Israel US Iran War Updates LIVE: ईरानी राष्ट्रपति ने की ऊर्जा बेस पर इजरायल-US के हमलों की निंदा, कहा-इससे कुछ हासिल नहीं होगा
Israel US Iran War Updates: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग में ड्रोन, मिसाइल और हवाई हमले जारी हैं। ईरानी राष्ट्रपति ने की ऊर्जा बेस पर इजरायल-US के हमलों की निंदा की है। उन्होंने कहा-इससे कुछ हासिल नहीं होगा।

Israel US Iran War Updates LIVE: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग 19वें दिन में प्रवेश कर गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध के चलते बढ़े तेल की कीमतों पर काबू के लिए सौ साल पुराने जोन्स एक्ट के शिपिंग नियमों से 60 दिनों की छूट दी है। वहीं इस दौरान रूस ने ईरान के बुशहर परमाणु केंद्र पर इजरायल-अमेरिका के हमलों की कड़ी निंदा की है। इस बीच ईरान ने सऊदी अरब पर बड़ा हमला किया है।
ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन ने कहा, "मैं ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। ऐसे आक्रामक कृत्यों से ज़ायोनी-अमेरिकी शत्रु और उनके समर्थकों को कुछ भी हासिल नहीं होगा। इससे स्थिति और जटिल हो जाएगी और इसके अनियंत्रित परिणाम हो सकते हैं, जिनका प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ सकता है।"
इजरायल और अमेरिका ईरान में जोरदार हमले कर रहे हैं तो वहीं ईरान भी ड्रोन और मिसाइलों से पलटवार कर रहा है। फिलहाल जंग में ईरान को बड़ा झटका लगा है और उसके 2 बड़े सुरक्षा अधिकारी मारे गए हैं। अली लारीजानी के बाद इजरायल ने अब ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब को भी मार गिराने का दावा किया है।
एपी की रिपोर्ट के हवाले यह खबर सामने आ रही है। यह दावा इजरायल के रक्षामंत्री इजराइल कार्ट्ज की ओर से किया गया है। IDF ने इस दौरान हिजबुल्लाह के एक आतंकी को इजरायली सैनिकों पर हमले की योजना बनाने से पहले ढेर कर दिया है। इसकी वीडियो भी जारी किया है।
पीएम मोदी ने की कुवैत के शेख से बात
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "मैंने कुवैत के क्राउन प्रिंस एचएच शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से फोन पर बात की और आगामी ईद के त्योहार पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। हमने पश्चिम एशिया की बदलती हुई स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया और हालिया घटनाक्रम को लेकर अपनी चिंताओं को साझा किया। मैंने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की भारत की निंदा को दोहराया। होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित और स्वतंत्र नौवहन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। हम इस बात पर सहमत हुए कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए निरंतर कूटनीतिक प्रयास और संवाद अत्यंत आवश्यक हैं।मैंने कुवैत में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण के लिए उनके निरंतर समर्थन के लिए उनका धन्यवाद किया।"
ईरान ने इजरायली जासूस को दी फांसी
इस बीच ईरान ने इजरायल के लिए जासूसी करने वाले एक जासूस को फांसी के फंदे पर लटका दिया है। तेहरान टाइम्स के अनुसार ईरान के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मृत्युदंड सुनाए जाने के बाद इजरायली शासन के एक जासूस को फांसी दे दी गई। फांसी पाने वाले शख्स कुरुश कायवानी ने मोसाद अधिकारियों को ईरान के संवेदनशील स्थलों की तस्वीरें और जानकारी मुहैया कराई थी।
अली लारीजानी ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव थे और गुलाम रजा सुलेमानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की 'बसीज फोर्स' के प्रमुख थे। दोनों लोगों की मौत इजरायल के हमलों में हुई है। अपने सुरक्षा अधिकारियों की मौत के बाद ईरान बुरी तरह भड़क गया है। ईरान ने इजरायल और खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं।
यह युद्ध 28 फरवरी 2026 को शुरू हुआ, जब अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई वरिष्ठ सैन्य और सुरक्षा अधिकारी मारे गए थे। अमेरिका और इजरायल का मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह नष्ट करना, उसकी बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को खत्म करना और शासन को कमजोर या उखाड़ फेंकना है।
फिलहाल दोनों पक्षों से हमले लगातार जारी हैं। अमेरिका-इजरायल की ओर से ईरान के सैन्य ठिकानों, नेतृत्व और बुनियादी ढांचे पर लगातार हवाई हमले हो रहे हैं, जबकि ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल, अमेरिकी सैन्य अड्डों और क्षेत्रीय देशों पर मिसाइल व ड्रोन हमले किए हैं। ताजा घटनाओं और अपडेट्स के लिए इंडिया टीवी की डिजिटल टीम से जुड़े रहें।
Live updates : Israel US Iran War Updates LIVE: ईरान कर रहा ताबड़तोड़ हमले
-
March 18, 2026 11:50 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल के हमले में मारा गया “इमाम हुसैन डिवीजन” का कमांडर हसन अली मरवान
इजरायल ने “इमाम हुसैन डिवीजन” के कमांडर हसन अली मरवान को हमले में ढेर कर दिया है, जो अपने पूर्ववर्ती को समाप्त किए जाने के एक हफ्ते के अंदर मारा गया। आईडीएफ ने कहा- “इमाम हुसैन डिवीजन” ईरानी कुद्स फोर्स द्वारा संचालित एक सैन्य बल है, जिसका इस्तेमाल ईरानी आतंकवादी शासन के हितों को आगे बढ़ाने और हमले करने के लिए किया जाता है। मरवान इस डिवीजन और हिजबुल्लाह तथा कुद्स फोर्स के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के बीच समन्वय का जिम्मेदार था। इसके अलावा, उन्होंने इजरायल की ओर मिसाइलें, यूएवी (ड्रोन्स) और रॉकेट लॉन्च करने का भी कमांड किया।
-
March 18, 2026 11:45 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल के आतंकी तरीकों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को नहीं करना चाहिए नजरंदाजः अराघची
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि इजरायल अपने जघन्य आतंकी तरीकों को सामान्य बनाने के परिणामों की परवाह नहीं करता, लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस लापरवाही को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए; क्योंकि हर क्रिया की प्रतिक्रिया अवश्य ही होती है।
-
March 18, 2026 11:29 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान में तुर्की ड्राइवर की हत्या निर्दोषों को निशाना बनाने का प्रमाणः अराघची
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान की धरती पर अमेरिका और इज़राइल द्वारा असहाय अवस्था में निशाना बनाकर मारे गए उत्पीड़ित तुर्की ड्राइवर हुसैन फ़िरात की शहादत इस बात का स्पष्ट संकेत है कि हमलावर निर्दोषों और आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। इस मुबारक महीने में मैं उस सम्मानित शहीद पर अल्लाह की रहमत की दुआ करता हूँ और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ।
-
March 18, 2026 11:13 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
18 दिन में अमेरिका ने ईरान में ध्वस्त किए 7800 टारगेट और 120 जहाज
ईरान के साथ 18 दिनों के युद्ध में अमेरिका ने तेहरान में 7800 ठिकानों को हिट किया और इस दौरान 120 जहाजों को ध्वस्त करने का दावा किया है। ईरान पर कार्रवाई का अमेरिका सेंटकॉम ने ब्यौरा जारी किया है।
-
March 18, 2026 10:05 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
जेडी वेंस ने बढ़ती गैस कीमतों पर कहा-दुनिया को ईरान युद्ध से ज्यादा हरित ऊर्जा घोटालों से नुकसान
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मिडिल-ईस्ट में जंग के चलते बढ़ती गैस कीमतों पर कहा-दुनिया को ईरान युद्ध से ज्यादा हरित ऊर्जा घोटालों से नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में ऐसे लोग हैं जिन्होंने हरित ऊर्जा घोटालों पर ध्यान केंद्रित किया है, और उन्हें हमसे कहीं अधिक नुकसान हुआ है। उन्होंने गैस कीमतों पर कहाकि यह एक अस्थायी उतार-चढ़ाव है। बाइडेन प्रशासन के तहत, गैस की कीमतें चार साल तक ऊंची रहीं। अभी गैस की कीमतें ऊंची हैं, और सच कहूं तो, वे बाइडेन प्रशासन के कुछ हिस्सों में जितनी ऊंची थीं, उतनी भी नहीं हैं।
-
March 18, 2026 9:56 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने अमेरिका और इजरायल के ऊर्जा संयंत्रों को दी राख के ढेर में बदलने की धमकी
ईरान ने अमेरिका और इजरायल के ऊर्जा संयंत्रों को राख के ढेर में बदलने की धमकी दी है। ईरान की सेना के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका-इजरायल से जुड़े ऊर्जा संयंत्र 'जलकर राख हो जाएंगे। ईरान ने यह चेतावनी अपने दक्षिणी रिफाइनरी पर हमले के बाद दी और कहा-'तुम्हारे कमांडरों और सैनिकों के गले इस्लाम के योद्धाओं के जूतों के नीचे हैं'
-
March 18, 2026 8:52 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
नेतन्याहू ने इजरायल के बुजुर्ग दंपती की मौत पर जाहिर किया दुख
इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इजरायल के बुजुर्ग दंपति की ईरान के मिसाइल हमले में मौत के बाद शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “मेरी पत्नी सारा और मैं इजरायल के सभी नागरिक, यारोन और इलाना मोशे के परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। वे वह दंपति हैं जिनकी हत्या देश के केंद्र में ईरानी मिसाइल हमले में हुई। उनकी स्मृति आशीर्वाद बनी रहे।” यारोन मोशे (और इलाना मोशे एक वृद्ध दंपति थे, जिनकी उम्र लगभग 70 वर्ष थी। वे इजरायल के तेल अवीव के उपनगर रामत गानमें रहते थे। 18 मार्च 2026 की सुबह ईरान द्वारा लॉन्च किए गए बैलिस्टिक मिसाइल हमले में वे शहीद हो गए। ईरान ने यह हमला अपने शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी की हत्या का बदला लेने के लिए किया था। हमले में क्लस्टर मुनिशन का इस्तेमाल हुआ, जिससे रामत गान के एक आवासीय भवन में विस्फोट हुआ। यारोन और इलाना अपने अपार्टमेंट में थे और बॉम्ब शेल्टर की ओर जा रहे थे, लेकिन मिसाइल का टुकड़ा उनके लिविंग रूम में घुस गया।
-
March 18, 2026 7:29 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने अपने 'अमेरिका-ज़ायोनी दुश्मनों' के खिलाफ 'पूर्ण आर्थिक युद्ध' की घोषणा की
ईरान ने 'अमेरिका-ज़ायोनी दुश्मनों' के खिलाफ 'पूर्ण आर्थिक युद्ध' की घोषणा कर दी है। तेहरान ने यह घोषणा दक्षिणी ईरान में स्थित असलुयेह गैस संयंत्रों पर हमलों के बाद की है। इसके बाद 'सीमाएं बदल गई हैं'।
तेहरान ने पहले ही चेतावनी दी थी: यदि ईरानी ऊर्जा संयंत्रों पर हमला हुआ, तो क्षेत्र में अमेरिका से जुड़े सभी ऊर्जा बुनियादी ढांचे निशाने पर होंगे। -
March 18, 2026 7:26 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने सऊदी अरब, यूएई और कतर को पेट्रोकेमिकल संयंत्रों को खाली करने की चेतावनी दी
ईरान ने सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित पेट्रोकेमिकल संयंत्रों को खाली करने का आह्वान करते हुए एक तत्काल चेतावनी जारी की है।
-
March 18, 2026 6:36 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
UAE ने ईरान से आए 13 बैलिस्टिक मिसाइलें और 27 ड्रोन्स को मार गिराया
यूएई की वायु रक्षा ने ईरान से लॉन्च की गई 13 बैलिस्टिक मिसाइलों और 27 ड्रोन्स को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर लिया। UAE ने कहा- ईरान के हमलों की शुरुआत से अब तक यूएई की वायु रक्षा प्रणाली ने कुल 327 बैलिस्टिक मिसाइलें, 15 क्रूज मिसाइलें और 1,699 ड्रोन्स को मार गिराया है। इन हमलों में राष्ट्रीय कर्तव्य निभाते हुए सशस्त्र बलों के 2 जवान शहीद हो गए, जबकि पाकिस्तानी, नेपाली, बांग्लादेशी और फिलिस्तीनी राष्ट्रीयता के 6 आम नागरिक मारे गए। कुल 158 व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनमें मामूली से लेकर गंभीर चोटें लगी हैं। घायलों में अमीराती, मिस्री, सूडानी, इथियोपियाई, फिलिपिनो, पाकिस्तानी, ईरानी, भारतीय, बांग्लादेशी, श्रीलंकाई, अजरबैजानी, यमनी, युगांडाई, इरिट्रियन, लेबनानी, अफगान, बहरीनी, कोमोरियन, तुर्की, इराकी, नेपाली, नाइजीरियाई, ओमानी, जॉर्डनियन, फिलिस्तीनी, घानाई, इंडोनेशियाई, स्वीडिश और ट्यूनीशियाई राष्ट्रीयता के लोग शामिल हैं।
-
March 18, 2026 5:16 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने इजरायल और अमेरिका पर मिसाइल हमले की 62वीं श्रृंखला शुरू की
ईरान ने इजरायल और अमेरिका के खिलाफ मिसाइल हमलों की नई और 62वीं लहर शुरू की है। ईरान ने इसका वीडियो भी जारी किया है। ईरान ने यह लहर अपने 2 प्रमुख लीडरों सिक्योरिटी हेड अली लारीजानी और खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब के मारे जाने के बाद शुरू की है।
-
March 18, 2026 5:01 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान के सिक्योरिटी चीफ लारीजानी के जनाजे में उमड़ा जनसैलाब
ईरान के सिक्योरिटी चीफ लारीजान के जनाजे में भारी जन-सैलाब उमड़ा। ईरान के लोग हाथों में झंडा लिए अमेरिका के खिलाफ एकजुट हुए और लारीजानी को श्रद्धांजलि दी।
-
March 18, 2026 4:53 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
रूस ने ईरान के सुरक्षा चीफ अली लारीजानी की हत्या की निंदा की
रूस ने ईरान के सिक्योरिटी चीफ अली लारीजानी की हत्या की कड़ी निंदा की है। इजरायली सुरक्षा बलों ने मंगलवार को ईरान के सुरक्षा चीफ लारीजानी को एक हवाई हमले में मार गिराया था।
-
March 18, 2026 3:54 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
तुर्की के राष्ट्रपति ने की ईरान पर इजरायली हमले की कड़ी निंदा
तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध केवल इजरायल की सुरक्षा का मुद्दा नहीं है। “एक ऐसा तंत्र जिसने सत्ता हथिया ली है, जो खुद को अन्य मनुष्यों से श्रेष्ठ समझता है, हमारे क्षेत्र को धीरे-धीरे तबाही की ओर धकेल रहा है।”
-
March 18, 2026 3:45 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत के बाद अजरबैजान ने भी ईरान के लिए भेजी मानवीय सहायता
भारत के बाद अजरबैजान ने भी ईरान के मानवीय सहायता भेजी है।
-
March 18, 2026 3:41 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
रूस ने ईरान के अस्पतालों पर इजरायल-अमेरिका के हमले की निंदा की
रूस ने ईरान के अस्पतालों पर इजरायल-अमेरिका के हमले की निंदा की है। क्रेमलिन ने कहा कि रूस लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से की गई कार्रवाइयों विशेषकर संप्रभु ईरान के नेतृत्व के प्रतिनिधियों की हत्या की की कड़ी निंदा करता है।
-
March 18, 2026 3:29 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान के शीर्ष लीडर लारीजानी की हत्या के बाद तेहरान ने तेल-अवीव में मचाई तबाही
ईरान ने एक बार फिर इज़राइल पर हमला किया है। इससे तेल अवीव और उसके आसपास के इलाकों में कुछ जगहों पर तबाही मची है और हताहत हुए हैं। यह हमला ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी की हत्या का बदला बताकर किया गया है, जिसमें तेल अवीव के पास रामत गान में दो लोगों की मौत हुई है।
-
March 18, 2026 3:24 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत ने ईरान को भेजी चिकित्सा सहायता की पहली खेप, तेहरान ने किया धन्यवाद
भारत की ओर से युद्धग्रस्त ईरान के लिए चिकित्सा सहायता की पहली खेप तेहरान भेजी गई है। इसके लिए ईरान ने शुक्रिया अदा किया है। भारत स्थित इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के दूतावास ने कहा, "भारत के सम्मानित लोगों की ओर से चिकित्सा सहायता की पहली खेप ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी को पहुंचा दी गई है। हम भारत के दयालु लोगों का हार्दिक धन्यवाद करते हैं।"
-
March 18, 2026 3:18 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
बेरूत में इजरायल ने कर दिया बहुत बड़ा हमला, पूरी बिल्डिंग हो गई जमींदोज
इजरायल ने लेबनान के बेरूत में बहुत बड़ा हमला किया है। हमले के बाद पूरी बिल्डिंग नीचे से ढह गई और जमींदोज हो गई। हमले के स्थल से ऊंचा काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है।
-
March 18, 2026 2:28 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायली हमले में 12 की मौत, 41 घायल
इजरायल की ओर से बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। इजरायली सेना ने मध्य बेरूत में भीषण हमले किए किए हैं। इन हमलों में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है और 41 घायल हुए हैं।
-
March 18, 2026 1:39 PM (IST) Posted by Amit Mishra
भारतीय झंडे वाला क्रूड ऑयल टैंकर पहुंचा गुजरात
भारतीय झंडे वाला क्रूड ऑयल टैंकर 'जग लाडकी' गुजरात में अडानी पोर्ट्स मुंद्रा पहुंचा है। इसमें UAE से मंगाया गया लगभग 80,886 मीट्रिक टन (MT) क्रूड ऑयल था, जिसे फुजैराह पोर्ट पर लोड किया गया।
-
March 18, 2026 1:36 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान में 7 लोगों की मौत, 56 घायल
तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, प्रांत के सुरक्षा मामलों के उप-गवर्नर ने बताया कि एक US-इजरायली हमले ने दोरुद शहर के रिहायशी, नागरिक और घनी आबादी वाले इलाकों को निशाना बनाया, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई और 56 लोग घायल हुए हैं। इससे पहले, तस्नीम ने रिपोर्ट दी थी कि लोरेस्तान प्रांत के ही चेगेनी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में हुए एक US-इजरायली हमले में 4 लोगों की मौत हो गई थी।
-
March 18, 2026 1:23 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान में जासूसी के आरोप में शख्स को दी गई फांसी
ईरान की न्यायपालिका ने बुधवार को कहा कि इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए जासूसी करने के आरोप में देश में एक शख्स को फांसी दी गई है। न्यायपालिका की समाचार एजेंसी 'मिजान' ने मृतक की पहचान कुरुश कीवानी के रूप में की है। ऐसा आरोप हैं कि उसने संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और जानकारी मोसाद को दी थी।
-
March 18, 2026 1:14 PM (IST) Posted by Amit Mishra
'ईरान खाड़ी क्षेत्र में कर रहा है मनमाने हमले'
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने पत्रकारों को UAE में अल मिन्हाद बेस पर हुई एक घटना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जैसे ही मौका मिला वो ऑस्ट्रेलियाई जनता को पूरी पारदर्शिता के साथ इस बारे में जानकारी दे रहे हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि ऑस्ट्रेलियाई सेना को ईरान ने निशाना बनाया था, तो अल्बानीज ने कहा, "यह समझना जरूरी है कि ईरानी शासन पूरे खाड़ी क्षेत्र में लगातार मनमाने हमले कर रहा है।"
-
March 18, 2026 12:59 PM (IST) Posted by Amit Mishra
पिछले 24 घंटों में 192 इजरायली हुए घायल
इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 192 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से ज्यादातर लोगों को हल्की चोटें आई हैं। एक्स पर एक पोस्ट में, मंत्रालय ने बताया कि जंग शुरू होने के बाद से अब तक चोटों के कारण कुल 3,727 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा चुका है।
-
March 18, 2026 11:46 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान ने इजरायल की ओर दागी मिसाइलें
इजरायली सेना का कहना है कि ईरान से उसके इलाके की ओर मिसाइलें दागी गई हैं। सेना ने कहा कि हवाई सुरक्षा प्रणालियां इस हमले को रोकने के लिए काम कर रही हैं। एक्स पर एक पोस्ट में, सेना ने बताया कि जिन इलाकों को निशाना बनाया गया है, वहां के निवासियों को उनके मोबाइल फोन पर संदेश भेजकर सूचित कर दिया गया है। निर्देश दिया गया है कि जब तक खतरा टल ना जाए, तब तक वो सुरक्षित जगहों (शेल्टर) पर चले जाएं।
-
March 18, 2026 10:42 AM (IST) Posted by Amit Mishra
सऊदी अरब ने देश के पूर्वी हिस्से में रोके 3 ड्रोन
सऊदी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने हाल के कुछ घंटों में देश के पूर्वी हिस्से में ड्रोन हमलों को रोका है। ताजा मामले तब सामने आए हैं जब मंत्रालय ने कुछ घंटे पहले ही बताया था कि उसने अल-खर्ज प्रांत के ऊपर एक बैलिस्टिक मिसाइल को नष्ट कर दिया है। मंत्रालय ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद मिसाइल का मलबा प्रिंस सुल्तान एयर बेस के आसपास गिरा, लेकिन इससे कोई नुकसान नहीं हुआ।
-
March 18, 2026 9:13 AM (IST) Posted by Amit Mishra
कतर की सेना ने मिसाइल हमले को किया नाकाम
कतर के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसकी सेना ने देश को निशाना बनाकर किए गए एक मिसाइल हमले को नाकाम कर दिया है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब खाड़ी क्षेत्र के कई देश पूरी रात ड्रोन और मिसाइल हमलों की खबरें दे रहे थे।
-
March 18, 2026 8:58 AM (IST) Posted by Amit Mishra
कुवैत ने रोके 7 ड्रोन
कुवैत नेशनल गार्ड ने बताया कि उसने बुधवार तड़के मानवरहित विमानों को मार गिराया है। यह बयान कुवैती सेना के उस बयान के कुछ घंटों बाद आया, जिसमें उसने कहा था कि वह दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोक रही है। UAE, सऊदी अरब और बहरीन ने भी हाल के घंटों में मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने की जानकारी दी है।
-
March 18, 2026 8:09 AM (IST) Posted by Amit Mishra
होर्मुज स्ट्रेट के लिए बने नई व्यवस्था
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने होर्मुज स्ट्रेट पर कहा कि ईरान के पास स्थित इस जलमार्ग को हम अपने दुश्मनों को उपयोग करने की अनुमति नहीं देंगे। आसपास जंग चल रही है तो ये है स्वाभाविक है कि असुरक्षा की वजह से कई जहाज और देश इस रास्ते का उपयोग नहीं करना चाहेंगे। हमें होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही के लिए नई व्यवस्था तैयार करने की जरूरत है, ताकि ईरान के हितों और क्षेत्र के हितों को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट नियमों के तहत इस जलमार्ग से शांतिपूर्ण आवागमन स्थायी रूप से बनाए रखा जा सके।
-
March 18, 2026 8:07 AM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायली हमलों में 6 लोगों की मौत, 24 घायल
बेरूत पर इजरायली हमलों में 6 लोग मारे गए हैं और 24 लोग घायल हुए हैं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इजरायली वायु सेना की तरफ से देश की राजधानी पर किए 2 हमलों में ये लोग मारे गए और घायल हुए हैं।
-
March 18, 2026 8:05 AM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायल में हुआ बड़ा नुकसान
चैनल 12 ब्रॉडकास्टर की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की ओर से हुए हालिया मिसाइल हमले के बाद मध्य शहर कफ्र कासिम में कम से कम 4 जगहों पर हमले हुए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है, “संपत्ति को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।”
-
March 18, 2026 8:02 AM (IST) Posted by Amit Mishra
IRGC ने इजरायल पर कर दी मिसाइलों की बौछार
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का कहना है कि उसकी मिसाइलों ने लारीजानी और उनके साथियों की हत्या के जवाब में इजरायल में 100 से अधिक सैन्य और सुरक्षा ठिकानों को निशाना बनाया है। फार्स न्यूज एजेंसी द्वारा जारी एक बयान में, IRGC ने कहा कि इन ठिकानों को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि इजरायल का बेहद उन्नत रक्षा तंत्र पूरी तरह से नाकाम हो गया था। IRGC ने बताया कि इस बदले वाले हमले में उसने खुर्रमशहर 4, कद्र, इमाद और खैबरशकन मिसाइलों का इस्तेमाल किया।
-
March 18, 2026 7:59 AM (IST) Posted by Amit Mishra
किरकुक में इराकी बेस पर हमले के बाद भड़की आग
उत्तर-पूर्वी शहर किरकुक में इमाम अली बेस पर हमले के बाद आसमान में आग की लपटें दिखाई दी हैं। यह बेस पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज के सैनिकों का ठिकाना है। ईरान के साथ जंग शुरू होने के बाद से ही अमेरिकी सेना और तेहरान समर्थित गुटों के बीच गोलीबारी जारी है।