1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जापान के ओकिनावा में तूफान ‘साउडेल’ का कहर, 150 उड़ानें रद्द; 30 हजार घरों की बिजली गुल

जापान के ओकिनावा में तूफान ‘साउडेल’ का कहर, 150 उड़ानें रद्द; 30 हजार घरों की बिजली गुल

ओकिनावा और आसपास के द्वीपों से गुजरने के बाद तूफान अब पूर्वी चीन के तट की ओर बढ़ रहा है। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।

typhoon- India TV Hindi
Image Source : AP प्रतीकात्मक तस्वीर

टोक्यो: तूफान 'साउदेल' ओकिनावा और जापान के अन्य दक्षिण-पश्चिमी द्वीपों पर भारी तबाही मचाने के बाद बुधवार को पूर्वी चीन सागर के ऊपर पश्चिम की ओर बढ़ गया। तूफान के कारण तेज हवाओं, भारी बारिश और बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसों में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।

144 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलीं हवाएं

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, बुधवार देर सुबह टाइफून साउडेल ओकिनावा के ओकिनेराबू द्वीप से करीब 180 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। उस समय तूफान के साथ 144 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। एजेंसी ने बताया कि तूफान पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके पूर्वी चीन के तट तक पहुंचने की संभावना है।

अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी और प्रांतीय अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि 'साउदेल' तूफान के कारण दो महिलाएं घायल हो गईं। ओकिनावा द्वीप के उरुमा शहर में अपने घर के बाहर खड़ी 78 वर्षीय एक महिला तेज हवाओं के कारण गिर गई, जिससे उसके सिर में चोट लग गई।  वहीं पास के अमामिओशिमा द्वीप पर 70 वर्ष की एक महिला तूफान के कारण बिजली गुल होने के दौरान सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गई। 

150 उड़ानें रद्द

तूफान के कारण ओकिनावा के नाहा हवाई अड्डे से आने-जाने वाली करीब 150 उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं, कागोशिमा प्रांत में 30 हजार से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। क्यूशू इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के मुताबिक, तूफान से अमामी क्षेत्र समेत कई इलाकों में बिजली कटौती हुई है।

24 घंटे के दौरान 23 सेंटीमीटर से अधिक बारिश 

भारी बारिश ने भी चिंता बढ़ा दी है। JMA के अनुसार, अमामी क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 23 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। एजेंसी ने गुरुवार दोपहर तक अमामी क्षेत्र में 10 सेंटीमीटर और ओकिनावा में 12 सेंटीमीटर तक बारिश होने का अनुमान जताया है।

लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने अमामी क्षेत्र में भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। तूफान के आगे बढ़ने के साथ चीन के पूर्वी तटीय इलाकों में भी मौसम पर नजर रखी जा रही है।

बता दें कि अप्रैल महीने में प्रशांत महासागर में उमड़े  सुपर टाइफून ने अमेरिका के दो दूरस्थ द्वीपों पर भयंकर तबाही मचाई है। तेज हवाओं और लगातार बारिश के चलते इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। 

ये भी पढ़ें:

PHOTOS: गिर गए पेड़, उड़ गई छत; सिनलाकु तूफान ने अमेरिकी द्वीपों पर बरपाया कहर

Latest World News