Israel US Iran War Updates: ट्रंप बोले- 'ईरान के साथ युद्ध जल्द खत्म होगा', सऊदी अरब-कुवैत ने ईरानी ड्रोन रोके
Israel US Iran War Updates: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग भीषण होती जा रही है फिलहाल इसके थमने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों ही ओर से लगातार हमले किए जा रहे हैं।

Israel US Iran War Update: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग अब 17वें दिन में प्रवेश कर गई है। दोनों ओर से ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। इजरायल और अमेरिका ईरान में अंदर घुसकर हवाई हमले कर रहे हैं तो वहीं ईरान भी ड्रोन और मिसाइलों से हमला कर जवाब दे रहा है। इस बीच अमेरिका ने दावा किया है कि उसने ईरानी नेवी पर जोरदार हमला करते हुए माइन्स बिछाने वाली 30 से ज्यादा बोट्स को बर्बाद कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि अब ईरान पानी में माइन नहीं बिछा पाएगा। इसके साथ ही उन्होंने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में कई देशों से अपनी वॉरशिप तैनात करने की अपील की।
जंग के बीच ईरान ने दुबई को टारगेट किया है। दुबई मीडिया ऑफिस का कहना है कि सिविल डिफेंस टीमों ने शहर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास लगी आग पर काबू पा लिया है। आग ड्रोन हमले की वजह से लगी थी। दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा कि वह एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर रहा है। इतना ही नहीं ईरान ने अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों के जवाब में खाड़ी देशों यूएई, बहरीन, कुवैत, कतर और सऊदी अरब पर सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दागे हैं। इन हमलों में नागरिक और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया है।
जंग 28 फरवरी 2026 से तब शुरू हुई थी जब अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए थे। अमेरिका और इजरायल का मकसद ईरान के परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को नष्ट करना है। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से हमले जारी हैं।
Live updates : Israel US Iran War Updates:
-
March 16, 2026 9:55 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सऊदी अरब ने 11 और कुवैत ने 4 ड्रोन रोके
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के एयर डिफेंस ने पिछले कुछ घंटों में अल-खारज प्रांत के ऊपर 11 ड्रोन को रोके हैं। वहीं, कुवैत के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि एयर डिफेंस ने पिछले 24 घंटों में चार ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है।
-
March 16, 2026 8:24 PM (IST) Posted by Shakti Singh
ईरान के साथ युद्ध जल्द खत्म होगा- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध जल्द खत्म होगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान किसी भी तरह की डील करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध के लिए जो कीमत चुकानी पड़ रही है, वह बेहद कम है।
-
March 16, 2026 6:31 PM (IST) Posted by Shakti Singh
यूएई का कहना है कि उसके एयर डिफेंस ने 16 मार्च को ईरान की 6 बैलिस्टिक मिसाइलों और 21 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया। ईरान के खिलाफ अमेरिका-अजरायल का युद्ध शुरू होने के बाद से यूएई ने 304 बैलिस्टिक मिसाइलें 15 क्रूज मिसाइलें 1,627 ड्रोन इंटरसेप्ट किए हैं। इस बीच यूएई के दो सैनिक और पांच आम नागरिक मारे गए हैं, 145 लोग घायल हुए हैं।
-
March 16, 2026 6:01 PM (IST) Posted by Shakti Singh
खाड़ी में हर हमले के लिए हम जिम्मेदार नहीं- ईरान
ईरान का कहना है कि युद्ध शुरू होने के बाद से खाड़ी और बड़े इलाके में हुए सभी हमलों के लिए वह जिम्मेदार नहीं है। इस्माइल बघाई ने अमेरिका और इजरायल पर कुछ हमले करने का आरोप लगाया और विदेशी सरकारों से जांच करने की अपील की।
-
March 16, 2026 3:52 PM (IST) Posted by Shakti Singh
हमें कभी भी अमेरिका पर भरोसा नहीं था-ईरान
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि उन्होंने बातचीत के दौरान अमेरिका पर कभी भरोसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि ईरान ने दिखाया है कि वह बातचीत में शामिल होने से नहीं हिचकिचाता। उन्होंने यह भी साफ किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ईरान पर हमला करने की कोशिश करने वाले किसी भी देश के लिए खुला नहीं होगा।
-
March 16, 2026 3:23 PM (IST) Posted by Shakti Singh
ईरान से निकले 640 भारतीय
विदेश मंत्रायल के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 640 भारतीय ईरान से निकले हैं। ये सभी लोग जमीनी रास्तों से बाहर आए हैं। इनमें से 550 अर्मेनिया गए हैं। वहीं, 90 अजरबैजान पहुंचे हैं। इनमें से 234 धार्मिक यात्रा पर ईरान गए थे।
-
March 16, 2026 1:58 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायल का दावा, खामेनेई के विमान को किया नष्ट
इजरायली सेना का कहना है कि उसकी वायु सेना ने राजधानी तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर एक सटीक हमले में, ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विमान को नष्ट कर दिया है। टेलीग्राम पर जारी अपने बयान में सेना ने कहा, "इस विमान को नष्ट करने से ईरानी शासन के नेतृत्व की, सहयोगी देशों के साथ तालमेल बिठाने की क्षमता, अपनी सैन्य शक्ति बढ़ाने के प्रयासों और अपनी क्षमताओं को फिर से बहाल करने की योग्यता बाधित होती है।"
-
March 16, 2026 1:23 PM (IST) Posted by Amit Mishra
UAE के फुजैराह इंडस्ट्रियल जोन में ड्रोन हमले के बाद लगी आग
संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह में एक ड्रोन हमले के बाद एक इंडस्ट्रियल जोन में आग लग गई है, अमीरात के मीडिया ऑफिस ने यह जानकारी दी है। उन्होंने आगे बताया कि सिविल डिफेंस की टीमें आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं और अब तक किसी के घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
-
March 16, 2026 1:22 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में शुरू किया जमीनी ऑपरेशन
इजरायली सेना का कहना है कि उसकी 91वीं ब्रिगेड ने दक्षिणी लेबनान में अपना जमीनी ऑपरेशन शुरू कर दिया है। एक्स पर एक पोस्ट में, सेना ने कहा कि इस ऑपरेशन का मकसद हिजबुल्लाह के इंफ्रास्ट्रक्चर को तबाह करना, खतरों को हटाना और लेबनान सीमा के पास रहने वाले इजरायली नागरिकों के लिए सुरक्षा की एक और परत बनाना है।
-
March 16, 2026 1:15 PM (IST) Posted by Amit Mishra
कई हफ्ते चलेगा युद्ध
इजरायल के संस्कृति और खेल मंत्री मिकी जोहर ने अपने देश से आने वाले दिनों में तनाव बढ़ने की स्थिति के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल युद्ध बहुत हद तक कई और हफ्ते तक चल सकता है। उन्होंने इजरायल के रेडियो 103FM ब्रॉडकास्टर से कहा, "हम जानते हैं कि आने वाले दिनों में तनाव बढ़ सकता है। पूरे इजरायल को, हम सभी को, आने वाले दिनों में और अधिक तैयार रहने की जरूरत है। इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि यह युद्ध कई और हफ्ते तक चलेगा।"
-
March 16, 2026 1:02 PM (IST) Posted by Amit Mishra
अबू धाबी में मिसाइल हमला, एक की मौत
अबू धाबी में एक मीडिया कार्यालय के अनुसार, अधिकारी अल बहयान इलाके में एक आम नागरिक के वाहन पर मिसाइल गिरने की घटना पर कार्रवाई कर रहे हैं। एक्स पर एक पोस्ट में बताया गया कि इस घटना के परिणामस्वरूप फिलिस्तीनी नागरिकता वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई।
-
March 16, 2026 12:59 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान के मरकजी प्रांत में 5 लोगों की मौत
मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरान के मरकजी प्रांत में अमेरिका और इजरायल की सेनाओं द्वारा किए गए अलग-अलग हमलों में कम से कम 5 लोग मारे गए हैं और 7 अन्य घायल हुए हैं। मरकजी प्रांत के एक अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि पहले हमले में, अराक शहर के आसपास के एक रिहायशी इलाके को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 4 लोग मारे गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि मरने वालों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है। दूसरे हमले में, मरकजी के महल्लात शहर में एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 7 अन्य घायल हो गए।
-
March 16, 2026 11:33 AM (IST) Posted by Amit Mishra
एमिरेट्स एयरलाइंस ‘सीमित शेड्यूल पर चलेगी’
एमिरेट्स एयरलाइंस ने घोषणा की है कि वह आज सुबह 10 बजे (06:00 GMT) के बाद ''सीमित शेड्यूल पर चलेगी।'' यह कदम तब उठाया गया जब दुबई एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया और सभी उड़ानें रोक दी गईं। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि एक ड्रोन ने फ्यूल टैंक से टकराकर उसमें आग लगा दी थी। एमिरेट्स के अपडेट में यह भी कहा गया, “दुर्भाग्य से, आज के शेड्यूल में शामिल कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।”
-
March 16, 2026 10:54 AM (IST) Posted by Amit Mishra
UAE रोक रहा ईरान के अटैक
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणालियां इस समय ईरान की ओर से आ रहे मिसाइल और ड्रोन के खतरों का जवाब दे रही हैं। एक बयान में, मंत्रालय ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में जो आवाजें सुनी गई हैं। मंत्रालय ने तत्काल किसी भी तरह के नुकसान या हताहतों के बारे में और अधिक जानकारी नहीं दी है।
-
March 16, 2026 10:40 AM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायली हवाई हमलों से रेड क्रिसेंट की जगहों को हुआ नुकसान
ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी का कहना है कि तेहरान पर हुए हालिया हवाई हमलों में उसके एक क्लिनिक और एक राहत चौकी को नुकसान पहुंचा है। इस समूह द्वारा ऑनलाइन पोस्ट किए गए फुटेज में फर्श पर टूटे हुए कांच और खराब हो चुके उपकरण बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना शहर में कई धमाकों की खबरों के बाद सामने आई है। 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के हमले शुरू होने के बाद से पूरे ईरान में हुए हमलों से कई अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है।
-
March 16, 2026 10:20 AM (IST) Posted by Amit Mishra
सऊदी अरब ने नष्ट किए कई ड्रोन
सऊदी रक्षा मंत्रालय ने देश के पूर्वी हिस्से में ड्रोन अटैक को रोकने की घोषणा की है। मंत्रालय ने बताया कि ड्रोन की ताजा लहर में 12 ड्रोन नष्ट किए गए, जबकि उससे पहले 6 ड्रोन मार गिराए गए थे। इसके अलावा, 5 अन्य ड्रोन पहले ही रोक लिए गए थे। यह रिपोर्ट तब आई है, जब मंत्रालय ने सुबह के शुरुआती घंटों में 37 ड्रोन रोकने की जानकारी दी थी।
-
March 16, 2026 9:40 AM (IST) Posted by Amit Mishra
दुबई पुलिस ने एयरपोर्ट रोड और एयरपोर्ट टनल को किया बंद
दुबई पुलिस ने एयरपोर्ट रोड और एयरपोर्ट टनल पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक बंद करने की घोषणा की है। पुलिस ने ड्राइवरों से अपील की है कि जब तक इमरजेंसी ऑपरेशन चल रहे हैं, वो दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें। इससे पहले, दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया था कि सिविल डिफेंस की टीमों ने दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास मौजूद फ्यूल टैंक में से एक पर लगी आग को सफलतापूर्वक काबू बुझा दिया है।
-
March 16, 2026 9:06 AM (IST) Posted by Amit Mishra
जापान ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर क्या कहा?
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने संसद को बताया है कि टोक्यो की होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करने के लिए नौसेना के जहाज भेजने की कोई योजना नहीं है। ताकाइची ने कहा, "हमने एस्कॉर्ट जहाज भेजने के बारे में कोई भी फैसला नहीं किया है। हम लगातार इस बात की जांच कर रहे हैं कि जापान स्वतंत्र रूप से क्या कर सकता है और कानूनी दायरे में रहकर क्या किया जा सकता है।"
-
March 16, 2026 9:05 AM (IST) Posted by Amit Mishra
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने ईरान के राष्ट्रपति से की बात
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से की बात की है। मैक्रों ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ''मैंने अभी-अभी ईरान के राष्ट्रपति से बात की है। मैंने उनसे आग्रह किया कि वो उन हमलों को तुरंत रोकें जो ईरान क्षेत्र के देशों के खिलाफ कर रहा है। चाहे सीधे तौर पर या अपने Proxies के जरिए, जिनमें लेबनान और इराक भी शामिल हैं। मैंने उन्हें याद दिलाया कि फ्रांस पूरी तरह से रक्षात्मक दायरे में रहकर काम कर रहा है, जिसका मकसद अपने हितों, अपने क्षेत्रीय साझेदारों और नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा करना है। यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है कि हमारे देश को निशाना बनाया जाए।
मैक्रों ने कहा, ''हम जिस तनाव को बढ़ता हुआ देख रहे हैं, वह पूरे क्षेत्र को अराजकता में धकेल रहा है। गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं और आने वाले वर्षों में भी देखने को मिलेंगे। ईरान के लोग भी, इस पूरे क्षेत्र के अन्य लोगों की तरह, इसकी कीमत चुका रहे हैं। केवल एक नया राजनीतिक और सुरक्षा ढांचा ही सभी के लिए शांति और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है। ऐसे ढांचे में इस बात की गारंटी होनी चाहिए कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल ना कर पाए; साथ ही, इसके बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी अस्थिर करने वाली गतिविधियों से पैदा होने वाले खतरों का भी समाधान किया जाना चाहिए। Strait of Hormuz में नौवहन की स्वतंत्रता को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।''
-
March 16, 2026 8:11 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ट्रंप ने ईरान पर साधा निशाना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Truth Social पर पोस्ट कर कहा, "ईरान को Master of Media Manipulation and Public Relations का माहिर माना जाता रहा है। वो सैन्य रूप से अप्रभावी और कमजोर हैं, लेकिन 'फेक न्यूज मीडिया' को गलत जानकारी 'परोसने' में वो सचमुच बहुत अच्छे हैं। अब, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक और गलत जानकारी फैलाने वाला हथियार बन गया है जिसका इस्तेमाल ईरान काफी अच्छे से कर रहा है, खासकर यह देखते हुए कि वो हर गुजरते दिन के साथ पूरी तरह से खत्म होते जा रहे हैं।"
-
March 16, 2026 8:07 AM (IST) Posted by Amit Mishra
कुवैत ने 24 घंटे में मार गिराए 2 ड्रोन
कुवैत के नेशनल गार्ड का कहना है कि उसने पिछले 24 घंटों में 2 ड्रोन मार गिराए हैं। कुवैत के अली अल सलेम बेस पर हुए एक ड्रोन हमले में इटैलियन टास्क फोर्स एयर द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक शेल्टर पर निशाना साधा गया था। हमले में वहां तैनात एक रिमोट से चलने वाला विमान नष्ट हो गया था।
-
March 16, 2026 8:03 AM (IST) Posted by Amit Mishra
बगदाद हवाई अड्डे के पास अमेरिकी सेना को बनाया गया निशाना
सराया औलिया अल-दम समूह ने अपने टेलीग्राम चैनल के जरिए घोषणा की है कि उसने बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास, विक्ट्री बेस पर तैनात अमेरिकी सैनिकों को रॉकेटों से निशाना बनाया है। इस हमले में कम से कम 5 लोग घायल हुए हैं। इराकी अधिकारियों ने बताया कि रॉकेट पास के एक Desalination Plant पर भी गिरे।
-
March 16, 2026 8:00 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ब्रिटेन के PM स्टार्मर ने ट्रंप से की बात
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत हुई है। बातचीत में वैश्विक शिपिंग में आ रही रुकावट को खत्म करने के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के महत्व पर चर्चा हुई है। स्टार्मर ने इस बारे में कनाडा के प्रधानमंत्री से भी अलग से बात की है। ट्रंप ने ब्रिटेन और अन्य देशों से अपील की है कि वो ईरान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों के सुरक्षित गुजरने के लिए युद्धपोत भेजें।
-
March 16, 2026 7:57 AM (IST) Posted by Amit Mishra
दुबई एयरपोर्ट पर अटैक, लगी आग
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले के बाद आग लग गई। सिविल डिफेंस की टीमों ने आग पर काबू पा लिया है। दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने सभी यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स को अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वो अपनी फ्लाइट्स के बारे में ताजा अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें।
-
March 16, 2026 7:53 AM (IST) Posted by Amit Mishra
सेना ईरान की ड्रोन फैक्ट्रियों पर हमला कर रही है
एयरफोर्स वन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमारी सेना उन जगहों पर हमला कर रहा ही जहां ईरान ऐसे ड्रोन बना रहा है जिनका इस्तेमाल US और इजरायल पर हमले करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "ईरान के पास अब बहुत कम मारक क्षमता बची है। हमने उनकी उत्पादन क्षमता को पूरी तरह से खत्म कर दिया है।" ट्रंप ने कहा, "इसी तरह, ड्रोन की संख्या भी बहुत कम हो गई है, उनके पास जितने ड्रोन थे, अब उसका लगभग 20 प्रतिशत ही बचा है। हम उन जगहों पर हमला कर रहे हैं जहां वो इन ड्रोनों का निर्माण करते हैं।"
-
March 16, 2026 7:49 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरानी विदेश मंत्री ने की इजरायल के हमलों की निंदा
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तेहरान में ईंधन डिपो पर इजरायली हमलों की निंदा की है। अराघची ने इन कार्रवाइयों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। एक्स पर एक बयान में, अराघची ने कहा, "निवासियों को अपने स्वास्थ्य और भलाई को लंबे समय तक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है, मिट्टी और भूजल के दूषित होने का असर पीढ़ियों तक रह सकता है।" उन्होंने कहा, "इजरायल को उसके युद्ध अपराधों के लिए सजा मिलनी चाहिए।"