Israel US Iran War Update LIVE: ट्रंप ने ईरान से बातचीत का किया दावा, खर्ग द्वीप पर कब्जा कर सकता है अमेरिका
Israel US Iran War Update: मिडिल-ईस्ट में जंग का आज 31वां दिन है। कुवैत के एक बिजली स्टेशन पर किए गए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई और एक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।

Israel US Iran War Update LIVE: पश्चिम एशिया में 31 दिनों से युद्ध जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका द्वारा पाकिस्तान के माध्यम से रखी गई 15 सूत्री मांगों की सूची में से "अधिकांश" पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के साथ 'प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष' रूप से बातचीत कर रहा है। ट्रंप ने कहा, "हमारी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह से बहुत अच्छी बैठकें हो रही हैं और मुझे लगता है कि हमें कई महत्वपूर्ण बिंदु मिल रहे हैं।" राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान ने सम्मान के प्रतीक के रूप में सोमवार सुबह से अगले कुछ दिनों तक होर्मुज स्ट्रेट से तेल ले जाने वाले 20 जहाजों को गुजरने की अनुमति देने पर सहमति जताई है।
वहीं दूसरी तरफ ईरान द्वारा नए हमले शुरू करने के बाद खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल अलर्ट जारी किया गया, जिसके चलते संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और बहरीन ने अपने हवाई रक्षा तंत्र को सक्रिय कर दिया। हमलों के बीच, कुवैत के बिजली मंत्रालय ने बताया कि ईरान द्वारा कुवैत के एक बिजली स्टेशन पर किए गए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई और एक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जौहर हयात ने कहा, "कुवैत राज्य के खिलाफ ईरानी आक्रामकता के तहत एक बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र की सेवा इमारत पर हमला किया गया, जिसके परिणामस्वरूप एक भारतीय कर्मचारी की मृत्यु हो गई और इमारत को भारी नुकसान पहुंचा।"
बता दें कि इस युद्ध ने तेल, प्राकृतिक गैस और उर्वरक की वैश्विक आपूर्ति को खतरे में डाल दिया है और हवाई यात्रा को बाधित कर दिया है, क्योंकि रणनीतिक होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान की पकड़ ने बाजारों और कीमतों को हिलाकर रख दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने तेहरान को होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए स्वयं द्वारा निर्धारित समय सीमा को 6 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। इस बीच, मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों से शुरू होने के बाद इस युद्ध में 3,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
Live updates : Israel US Iran War Update LIVE
-
March 30, 2026 6:54 PM (IST) Posted by Amit Mishra
UAE ने 27 ड्रोन और 11 बैलिस्टिक मिसाइलों को रोका
UAE के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने ईरान से दागे गए 27 ड्रोन और 11 बैलिस्टिक मिसाइलों को रोक दिया है। 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से, उसने 1,941 ड्रोन, 15 क्रूज मिसाइलें और 425 बैलिस्टिक मिसाइलों को रोका है।
-
March 30, 2026 6:53 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ब्रिटेन ईरान में सेना नहीं भेजेगा: PM स्टार्मर
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने ईरान में सेना भेजने से साफ इनकार कर दिया है। स्टार्मर ने के इस रुख से साफ हो गया है कि ब्रिटेन इस संघर्ष में सीधे तौर पर शामिल होने से दूर हो गया है। स्टार्मर ने कहा, "यह हमारी लड़ाई नहीं है, और हम इसमें नहीं उलझेंगे।" उन्होंने कहा कि UK "ब्रिटिश लोगों की जान, ब्रिटिश हितों और जाहिर है, इस क्षेत्र में हमारे सहयोगियों" की रक्षा के लिए "रक्षात्मक कार्रवाई" कर रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने में मदद करने के अपने प्रयास जारी रखेगा।
-
March 30, 2026 6:50 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान में जारी है इंटरनेट बंदी
ईरान में इंटरनेट बंदी दूसरे महीने में प्रवेश कर गई है। निगरानी समूह 'नेटब्लॉक्स' का कहना है कि ईरानी अधिकारियों की ओर से पूरे देश में लगाई गई इंटरनेट बंदी अब भी जारी है।
-
March 30, 2026 4:29 PM (IST) Posted by Amit Mishra
मिस्र के राष्ट्रपति बोले- 'जंग रोक दें ट्रंप'
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सीसी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के साथ युद्ध खत्म करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन का इस मामले में निर्णायक प्रभाव है। मिस्र के ऊर्जा सम्मेलन के उद्घाटन के मौके पर सीसी ने कहा, "मैं राष्ट्रपति ट्रंप से कहता हूं: खाड़ी क्षेत्र में हमारे इलाके में युद्ध को आपके अलावा कोई और नहीं रोक सकता।"
-
March 30, 2026 3:26 PM (IST) Posted by Shakti Singh
रिवोल्यूशनरी गार्ड के नेवी चीफ की मौत
रिवोल्यूशनरी गार्ड नेवी चीफ अलीरेजा तांगसिरी की मौत हो चुकी है। सोमवार को ईरान ने इसकी पुष्टि की। इजरायल ने गुरुवार को दावा किया था कि उसने ईरान नेवी में रियर एडमिरल तांगसिरी को मार दिया है। सोमवार को सरकारी टेलीविजन पर गार्ड के एक बयान में कहा गया कि तांगसिरी "अपनी चोटों की गंभीरता के कारण अल्लाह की शरण में चले गए।" इसमें उनकी कोशिशों की तारीफ की गई, खासकर ईरान को होर्मुज स्ट्रेट पर पकड़ बनाए रखने में मदद करने के लिए। बयान में आगे कहा गया, "हर फाइटर एक तांगसिरी है, और हम देखेंगे कि वे आने वाले दिनों और महीनों में क्या सरप्राइज लाते हैं।" इस बीच, सरकारी मीडिया ने बताया कि तेहरान से लगभग 530 किमी उत्तर-पश्चिम में मौजूद एक पेट्रोकेमिकल प्लांट पर सोमवार को हमला हुआ और बताया कि फायरफाइटर्स ने उस जगह पर आग बुझा दी।
-
March 30, 2026 2:41 PM (IST) Posted by Amit Mishra
दक्षिणी लेबनान पर इजरायल ने किए हमले
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली विमानों ने बिंत जबील जिले के बाराशित कस्बे पर हमला किया है। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। एक अलग अपडेट में, एजेंसी ने बताया कि इजरायली विमानों ने हनावीय पर 2 और हमले किए, जिससे वहां हमलों की कुल संख्या बढ़कर 4 हो गई। कई लोगों के हताहत होने की भी खबर है।
-
March 30, 2026 12:52 PM (IST) Posted by Amit Mishra
कतर ने की कुवैत के इंफ्रास्ट्रक्चर पर ईरानी हमलों की निंदा
कतर के विदेश मंत्रालय ने कुवैत में एक कैंप, पावर स्टेशन और पानी साफ करने वाले प्लांट को निशाना बनाने वाले ईरान के हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। एक्स पर एक पोस्ट में मंत्रालय ने कहा, "विदेश मंत्रालय पड़ोसी देशों के खिलाफ ईरान के बेवजह हमलों को रोकने की जरूरत पर जोर देता है। देश के बिजली और जल मंत्रालय के अनुसार, कुवैत के अधिकारियों ने बताया कि बिजली और पानी साफ करने वाली एक सुविधा पर हुए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई है। एक बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा है।
-
March 30, 2026 12:12 PM (IST) Posted by Amit Mishra
घायल हुए इजरायल के 6 सैनिक
इजरायल का कहना है कि दक्षिणी लेबनान में उसके 6 सैनिक घायल हुए हैं। इजरायली सेना के मुताबिक ये सैनिक तीन अलग-अलग घटनाओं में घायल हुए, और उनमें से 3 गंभीर रूप से घायल हैं। सेना ने बताया कि घायलों में से 2 एंटी-टैंक हमले में, 3 ड्रोन हमले में और एक अन्य सैनिक ऑपरेशन के दौरान हुई एक दुर्घटना में घायल हुए।
-
March 30, 2026 11:15 AM (IST) Posted by Amit Mishra
कुवैत ने मार गिराए 5 ड्रोन
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग कुवैत पर बार-बार लगातार हमले किए जा रहे हैं। इस बीच कुवैत नेशनल गार्ड ने कहा है कि उसने 5 ड्रोन मार गिराए हैं। कुवैत न्यूज एजेंसी ने यह रिपोर्ट दी है।
-
March 30, 2026 10:31 AM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायल ने ईरानी मिसाइलों को रोका
चैनल 12 ब्रॉडकास्टर का कहना है कि ईरान से आ रही मिसाइलों के कारण दक्षिणी इजरायल में अलार्म बजे हैं। ईरान की ओर दागी गई मिसाइलों को देश की सीमाओं के बाहर ही रोक दिया गया है।
-
March 30, 2026 10:14 AM (IST) Posted by Amar Deep
हिज़्बुल्लाह ने इजरायली सेना पर हमले का किया दावा
लेबनानी समूह का कहना है कि उसके लड़ाकों ने उत्तरी इजरायल और दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हमले किए हैं। समूह ने कहा कि उसने उत्तरी इजरायल के मेटुला शहर और दक्षिणी लेबनान में खियाम नजरबंदी केंद्र के पूर्व में इजरायली सैनिकों और उनके वाहनों पर रॉकेट दागे।
-
March 30, 2026 9:50 AM (IST) Posted by Amar Deep
उत्तरी ईरान में पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हमला
ईरान के उत्तरी क्षेत्र में सोमवार तड़के एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हमला किया गया। ईरानी मीडिया के अनुसार देश के उत्तरी प्रांत में 'तबरीज पेट्रोकेमिकल' की एक इकाई को निशाना बनाया गया, लेकिन राहत की बात यह है कि हमले के बाद किसी तरह के खतरनाक पदार्थ के रिसाव की सूचना नहीं है। यह कंपनी कच्चे तेल या प्राकृतिक गैस को संसाधित कर उन्हें रासायनिक उत्पादों में बदलती है, जिनका इस्तेमाल प्लास्टिक और अन्य रसायन बनाने में होता है।
-
March 30, 2026 9:39 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से 20 जहाजों को गुजरने की अनुमति दी: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि ईरान ने सोमवार सुबह से अगले कुछ दिन तक होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते तेल के 20 जहाजों को गुजरने की अनुमति देने पर सहमति जताई है। ट्रंप ने रविवार रात 'एयर फोर्स वन' पर पत्रकारों से कहा, ''मैं बस इतना कहूंगा कि बातचीत में काफी प्रगति हुई है लेकिन ईरान के मामले में कभी भी पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता। हम उनसे बातचीत करते हैं और फिर हालात ऐसे मोड़ ले लेते हैं कि हमें उन्हें ताकत से जवाब देना पड़ता है।''
-
March 30, 2026 9:29 AM (IST) Posted by Amar Deep
खर्ग द्वीप पर कब्जा कर सकते हैं ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फारस की खाड़ी में स्थित ईरान के मुख्य तेल टर्मिनल, खर्ग द्वीप पर अमेरिकी सेना द्वारा कब्जा करने का विचार रखा है। ट्रंप की यह टिप्पणी सोमवार सुबह द फाइनेंशियल टाइम्स में प्रकाशित एक साक्षात्कार में सामने आई। ट्रंप ने अखबार से कहा, "हो सकता है हम खर्ग द्वीप पर कब्जा कर लें, हो सकता है न करें। हमारे पास कई विकल्प हैं।" उन्होंने आगे कहा, "इसका मतलब यह भी होगा कि हमें कुछ समय के लिए वहां (खर्ग द्वीप पर) रहना होगा।"
ईरान की रक्षा व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि उनके पास कोई रक्षा व्यवस्था है। हम इसे बहुत आसानी से छीन सकते हैं।"
अमेरिका पहले ही द्वीप पर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले कर चुका है। ईरान ने धमकी दी है कि अगर अमेरिकी सेना उसके क्षेत्र में उतरती है तो वह खाड़ी अरब देशों पर जमीनी आक्रमण करेगा और नए हमले करेगा।
-
March 30, 2026 9:13 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान के सुप्रीम लीडर ने युद्ध में इराक के रुख की सराहना की
ईरान के दो अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसियों के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुज्तबा खामेनेई के नाम से जारी एक संदेश में उन्होंने युद्ध के दौरान ईरान के प्रति समर्थनपूर्ण रुख अपनाने के लिए इराक के वरिष्ठ धार्मिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ईरान के तीसरे सर्वोच्च नेता नामित होने के बाद से खामेनेई सार्वजनिक रूप से कहीं दिखाई नहीं दिए हैं और उन्होंने केवल छिटपुट संदेश ही भेजे हैं। तेहरान के समर्थन में इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया ने देश में अमेरिकी ठिकानों पर कई हमलों की जिम्मेदारी ली है।
-
March 30, 2026 8:58 AM (IST) Posted by Amar Deep
दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक की मौत
यूएनआईएफआईएल ने सोमवार तड़के एक बयान में कहा कि दक्षिणी लेबनान के एक गांव के पास स्थित एक स्थान पर एक मिसाइल फटने से संयुक्त राष्ट्र का एक शांति सैनिक मारा गया और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बयान में कहा गया है कि मिसाइल का स्रोत अज्ञात है।
-
March 30, 2026 8:41 AM (IST) Posted by Amar Deep
सऊदी अरब ने 5 बैलिस्टिक मिसाइलों को रोका
सऊदी अरब ने 5 बैलिस्टिक मिसाइलों को रोक दिया है। सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार तड़के बताया कि ये बैलिस्टिक मिसाइलें संभवतः उसके तेल समृद्ध पूर्वी प्रांत को निशाना बना रही थीं।
-
March 30, 2026 8:26 AM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान के साथ 'प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष' रूप से बातचीत कर रहा अमेरिका
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि ईरान ने युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका द्वारा पाकिस्तान के माध्यम से रखी गई 15 सूत्री मांगों की सूची में से "अधिकांश" बिंदुओं पर सहमति जताई है। जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान ने उन बिंदुओं पर प्रतिक्रिया दी है, तो राष्ट्रपति ने कहा, "उन्होंने हमें अधिकांश बिंदु दे दिए हैं। वे क्यों नहीं देंगे?" ट्रंप ने आगे कहा, "हमारी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह से बहुत अच्छी बैठकें हो रही हैं, और मुझे लगता है कि हमें कई महत्वपूर्ण बिंदु मिल रहे हैं।"
-
March 30, 2026 8:15 AM (IST) Posted by Amar Deep
कुवैत में एक भारतीय की मौत
कुवैत ने कहा है कि एक बिजली और खारे पानी को मीठा करने वाले संयंत्र पर ईरानी हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई है। खाड़ी देशों ने ड्रोन और मिसाइलों को रोकने की सूचना दी है। मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जौहर हयात ने कहा, "कुवैत राज्य के खिलाफ ईरानी आक्रामकता के तहत एक बिजली और पानी को मीठा करने वाले संयंत्र की सेवा इमारत पर हमला किया गया, जिसके परिणामस्वरूप एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई और इमारत को काफी नुकसान पहुंचा।"