A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायली सेना ने गाजा के बाद दक्षिणी सीरिया में की ताबड़तोड़ गोलीबारी, 10 लोगों की मौत

इजरायली सेना ने गाजा के बाद दक्षिणी सीरिया में की ताबड़तोड़ गोलीबारी, 10 लोगों की मौत

इजरायली सेना ने दक्षिणी सीरिया में छापेमारी के दौरान 10 उग्रवादियों को मारने का दावा किया है। वहीं सीरिया ने आरोप लगाया है कि इजरायल ने गांव में घुसकर आम नागरिकों पर गोलियां चलाईं।

इजरायल सेना। - India TV Hindi
Image Source : AP इजरायल सेना।

दमिश्क: इजरायली सेना ने शुक्रवार तड़के दक्षिणी सीरिया के बेत जिन गांव में छापेमारी की। इस दौरान की गई ताबड़तोड़ गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। सीरियाई पक्ष का दावा है कि मारे गए सभी लोग आम नागरिक थे, जबकि इजरायल ने कहा कि उसका निशाना इस्लामिक उग्रवादी थे जो इजरायली क्षेत्र में हमले की तैयारी कर रहे थे।


इजरायली सेना ने गांव में घुसकर की कार्रवाई

सीरियाई सरकारी समाचार एजेंसी सना के अनुसार इजरायली सैनिक गांव में घुसे और कुछ स्थानीय लोगों को हिरासत में लेने की कोशिश की। प्रतिरोध होने पर भारी गोलीबारी शुरू हुई और हवाई हमले भी किए गए। घटना के बाद दहशत में कई परिवार गांव छोड़कर चले गए। इजरायली सेना के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा: “खुफिया जानकारी के आधार पर बेत जिन में सक्रिय एक आतंकी सेल को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। ये लोग इजरायली नागरिकों पर हमले की योजना बना रहे थे। 

 

इजरायली सेना ने कहा-जवाबी कार्रवाई में मारे गए उग्रवादी

इजरायली सेना ने कहा कि छापेमारी के दौरान उग्रवादियों ने हमारे सैनिकों पर गोलीबारी की, जिसमें छह सैनिक घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में कई आतंकवादी मारे गए और बाकी को पकड़ लिया गया। अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।”गांव के एक स्थानीय अधिकारी वालिद ओकाशा ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया: “मारे गए सभी लोग आम नागरिक थे। इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। इजरायली सैनिक बिना किसी वजह के गांव में घुसे और गोलीबारी शुरू कर दी।”

यह घटना ऐसे समय हुई है जब गाजा में युद्धविराम को आगे बढ़ाया जा चुका है, लेकिन लेबनान और सीरिया के मोर्चों पर इजराइली सैन्य गतिविधियां जारी हैं। सीरिया में पिछले कुछ महीनों में इजरायल ने कई बार हवाई और जमीनी कार्रवाइयां की हैं, जिन्हें वह ईरान-समर्थित गुटों के खिलाफ बताता है। (एपी) 

Latest World News