A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'ईरानी शासन को कुचला जा रहा, तय है उसका ढहना'; जानें PM नेतन्याहू ने और क्या कहा

'ईरानी शासन को कुचला जा रहा, तय है उसका ढहना'; जानें PM नेतन्याहू ने और क्या कहा

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जंग के बीच कहा है कि उनका देश पहले से कही ज्यादा मजबूत है और ईरान के इस्लामी शासन को कुचला जा रहा है। चलिए जानते हैं कि नेतन्याहू ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए और क्या-क्या कहा है।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू- India TV Hindi
Image Source : AP इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू

Israel US Iran War: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान के खिलाफ इजरायल और अमेरिका का संयुक्त अभियान बहुत अच्छी तरह चल रहा है। उन्होंने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है। पीएम नेतन्याहू ने कहा कि यह संयुक्त अभियान ईरान के इस्लामी शासन को धीरे-धीरे कुचल रहा है और इजरायल के सामने जो अस्तित्व का खतरा था उसे खत्म किया जा रहा है। 

'इजरायल बना रहा नए गठबंधन'

यहूदी त्योहार पासओवर (पेसाच) से ठीक पहले हिब्रू भाषा में दिए गए अपने भाषण में उन्होंने कहा कि देर-सवेर ईरान का मौजूदा शासन गिर जाएगा। उन्होंने बताया कि इजरायल ईरान के खतरे के खिलाफ क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण देशों के साथ नए गठबंधन बना रहा है। हालांकि, उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि जल्द ही इन गठबंधनों के बारे में और जानकारी दी जाएगी।

'पहले से मजबूत है इजरायल'

इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा, “इजरायल आज पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। पूरी दुनिया हमारी लड़ाई की आवाज सुन रही है। हम ईरान के दुष्ट शासन के खिलाफ लड़ रहे हैं और इस लड़ाई में हमने बहुत बड़ी सफलताएं हासिल की हैं।” उन्होंने यह भी माना कि ये सफलताएं बहुत भारी कीमत चुकाकर मिली हैं। पीएम ने इस दौरान लेबनान में इजरायली सैनिकों की मौत पर शोक भी व्यक्त किया।

'बर्बाद हो गया ईरान का पैसा'

नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका के साथ एक महीने से चल रहे सैन्य अभियान में हम उस आतंकवादी शासन को व्यवस्थित तरीके से कमजोर कर रहे हैं, जिसने पिछले कई दशकों से 'अमेरिका मौत' और 'इजरायल मौत' के नारे लगाए हैं। ईरान के शासन ने इजरायल को नष्ट करने, पूरे पश्चिम एशिया पर कब्जा करने और दुनिया को खतरे में डालने की कोशिश की है। इसके लिए उन्होंने परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइलें बनाईं, आसपास के आतंकी संगठनों को पैसे और हथियार दिए। नेतन्याहू ने बताया कि ईरान ने इन सब कामों पर पिछले कई सालों में लगभग एक हजार अरब डॉलर (1 ट्रिलियन डॉलर) खर्च किए, लेकिन अब कहा जा सकता है कि यह सारा पैसा बर्बाद हो गया। 

नेतन्याहू ने किया 7 अक्टूबर 2023 का जिक्र

इजरायल पीएम ने 7 अक्टूबर 2023 के बाद मारे गए कई प्रमुख लोगों के नाम भी गिनाए। जैसे ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई और उनके करीबी, परमाणु वैज्ञानिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड के नेता, हिजबुल्ला के नसरल्लाह, हमास के हनियेह और सिनवार आदि। उन्होंने दावा किया कि ईरान अब पहले से कहीं ज्यादा कमजोर हो गया है, जबकि इजरायल पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। उन्होंने कहा कि अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है।

'ईरान का गिरना तय है'

पीएम नेतन्याहू ने यह भी कहा कि इजरायल ने पूरी दुनिया को ईरान के खतरे के बारे में जागरूक किया है। कई देशों के नेता पहले इसे नजरअंदाज करते थे, लेकिन अब ज्यादातर लोग इसे समझ चुके हैं। कुछ नेता उनसे गुप्त रूप से कहते हैं कि वो खतरे को समझते हैं लेकिन खुलकर बोलने से डरते हैं। कुछ तो अब कार्रवाई भी कर रहे हैं। अमेरिका के साथ मजबूत साझेदारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने मिलकर ईरानी शासन को बहुत बड़ा झटका दिया है। इस वजह से ईरान हिल गया है और उसका गिरना तय है।

यह भी पढ़ें:

ईरान से जंग के बीच ट्रंप ने खड़े किए हाथ, कहा- 'होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित करना हमारी जिम्मेदारी नहीं'

कहां हैं ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई? रूसी दूत ने बताई सच्चाई

Latest World News