Israel US Iran War Update: ईरान पर इजरायल-US के हमले जारी, गुटेरेस ने की गंभीर बातचीत की अपील
Israel US Iran War Update: अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर एक साथ हमला कर दिया है। ईरान भी पूरी ताकत के साथ जवाब दे रहा है। इस युद्ध को एक सप्ताह का समय पूरा हो गया है। वहीं दूसरी तरफ ईरान भी कई खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी बेसों पर हमला कर रहा है।
Israel US Iran War Update: इजरायल और अमेरिका लगातार ईरान पर हमला कर रहे हैं। आज युद्ध का आठवां दिन है और अभी भी युद्ध की समाप्ति के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। एक तरफ जहां अमेरिका और इजरायल लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ ईरान भी जवाबी कार्रवाई में अन्य खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी बेसों पर हमला कर रहा है। शुक्रवार को इज़रायल ने वेस्ट ईरान के 400 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया। इनमें बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर, अनमैंड व्हीकल स्टोरेज शामिल हैं।
IDF ने हारोद इलाके में ईरानी डिफेंस सिस्टम ले जा रहे एक ट्रक को निशाना बनाया। इजरायल की तरफ से कहा गया है कि IDF ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए सैकड़ों फाइटर जेट और भारी मात्रा में हथियारों का इस्तेमाल किया है। US-इजरायल हमलों में ईरान में अब तक 1332 की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग घायल है। 28 फरवरी से अब तक ईरान पर करीब 1300 से ज्यादा हमले हो चुके हैं। इजरायल का दावा है कि ईरान में 300 मिसाइल लॉन्चर तबाह हो चुके हैं। हमलों की वजह से ईरान में कई जगह पानी-बिजली की सप्लाई ठप है।
वहीं ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद भी उनके आधिकारिक X अकाउंट @khamenei_ir से पोस्ट आने जारी हैं। हाल ही में अयातुल्ला अली खामेनेई के एक्स अकाउंट से एक पोस्ट की गई है। इस पोस्ट में कहा गया है कि इजरायल ने बहुत बड़ी गलती की है और उसे नतीजे भुगतने होंगे। खामेनेई की पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। खामेनेई की मौत के बाद, उनके अकाउंट बायो को अपडेट करके "इस्लामिक क्रांति के शहीद नेता" कर दिया गया है।
Live updates : Israel US Iran War Update:
- March 07, 2026 5:53 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
ईरान ने भारत का जताया आभार
हिंद महासागर में आईरिस देना की घटना के बाद कोच्चि में नौसैनिक पोत आईरिस लावन के पहुंचने पर ईरान ने भारत का आभार व्यक्त किया। भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथली ने कहा, " ईरानी नौसैनिक पोत, आईरिस लावन, तकनीकी और रसद संबंधी व्यवस्था करने के लिए भारत के कोच्चि बंदरगाह पर पहुंचा है। मैं इस अवसर पर भारत सरकार और स्थानीय अधिकारियों को इस पोत के बंदरगाह पर पहुंचने और इसके चालक दल का समर्थन करने में उनके सहयोग और मानवीय दृष्टिकोण के लिए हार्दिक धन्यवाद देना चाहता हूं। इन कठिन परिस्थितियों में भारतीय अधिकारियों का उत्कृष्ट समन्वय और सहयोग हमारे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे और मैत्रीपूर्ण संबंधों को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। हम भारत सरकार और जनता के बहुमूल्य समर्थन और सहयोग के लिए अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। हमें विश्वास है कि तेहरान और नई दिल्ली के बीच ऐतिहासिक और रचनात्मक संबंध भविष्य में भी बढ़ते और मजबूत होते रहेंगे।
- March 07, 2026 5:50 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
ईरान के मानवरहित विमान को इजरायल को इंटरसेप्ट किया
इजरायल एयर फ़ोर्स के एक फ़ाइटर जेट ने ईरान से आए मानवरहित विमान को इज़रायल में घुसने से पहले ही इंटरसेप्ट लिया। अब तक ईरान से लॉन्च हुए 110 से ज़्यादा बिना पायलट वाले एयरक्राफ़्ट को रोका जा चुका है। वहीं इज़रायल की एयरफोर्स लगातार ईरान के शहरों पर बमबारी भी कर रही है।
- March 07, 2026 4:40 PM (IST) Posted by Shakti Singh
ईरानी हमले की 25वीं लहर शुरू
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इजरायल पर हमलों की 25वीं लहर शुरू की है। ईरानी सेना के अनुसार मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल करके मिलिट्री और मिलिट्री सपोर्ट सेंटर्स को निशाना बनाया जा रहा है। ईरानी सरकारी मीडिया में छपे बयान में, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा कि ऑपरेशन में हाइपरसोनिक फतह मिसाइल और बैलिस्टिक इमाद मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया है।
- March 07, 2026 3:39 PM (IST) Posted by Shakti Singh
दोहा के लिए फ्लाइट शुरू करेगा कतर एयरवेज
कतर एयरवेज़ ने कहा है कि वह लंदन, पेरिस, मैड्रिड, रोम, फ्रैंकफर्ट और बैंकॉक से दोहा के हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए फ्लाइट्स ऑपरेट करने का प्लान बना रहा है। उसने कहा कि यह फैसला कतर सिविल एविएशन अथॉरिटी से अस्थायी तौर पर अनुमति मिलने के बाद लिया गया, जिसमें एक सेफ ऑपरेटिंग कॉरिडोर कन्फर्म किया गया था। उसने कहा, “ये फ्लाइट्स सिर्फ उन पैसेंजर्स के लिए हैं जिनका फाइनल डेस्टिनेशन दोहा है।” कंपनी ने यह भी कहा कि यह सामान्य फ्लाइट फिलहाल शुरू नहीं हो रही हैं। एयरलाइन ने पैसेंजर्स से यह भी अपील की कि वे अपने डिपार्चर एयरपोर्ट पर तब तक न पहुंचें जब तक उनके पास ट्रैवल के लिए वैलिड कन्फर्म्ड टिकट न हो।
- March 07, 2026 2:46 PM (IST) Posted by Amar Deep
दुबई से कोलकाता पहुंची फ्लाइट
दुबई से 'फ्लाईदुबई' की एक उड़ान शनिवार को कोलकाता पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि यह विमान 163 यात्रियों के साथ पहुंचा और इसके बाद यह 92 यात्रियों के साथ दुबई के लिए रवाना हो गया।
- March 07, 2026 2:07 PM (IST) Posted by Amar Deep
इजरायली हमले से लेबनान में 16 की मौत
लेबनान में इजरायल लगातार हमले कर रहा है। यहां नबी चित के पहाड़ी कस्बे में इजरायल के हमलों की वजह से 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। लेबनान के स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह आंकड़ा उपलब्ध कराया है।
- March 07, 2026 1:50 PM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान के राष्ट्रपति ने पड़ोसी देशों से मांगी माफी
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अपने पड़ोसी देशों से माफी मांगी है। उन्होंने क्षेत्रीय देशों पर ईरान के हमलों के लिए माफी मांगी है। पेजेश्कियान ने कहा कि तेहरान हमलों को रोक देगा। उन्होंने संकेत दिया कि ये हमले सैन्य अधिकारियों के बीच सूचनाओं के गलत संचार के कारण हुए थे।
- March 07, 2026 1:36 PM (IST) Posted by Amar Deep
दुबई एयरपोर्ट पर परिचालन अस्थायी रूप से निलंबित
यात्रियों, एयरपोर्ट के कर्मचारियों और एयरलाइन क्रू की सुरक्षा के लिए, दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (डीएक्सबी) पर परिचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। सभी प्रक्रियाओं का संचालन स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार किया जा रहा है।
- March 07, 2026 12:57 PM (IST) Posted by Amar Deep
अमेरिका के साथ कोई समझौता नहीं : ईरान
ट्रंप की धमकी से पहले ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने एक इंटरव्यू में साफ कर दिया कि ईरान ने सीजफायर के लिए नहीं कहा है। अराघची ने कहा कि ईरान अमेरिका के साथ समझौते की कोई वजह नहीं देखता है। हमने दो बार समझौता करना चाहा, लेकिन बातचीत के बीच में ही उन्होंने हमला कर दिया। अमेरिका के ज़मीनी एक्शन की तैयारी पर अराघची ने कहा कि वो सैनिक भेजें, हम उनका इंतज़ार कर रहे हैं। ईरानी फोर्स ये पक्का कर रही है कि ये ज़मीन उनके लिए दलदल बन जाए।
- March 07, 2026 11:43 AM (IST) Posted by Amar Deep
ट्रंप ने ईरान को दी धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को चेतावनी दी है। ट्रंप ने ईरान को बिना शर्त सरेंडर करने को कहा है। सोशल मीडिया पर ट्रंप ने एक पोस्ट कर कहा है कि ईरान के साथ कोई समझौता नहीं होगा, जब तक वह बिना शर्त आत्मसमर्पण नहीं करता। ईरान के साथ किसी भी तरह की डील तभी संभव है जब वह अनकंडीशनल सरेंडर करे। इसके बाद एक बेहतरीन नेतृत्व चुना जाएगा।
- March 07, 2026 10:58 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान को चारों तरफ से घेरने में जुटा अमेरिका
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग और भीषण होने वाली है। अमेरिका, ईरान को चारों तरफ से घेरने में जुट गया है। अमेरिका ने अपना सबसे शक्तिशाली B-1B लांसर हेवी बॉम्बर जंग में उतार दिया है। अमेरिका ने इंग्लैंड में RAF फेयरफोर्ड पर लांसर हेवी बॉम्बर उतारा है। ईरान युद्ध के बढ़ने के साथ ही UK और डिएगो गार्सिया बेस पर और ज़्यादा लॉन्ग-रेंज बॉम्बर तैनात किए जा रहे हैं।
- March 07, 2026 10:47 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान समर्थित मिलिशिया गुटों पर अमेरिका ने किया हमला
अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर ने ईरान के समर्थित मिलिशिया के ठिकानों पर हमला किया है। अपाचे हेलीकॉप्टर ने हाइड्रा 70mm रॉकेट मिलिशिया के ठिकानों पर दागे हैं, जिससे मिलिशिया के ठिकानों को भारी नुकसान हुआ है। खामेनेई की मौत के बाद इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया लगातार अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहे थे।
- March 07, 2026 10:27 AM (IST) Posted by Amar Deep
तबाह हुआ ईरान का हमादान एयरबेस
जंग के आठवें दिन भी इजरायल और अमेरिका के ज्वाइंट अटैक से ईरान दहल रहा है। ईरान के हमादान एयरबेस की एक सैटेलाइट तस्वीर सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि यूएस-इजरायली हमले में इस बेस को कितना नुकसान पहुंचा है। हमले के बाद एयरबेस के रनवे और टैक्सीवे पर कई सारे बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे इस एयरपोर्ट से कोई भी विमान उड़ान नहीं भर सकता है। अमेरिकी और इजरायली सेना के हमले ने इस एयरबेस की हालत ऐसी कर दी है कि अगले कुछ महीने तक यहां से कोई भी प्लेन टेक ऑफ या लैंड नहीं सकेगा।
- March 07, 2026 10:05 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान ने तेज किए हमले
ईरान ने जंग को और भीषण करने का ऐलान कर दिया है। IRGC ने "ट्रू प्रॉमिस 4" की 23वीं वेव की घोषणा की है। मिसाइलों और ड्रोन ने इजरायल और बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में U.S. बेस को निशाना बनाया। इन सभी जगहों तक पहुंचने के लिए डिजाइन किए गए नेक्स्ट-जेनरेशन सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। बीर्शेबा में साइबर और टेक साइट्स को भी निशाना बनाया गया। हमले छोटे हैं लेकिन होते रहते हैं, जिनमें से कुछ को अभी भी इंटरसेप्ट किया गया है।
- March 07, 2026 9:47 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान ने बगदाद में हमला किया
ईरान ने इराक के बसरा के साथ-साथ बगदाद को भी टारगेट किया है। IRGC ने बगदाद के पास कैंप विक्ट्री पर हमला किया है। यह वही बेस है जिसे अमेरिका ने इराक युद्ध के दौरान बनाया था। ईरान ड्रोन और रॉकेट से इस पर लगातार हमला कर रहा है।
- March 07, 2026 9:31 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान ने इराक में अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया
इराक के बसरा में बुर्जेसिया ऑयल कॉम्प्लेक्स में एक U.S. कंपनी पर दो कामिकेज ड्रोन ने हमला किया है। शुक्रवार शाम दो ड्रोन ने U.S. कॉन्ट्रैक्टर्स के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और फैसिलिटीज पर हमला किया। ड्रोन ने बुर्जेसिया ऑयल कॉम्प्लेक्स में कंपनी के ऑफिस और वेयरहाउस को टारगेट किया। इस हमले में U.S. एनर्जी सर्विस फर्मों से जुड़ी फैसिलिटीज़ में आग लग गई। इसके साथ ही बसरा में अमेरिकी कॉर्पोरेट इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑयल फील्ड्स और बसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्गो सेक्शन पर भी हमले किए हुए हैं।
- March 07, 2026 9:11 AM (IST) Posted by Amar Deep
सऊदी अरब के रक्षा मंत्री ने आसिम मुनीर से की मुलाकात
सऊदी अरब के रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान ने एक्स पर लिखा, "पाकिस्तान के सेना प्रमुख और रक्षा बलों के प्रमुख, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। हमने सऊदी अरब पर ईरानी हमलों और हमारे संयुक्त रणनीतिक रक्षा समझौते के तहत उन्हें रोकने के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा की। हमने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे कृत्य क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं और आशा व्यक्त की कि ईरानी पक्ष विवेक का प्रयोग करेगा और गलत अनुमान लगाने से बचेगा।"
- March 07, 2026 9:02 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरानी लोगों ने सरकार के नेतृत्व का किया आग्रह: रजा पहलवी
ईरान के अंतिम शाह के पुत्र रजा पहलवी ने एक वीडियो जारी कर कहा, "ईरानी लोगों ने मुझसे संक्रमणकालीन सरकार का नेतृत्व करने का आह्वान किया है, और अरब जगत से हमारी संक्रमणकालीन सरकार को मान्यता देने का आग्रह किया है।"
- March 07, 2026 8:31 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान ने सऊदी अरब पर तेज किया हमला
ईरान ने सऊदी अरब पर हमले तेज कर दिए हैं। ईरान, सऊदी अरब पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला कर रहा है। ईरान ने अल खर्ज में प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। इसमें एक बैलिस्टिक मिसाइल अमेरिकी सैनिकों के बेस के पास आकर गिरी।
- March 07, 2026 7:47 AM (IST) Posted by Amar Deep
रूस ने ईरान को दी खूफिया जानकारी: सूत्र
रूस ने ईरान को ऐसी जानकारी प्रदान की है जिससे उसे क्षेत्र में अमेरिकी युद्धपोतों, विमानों और अन्य संपत्तियों पर हमला करने में मदद मिल सकती है। जानकारी देने वाले अधिकारियों ने कहा है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि रूस, ईरान को दी गई जानकारी के संबंध में क्या निर्देश दे रहा है। उन्होंने कहा कि फिर भी, ऐसे संकेत हैं कि रूस ने उस युद्ध में शामिल होने की कोशिश की है जिसे अमेरिका और इजरायल ने एक सप्ताह पहले ईरान के खिलाफ शुरू किया था।
- March 07, 2026 7:37 AM (IST) Posted by Amar Deep
खामेनेई के सबसे सेफ बंकर को किया तबाह
इजरायल ने तेहरान पर एक बार फिर पूरी ताकत के साथ हमला किया है। इजरायल ने ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद उनके सबसे सेफ बंकर को भी तबाह कर दिया है। 50 इजरायली एयर फ़ोर्स फाइटर जेट्स ने तेहरान के बीचों बीच बने इस बंकर को तबाह कर दिया है। यह बंकर तेहरान के सेंटर में सरकार के लीडरशिप कंपाउंड के नीचे था और शहर के सेंटर में कई सड़कों तक फैला हुआ था। यह ईरानी लीडरशिप के सबसे ज़रूरी मिलिट्री कमांड सेंटर में से एक था।
- March 07, 2026 7:30 AM (IST) Posted by Amar Deep
कुर्दिस्तान में भी IDF ने किए हमले
इज़रायल ने ईरान के दूसरे शहरों पर भी हमले तेज कर दिए हैं। IDF ने कुर्दिस्तान के अंदर साक़ेज़ पर जबरदस्त हमला किया है। इज़रायली फोर्स कुर्दिस्तान में IRGC के ठिकानों को टारगेट कर रही है। हमले के बाद साक़ेज़ के बड़े इलाके में धुआं और धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है।
- March 07, 2026 7:16 AM (IST) Posted by Amar Deep
पश्चिमी तेहरान के कई इलाकों में जोरदार धमाके
मिडिल ईस्ट में जंग के आठवें दिन इजरायल के फाइटर जेट्स ने तेहरान पर जबरदस्त बमबारी की है। पश्चिमी तेहरान के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी है। इन धमाकों के बाद आग की लपटें उठती दिखी हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को बिना शर्त सरेंडर करने की चेतावनी दी है। इसके बाद इजरायल ने तेहरान और इसके आसपास हमले तेज कर दिए हैं।
- March 07, 2026 7:02 AM (IST) Posted by Amar Deep
गंभीर राजनयिक वार्ता शुरू की जाए: एंटोनियो गुटेरेस
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ट्वीट किया, "मध्य पूर्व और उससे परे हो रहे सभी गैरकानूनी हमलों से पूरे क्षेत्र में नागरिकों को भारी पीड़ा और नुकसान हो रहा है और वैश्विक अर्थव्यवस्था, विशेष रूप से सबसे कमजोर लोगों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। स्थिति किसी के भी नियंत्रण से बाहर हो सकती है। अब समय आ गया है कि लड़ाई बंद की जाए और गंभीर राजनयिक वार्ता शुरू की जाए। दांव इससे अधिक ऊंचा नहीं हो सकता।"
- March 07, 2026 6:50 AM (IST) Posted by Amar Deep
'बड़ी गलती कर दी': खामेनेई के एक्स अकाउंट पर पोस्ट
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। अब उनके एक्स अकाउंट से एक और पोस्ट सामने आई है। खामेनेई की पोस्ट में अमेरिका और इजरायल को धमकी दी गई है। इस पोस्ट में कहा गया है कि इजरायल ने बहुत बड़ी गलती की है और उसे नतीजे भुगतने होंगे। खामेनेई की X पर पोस्ट में लिखा था, "The Zionist regime has made a big mistake, and its consequences will make the regime desperate, by God's grace." बता दें कि खामेनेई की मौत के बाद, उनके अकाउंट बायो को अपडेट करके "इस्लामिक क्रांति के शहीद नेता" कर दिया गया है।
- March 07, 2026 6:43 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान पूरी तरह से खत्म: ट्रंप
ईरान के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "उनकी सेना खत्म हो गई है। उनकी नौसेना खत्म हो गई है। उनके संचार तंत्र खत्म हो गए हैं। उनके नेता खत्म हो गए हैं। उनके दो दल के नेता जा चुके हैं। अब सिर्फ तीसरा दल बचा है। उनकी वायुसेना पूरी तरह नष्ट हो गई है। उनके पास 32 जहाज थे। वे सभी 32 जहाज समुद्र की गहराई में डूबे हुए हैं।"
