को रोकने के लिए काम कर रहे हैं, और प्रभावित इलाकों में लोगों को मोबाइल फोन अलर्ट मिले हैं।
-
March 12, 2026 1:06 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायल में पिछले 24 घंटों में 179 लोग हुए घायल
इजरायल की हेल्थ मिनिस्ट्री का कहना है कि पिछले 24 घंटों में 179 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से ज्यादातर की हालत खतरे से बाहर है। जंग शुरू होने के बाद से इजरायल में घायल हुए लोगों की कुल संख्या 2,745 हो गई है।
-
March 12, 2026 12:49 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान के अराक में हमला, 7 घायल
मेहर न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के अराक प्रांत के एक इंडस्ट्रियल शहर पर हुए हमले में 7 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने कहा कि हमले में 6 प्रोडक्शन यूनिट को नुकसान पहुंचा है। अराक एक इंडस्ट्रियल शहर है, जहां एक न्यूक्लियर कॉम्प्लेक्स भी है, जो पहले भी इजरायली हमलों में निशाना बन चुका है।
-
March 12, 2026 12:11 PM (IST) Posted by Amit Mishra
होर्मुज स्ट्रेट से गुजर सकेंगे भारतीय जहाज
ईरान ने भारत के झंडे वाले टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की इजाजत दे दी है। सूत्रों के अनुसार भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच बातचीत के बाद यह सहमति बनी है।
-
March 12, 2026 12:00 PM (IST) Posted by Amit Mishra
कितने लोग मारे गए?
- ईरान: कम से कम 1,255 लोग मारे गए और 12,000 से अधिक घायल हुए।
- इजरायल: 14 लोग मारे गए।
- लेबनान: 634 लोग मारे गए, 1,500 से ज्यादा घायल।
- अमेरिका: 7 US सर्विस मेंबर मारे गए।
- कुवैत: 6 लोग मारे गए, 2 सैनिक, 2 बॉर्डर गार्ड और 2 आम नागरिक, जिसमें एक 11 साल की लड़की भी शामिल है।
- UAE: 6 लोग मारे गए, 4 आम नागरिक और 2 मिलिट्री वाले।
- सऊदी अरब: 2 आम नागरिक मारे गए।
- बहरीन: 2 लोग मारे गए।
- ओमान: समुद्र में एक नाविक मारा गया।
- कतर: 16 घायल।
- इराक: 26 लोग मारे गए, जिसमें ईरान के समर्थक हथियारबंद ग्रुप के 21 लड़ाके, कम से कम 3 ईरानी कुर्दिश लड़ाके, एरबिल एयरपोर्ट पर एक एयरपोर्ट गार्ड और बगदाद के पास एक आम नागरिक शामिल हैं।
-
March 12, 2026 11:20 AM (IST) Posted by Amit Mishra
तेहरान के इंडस्ट्रियल एरिया पर हुआ हमला
मेहर न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान से लगभग 27 किलोमीटर (17 मील) दक्षिण-पश्चिम में रबात करीम में एक इंडस्ट्रियल एरिया पर अमेरिका और इजरायली का संयुक्त हमला हुआ है। शहर के डिप्टी गवर्नर ने कहा कि एक खाली गोदाम भी उन टारगेट में से एक था जिन पर हमला किया गया।
-
March 12, 2026 10:16 AM (IST) Posted by Amit Mishra
हिजबुल्लाह का दावा, इजरायली सैनिकों और ठिकानों पर किया हमला
लेबनान के हथियारबंद ग्रुप हिजबुल्लाह का कहना है कि उसने इजरायली कस्बों और ठिकानों पर कई हमले किए हैं। इनमें उत्तरी या’आरा बैरक पर ड्रोन हमला और बेत लिड बेस, तेल अवीव के पास ग्लिलोट बेस और हाइफा के पास एटलिट बेस पर मिसाइल हमले शामिल हैं। हिजबुल्लाह ने कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर आर्टिलरी भी दागी और इजरायली शहर नाहरिया की ओर ड्रोन और रॉकेट दागे।
-
March 12, 2026 9:26 AM (IST) Posted by Amit Mishra
UAE के पास कंटेनर शिप को बनाया गया निशाना
यूनाइटेड किंगडम की मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस एजेंसी (UKMTO) का कहना है कि UAE में जेबेल अली से करीब 35 नॉटिकल मील उत्तर में एक कंटेनर शिप पर हमला हुआ है। इसमें कहा गया कि कंटेनर शिप पर कोई अनजान चीज गिरी है, जिससे उसमें हल्की आग लग गई। अंधेरे की वजह से नुकसान का पूरा अंदाजा नहीं लग पाया है। सभी क्रू मेंबर सुरक्षित बताए गए हैं। यह घटना खाड़ी में तेल टैंकरों को निशाना बनाने की सबसे नई घटना है।
-
March 12, 2026 9:17 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरानी हमलों के बीच ब्रेंट क्रूड 100 US डॉलर के पार
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक 'ब्रेंट क्रूड' की कीमत बृहस्पतिवार तड़के 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई। इसकी कीमत कुछ दिन पहले भी 120 अमेरिकी डॉलर के करीब पहुंच गई थी। होर्मुज स्ट्रेट के आसपास वाणिज्यिक पोतों पर ईरानी हमलों के कारण आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ने से तेल की कीमत में 9 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई है।
-
March 12, 2026 9:15 AM (IST) Posted by Amit Mishra
कतर से 500 से अधिक भारतीयों को निकाला गया
भारतीय दूतावास ने बताया है कि कतर में फंसे 500 से अधिक भारतीयों को नई दिल्ली और अन्य स्थानों पर पहुंचाया गया है। कतर स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक एडवाइजरी में कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच कतर एयरवेज बृहस्पतिवार को भारत के लिए 2 उड़ानें संचालित करने वाली है।
-
March 12, 2026 9:04 AM (IST) Posted by Amit Mishra
जंग में बच्चे बन रहे निशाना
UNICEF का कहना है कि US, इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष पूरे मिडिल ईस्ट में लाखों बच्चों के लिए बुरी स्थिति पैदा कर रहा है। एक बयान में कहा गया, “28 फरवरी से, हिंसा में 1,100 से ज्यादा बच्चों के घायल होने या मारे जाने की खबर है। इसमें ईरान में मारे गए 200 बच्चे, लेबनान में 91, इजरायल में चार और कुवैत में एक बच्चा शामिल है।” एजेंसी ने चेतावनी दी कि “जैसे-जैसे हिंसा बढ़ेगी और फैलेगी, ये संख्या बढ़ सकती है।”
-
March 12, 2026 7:52 AM (IST) Posted by Amit Mishra
बहरीन ने लोगों को घर के अंदर रहने की दी सलाह
बहरीन के गृह मंत्रालय ने मुहर्रक गवर्नरेट में लगी आग की वजह से हिद, अराद, कलाली और समाहीज के लोगों और नागरिकों से अपने घरों में रहने, खिड़कियां और वेंटिलेशन बंद रखने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा कि यह कदम आग से निकलने वाले धुएं के संभावित असर से बचने के लिए उठाया गया है। बहरीन ने कहा कि वह अपने मुहर्रक गवर्नरेट में फ्यूल टैंकों पर ईरानी हमले का जवाब दे रहा है।
-
March 12, 2026 7:51 AM (IST) Posted by Amit Mishra
बसरा पोर्ट पर हमले के बाद इराक ने बंद किए तेल टर्मिनल
इराकी अधिकारियों ने बताया है कि गुरुवार सुबह इराक के बसरा पोर्ट पर हुए हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है। हालात को देखते हुए अधिकारियों को देश के सभी तेल टर्मिनल पर ऑपरेशन रोक दिए हैं। जनरल कंपनी फॉर पोर्ट्स ऑफ इराक के डायरेक्टर-जनरल फरहान अल-फर्तौसी ने गुरुवार को कहा कि हमला फारस की खाड़ी में बसरा पोर्ट पर एक जहाज से दूसरे जहाज में तेल ट्रांसफर करने वाले जहाज को निशाना बनाकर किया गया था। उन्होंने कहा कि यह अभी साफ नहीं है कि जहाज को उड़ने वाले या समुद्री ड्रोन या मिसाइल से निशाना बनाया गया था।
-
March 12, 2026 7:47 AM (IST) Posted by Amit Mishra
सेंट्रल बेरूत में इजरायली हमलों में 7 लोगों की मौत, 21 घायल
बेरूत में रामलेट अल-बैदा के पास इजरायली हमलों में एक गाड़ी को निशाना बनाया गया। यह बेरूत के बीच का एरिया है जो डाउनटाउन के ठीक दक्षिण में है। इस नए हमले में कम से कम 7 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। पिछले कुछ घंटों में बेरूत के दक्षिणी इलाकों में भी हवाई हमले हुए हैं। हमलों में 21 लोग घायल हुए हैं।
-
March 12, 2026 7:43 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ड्रोन हमले के बाद दुबई क्रीक हार्बर में लगी आग
ईरानी ड्रोन हमले के बाद गुरुवार सुबह दुबई क्रीक हार्बर के एक टावर में लगी आग को फायर फाइटर्स ने बुझा दिया। ड्रोन ने पड़ोस में एड्रेस क्रीक हार्बर 2 टावर को टक्कर मारी थी। अधिकारियों की ओर से जारी की गई एक तस्वीर में बिल्डिंग की 2 यूनिट्स को नुकसान हुआ दिख रहा है।
-
March 12, 2026 7:41 AM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायल और ईरान ने एक-दूसरे पर किए हमले
इजरायल की सेना ने गुरुवार सुबह कहा कि ईरान ने इजरायल की ओर मिसाइलें दागी हैं। गुरुवार सुबह यह दूसरी ऐसी घोषणा थी, जब इजरायल ने कहा कि वह तेहरान को निशाना बनाकर हमले कर रहा है।
-
March 12, 2026 7:37 AM (IST) Posted by Amit Mishra
सऊदी अरब ने ड्रोन हमलों को किया नाकाम
सऊदी रक्षा मंत्रालय ने देश के पूर्वी इलाके में 18 ड्रोन मार गिराने के बाद 3 और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया है। एक्स पर कई पोस्ट में, मंत्रालय ने कुछ ही मिनटों के अंतर पर बताया कि उसने शायबा ऑयल फील्ड की ओर जा रहे 2 ड्रोन को रोका है। उसने यह भी कहा कि उसने पूर्वी इलाके में 2 और ड्रोन मार गिराए।