1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. LIVE: मुज्तबा खामेनेई ने सीजफायर का प्रस्ताव ठुकराया, कहा- ये शांति के सही समय नहीं

LIVE: मुज्तबा खामेनेई ने सीजफायर का प्रस्ताव ठुकराया, कहा- ये शांति के सही समय नहीं

Live: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच भीषण जंग लगातार जारी है। अमेरिका की सेना ईरान के अनेक ठिकानों को तबाह कर दिया है तो वहीं ईरान भी लगातार खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमला कर रहा है।

iran us israel war- India TV Hindi
Image Source : AP मध्य पूर्व में भीषण जंग जारी।

मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी भीषण जंग का आज 18वां दिन है। सबके मन में सवाल है कि ये जंग कब रुकेगी। दुनिया में नॉर्मलेसी कब आएगी। अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कहने लगे हैं कि जंग रोकने के लिए बात करें तो किससे करें? शुरुआती दौर में तो ट्रंप ईरान में अपनी पसंद की सरकार बनाने की बात करते थे। कभी ईरान में थल सेना उतारने की बात होती थी तो कभी परमाणु बम बरसाने की। लेकिन शायद इस बात का एहसास हुआ कि ये दोनों बहुत खतरनाक चुनाव हैं। दूसरी ओर ईरान भी जानता है कि वो ये जंग ज्यादा दिन तक जारी नहीं रख सकता।

ईरान युद्ध इस वक्त टर्निंग प्वाइंट पर है। ये टर्निंग प्वाइंट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसे खोलने के लिए नाटो से मदद मांग रहे हैं लेकिन कोई मदद को तैयार नहीं है। ट्रंप को कहना पड़ रहा है कि चीन उनकी मदद करे। ब्रिटेन ने हाथ खड़े कर दिए हैं, जर्मनी ने मना कर दिया है। ट्रंप के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बड़ा सिरदर्द बन गया है।

ट्रंप ने नाटो देशों ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस के अलावा ऑस्ट्रेलिया, साउथ कोरिया और चीन से भी कहा है कि वो अपने जंगी जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भेजें ताकि, ऑयल सप्लाई को स्मूद किया जा सके। लेकिन जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया ने तो ऐसा करने से साफ-साफ मना कर दिया है। ब्रिटेन, चीन, फ्रांस और साउथ कोरिया ने भी ट्रंप की गुजारिश पर कोई रिएक्शन नहीं दिया। इससे नाराज होकर ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन युद्ध में अमेरिका, नाटो की मदद कर रहा है। अगर इस वक्त नैटो के मेंबर अमेरिका की मदद नहीं करेंगे तो उन्हें इसका अंजाम भुगतना होगा। तो 18वें दिन इस जंग में क्या कुछ हो रहा है? आइए जानते हैं मिडिल ईस्ट में जारी जंग की हर अपडेट हमारे इस Live Blog में...

Latest World News

Live updates : Iran US Israel war:

  • 7:21 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    ईरान को लेकर इजराइली PM नेतन्याहू का बड़ा बयान

    इजराइल के प्रधानमंत्री का बड़ा बयान समाने आया है। बेंजामिन नेतन्याहू ने अली लरीजानी को मार गिराने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि IDF की एयरस्ट्राइक में अली लरीजानी मारे गए। ईरान के खिलाफ जंग में हम अमेरिका का साथ दे रहे हैं, आगे भी युद्ध में अमेरिका की मदद जारी रहेगी। नेतन्याहू ने इस जंग को ईरान के लोगों के लिए मौका बताया। उन्होंने कहा, ईरानी लोग अब अपनी किस्मत खुद अपने हाथ से लिख सकते हैं।

  • 6:41 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'भारत सीजफायर करवा सकता है', फिनलैंड के राष्ट्रपति का बड़ा बयान

    फिनलैंड के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर स्टब ने सुझाव दिया है कि भारत, ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष में हस्तक्षेप कर सकता है, जिसने वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य पर संकट के बादल डाल दिए हैं और तेल की कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया है। सोमवार को एक इंटरव्यू  में, स्टब ने ईरान, अमेरिका और इज़राइल के बीच सीज़फ़ायर का आह्वान किया और यह विचार व्यक्त किया कि क्या यूरोपीय देश या भारत इसमें सहायता कर सकते हैं।

  • 6:39 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    मुज्तबा खामेनेई ने सीजफायर का प्रस्ताव ठुकराया

    लरीजानी की मौत की खबर के बीच मुज्तबा खामेनेई ने सीजफायर का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। मुज्तबा खामेनेई ने कहा, ये शांति के सही समय नहीं है। अमेरिका की शर्तों पर सीजफायर नहीं होगा। पहले अमेरिका, इजराइल की हार होगी। अमेरिका और इजराइल मुआवजा भरेंगे, उनकी हार के बाद शायद हम बात करें।

  • 6:19 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    जंग पर खुलकर सामने आया चीन

    अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच चीन ने मंगलवार को कहा कि वह ईरान, लेबनान और क्षेत्र में जारी संघर्ष से बुरी तरह प्रभावित दो अन्य पश्चिम एशियाई देशों को आपातकालीन मानवीय सहायता प्रदान करेगा। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि बीजिंग ने स्थानीय लोगों द्वारा सामना की जा रही दिक्कतों को कम करने की उम्मीद में ईरान, जॉर्डन, लेबनान और इराक को आपातकालीन मानवीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। 

  • 6:12 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    इजराइल के PM नेतन्याहू की नई तस्वीर आई सामने

    इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की नई तस्वीर सामने आई है। यह लरीजानी पर हमले का आदेश देने वक्त की तस्वीर है। तस्वीर से नेतन्याहू के जिंदा होने का सबूत दिया गया है। बता दें कि लारीजानी ईरानी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख हैं, इजराइल के रक्षा मंत्री ने इनके मारे जाने का दावा किया है।

  • 6:09 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    इजराइल के रक्षा मंत्री का दावा, अली लरीजानी मारा गया

    इजराइल के रक्षा मंत्री इस्त्राइल काट्ज़ ने ईरान के सिक्‍योरिटी चीफ़ अली लरीजानी को मारने का दावा किया है। इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा कि कल रात तेहरान में सेफ हाउस पर IDF ने एयरस्ट्राइक की जिसमें अली लरीजानी को मार गिराया गया। इजराइल डिफेंस फोर्स ने भी पोस्ट कर अली लरीजानी के मारे जाने का दावा किया है। हालांकि ईरान ने मौत की ख़बर को झूठा बताया है। बता दें कि लारीजानी ईरानी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख हैं।

  • 2:52 PM (IST) Posted by Amit Mishra

    इजरायल के हमले में बसीज फोर्स कमांडर की मौत

    इजरायली सेना का कहना है कि उसने पिछली रात एक हमले में IRGC के बसीज फोर्स कमांडर घोलमरेजा सुलेमानी को मार गिराया है। सेना ने कहा कि सुलेमानी की कथित हत्या ईरान के "कमांड-एंड-कंट्रोल ढांचे" के लिए एक "बड़ा झटका" है, और उसने ईरानी कमांडरों के खिलाफ "ज़ोरदार कार्रवाई जारी रखने" का संकल्प लिया है। ईरान की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आई है।

  • 2:49 PM (IST) Posted by Amit Mishra

    कुवैत में 2 मेडिकल कर्मी घायल

    कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि एक एम्बुलेंस सेंटर पर मलबा गिरने से मेडिकल इमरजेंसी स्टाफ के 2 सदस्य घायल हो गए हैं। एक्स पर एक पोस्ट में मंत्रालय ने कहा कि घायल हुए दोनों मेडिकल कर्मियों की हालत स्थिर है।

  • 1:09 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    साउथ लेबनान में एयरस्ट्राइक

    इजरायल ने भी हिजबुल्लाह पर पलटवार किया है। साउथ लेबनान में IDF ने एयरस्ट्राइक की है और हिजबुल्लाह के ठिकाने को निशाना बनाया है।

     

  • 1:09 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    इजरायल के नहारिया पर रॉकेट अटैक

    हिजबुल्लाह ने भी इजरायल पर हमला किया है। हिजबुल्लाह ने इजरायल के नहारिया पर रॉकेट अटैक किया जिसमें कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

  • 1:07 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ट्रंप ने मुज्तबा को लेकर दिया बयान

    मुज्तबा को लेकर डोनाल्ड ट्रंप का बयान भी सामने आया है। ट्रंप कह रहे हैं कि उन्हें नहीं पता कि मुज्तबा जिंदा हैं भी या नहीं, क्योंकि अभी तक मुज्तबा को किसी ने नहीं देखा।

     

  • 1:07 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    सऊदी अरब में अमेरिकी बेस पर अटैक

    ईरान युद्ध से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। ईरान ने सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी बेस पर अटैक किया है।
     

  • 1:06 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ट्रंप ने ईरान को ताकतवर देश माना

    ईरान लगातार मिडिल ईस्ट पर बमबारी कर रहा है। यूएई से लेकर बहरीन तक के ऑयल इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना रहा है। इस बीच पहली बार ट्रंप ने माना कि ईरान बहुत ताकतवर देश है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान ने जिस तरह से एक साथ मिडिल ईस्ट के इतने देशों को निशाना बनाया, उसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी।

  • 1:05 PM (IST) Posted by Subhash Kumar

    यूएई में अमेरिकी बेस पर बड़ा अटैक

    यूएई में अमेरिकी बेस पर बड़ा अटैक हुआ है। ईरान ने अल धफरा एयर बेस पर बड़ा हमला किया है और अमेरिकी एयरक्राफ्ट के हैंगरों को निशाना बनाया है।

  • 12:56 PM (IST) Posted by Amit Mishra

    जंग में तेहरान का हाल

    शहर के गवर्नर मोहम्मद सादेघ मोतामदियन के अनुसार, तेहरान में चल रहे अमेरिकी-इजरायली हमले के कारण कम से कम 12,000 आवासीय इमारतों को आंशिक या पूर्ण क्षति पहुंची है। मेहर समाचार एजेंसी ने मोतामदियन के हवाले से बताया कि तेहरान के प्रभावित निवासी नगर पालिका कार्यालय में अपने मुआवजे के दावे दायर कर सकते हैं।

  • 12:52 PM (IST) Posted by Amit Mishra

    इजरायल में कितनी है घायलों की संख्या?

    इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि जंग शुरू होने के बाद से अब तक 3,530 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मंत्रालय के अनुसार, इस समय 86 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 8 की हालत गंभीर है।

  • 12:37 PM (IST) Posted by Amit Mishra

    ईरान में तबाह हो गए ऐतिहासिक स्थान

    अमेरिका और इजरायल के लगातार हो रहे हमलों की वजह से ईरान में कम से कम 56 म्यूजियम, ऐतिहासिक स्मारक और सांस्कृतिक जगहें तबाह हो गई हैं। इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (IRNA) ने मंत्रालय के हवाले से बताया कि तबाह हुई कुल जगहों में से कम से कम 19 जगहें राजधानी तेहरान में थीं, जिनमें गोलेस्तान पैलेस, तेहरान बाजार और पुरानी सीनेट की इमारत शामिल हैं। पिछली रिपोर्टों में बताया गया था कि मध्य शहर इस्फहान में मौजूद ऐतिहासिक जगहें भी तबाह हो गई हैं, जिनमें UNESCO की ऐतिहासिक जगह नक्श-ए-जहां स्क्वायर में मौजूद इमाम शाह मस्जिद के कुछ हिस्से भी शामिल हैं।

  • 12:09 PM (IST) Posted by Amit Mishra

    ईरान में 10 विदेशी गिरफ्तार: रिपोर्ट

    तस्नीम समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने ईरान के उत्तर-पूर्व में संवेदनशील स्थलों के बारे में जानकारी जुटाने और ऑपरेशन की तैयारी करने के संदेह में 10 विदेशियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की राष्ट्रीयता के बारे में कोई विवरण नहीं दिया गया है।

  • 11:52 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    स्पेन, जर्मनी और इटली ने ट्रंप को दिया झटका

    ईरान को घुटनों पर लाने के लिए ट्रंप अब नाटो को भी धमका रहे हैं और दूसरे दोस्तों को भी। हालांकि, स्पेन, जर्मनी और इटली ने साफ कर दिया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में वो किसी भी सैन्य अभियान का हिस्सा नहीं बनेंगे

  • 11:17 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    मुज़्तबा सुरक्षित और स्वस्थ हैं- ईरान

    ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री सईद ख़तिबज़ादेह ने कहा कि ईरान फिलहाल अपनी सुरक्षा पर फोकस कर रहा है और किसी बातचीत के तैयार नहीं है। सुप्रीम लीडर मुज़्तबा खामेनेई के ठिकाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वो सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

     

  • 11:16 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    अमेरिका ईरान की ज़मीन पर अपने सैनिकों को ना उतारे- ईरान

    ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री सईद खतिबज़ादेह ने राष्ट्रपति ट्रंप पर पलटवार करते हुए चेतावनी दी कि अमेरिका ईरान की ज़मीन पर अपने सैनिकों को ना उतारे... वरना वो उन्हें दलदल में धकेल देंगे। खतिबज़ादेह ने एक इंटरव्यू में कहा कि किसी देश की ज़मीन पर सैनिक उतारने की सलाह देना भी ग़लत और ग़ैर-क़ानूनी है।

     

  • 11:15 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ईरान में 43 हज़ार से ज़्यादा इमारतों को नुकसान

    ईरान प्रशासन के मुताबिक अमेरिका और इजरायल के हमले में अबतक 43 हज़ार से ज़्यादा रिहायशी और कमर्शियल इमारतों को नुकसान पहुंचा है... हालांकि ईरान ने सैन्य ठिकानों को पहुंचे नुकसान की कोई जानकारी नहीं दी है 

  • 11:15 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    तेहरान में स्पेस रिसर्च सेंटर पर हमला

    ईरान की राजधानी तेहरान में स्पेस रिसर्च सेंटर और हमादान में साइबर पुलिस के हेडक्वार्टर पर इज़रायल ने ज़ोरदार हवाई हमला किया। ईरानी मीडिया के मुताबिक इज़रायली हमले में स्पेस रिसर्च सेंटर पूरी तरह से तबाह हो गया है जबकि साइबर पुलिस के हेडक्वार्टर में धमाके के साथ आग लग गयी और ऊंची लपटें उठने लगी।

  • 11:15 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    पूरी रात इराक के आसमान में ड्रोन दिखाई दिये

    इराक के आसमान में कई जगहों पर ड्रोन्स देखे गये हैं...इन्हीं में से कुछ ड्रोन्स बगदाद के डिप्लोमैटकि एरिया में गिरे हैं तो कुछ बसरा में ऑयल फील्डस में गिरे हैं...पूरी रात इराक के आसमान में ड्रोन दिखाई दिये हैं...

     

  • 11:14 AM (IST) Posted by Amit Mishra

    अबू धाबी में एक शख्स की मौत

    अमीरात के मीडिया कार्यालय के अनुसार, अबू धाबी के बनी यास इलाके में हवाई सुरक्षा प्रणाली द्वारा रोकी गई एक मिसाइल के मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि मृतक एक पाकिस्तानी नागरिक था।

  • 11:11 AM (IST) Posted by Amit Mishra

    इजरायली सेना ने दी चेतावनी

    दक्षिणी लेबनान के अरब अल-जल गांव के निवासियों को इजरायली सेना ने हमले से पहले वहां से चले जाने की चेतावनी दी है। इजरायली सेना के प्रवक्ता ने कहा कि हिजबुल्लाह से संबंधित सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जा रहा है। निवासियों को दूर चले जाना चाहिए।

  • 10:57 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति को लेकर किया बड़ा दावा

    डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका के एक पूर्व राष्ट्रपति ने हाल ही में उनसे कहा था कि काश उन्होंने पद पर रहते हुए ईरान के खिलाफ कार्रवाई की होती। हालांकि, ट्रंप ने नेता की पहचान उजागर करने से इनकार कर दिया।

  • 10:46 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    हॉर्मुज ने अमेरिका की टेंशन बढ़ाई

    स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज ने अमेरिका की टेंशन बढ़ा दी है। राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन, जापान और दक्षिण कोरिया से अपने युद्धपोत भेजने की अपील की है।

     

     

  • 10:45 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ईरान दुनिया का एक बहुत बड़ा हिस्सा उड़ा देता- ट्रंप

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- "अगक आप ईरान को परमाणु हथियार देते हैं, तो कम से कम दुनिया का एक बहुत बड़ा हिस्सा उड़ा दिया जाएगा, और इसका इस्तेमाल लगभग तुरंत किया जाएगा..."

     

  • 10:44 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    रान को दो सप्ताह में नष्ट कर दिया- ट्रम्प

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा- "हमने ईरान को दो सप्ताह में नष्ट कर दिया है। उनके पास न तो नौसेना है, न वायु सेना, न विमान भेदी हथियार और न ही कोई नेतृत्व। उनका नेतृत्व चला गया है। फिर उन्होंने एक नया नेतृत्व स्थापित किया और वह भी चला गया... हमने पूरी दुनिया के लिए काम किया।"

     

  • 10:43 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ईरान की मिसाइलों और ड्रोनों को खत्म कर दिया- ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा- "हमने ईरान की ज्यादातर मिसाइलों और ड्रोनों को खत्म कर दिया है। हमने उनके नेतृत्व की दो परतों और शायद एक तिहाई को पूरी तरह से खत्म कर दिया है।"

     

  • 10:13 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    जंग जल्द ही खत्म हो जाएगी- ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कहते हैं, "यह जंग जल्द ही खत्म हो जाएगी और हम एक अधिक सुरक्षित दुनिया बनाने जा रहे हैं। ऐसा करना मेरा दायित्व था... आप शेयर बाजार को नीचे जाते हुए देखना चाहते हैं? उन्हें आप पर परमाणु हमला करने देना शुरू करें... यह भुगतान करने के लिए बहुत छोटी कीमत है और, मुझे लगा कि यह बहुत अधिक नीचे जाने वाली है... यह बहुत उच्च स्तर पर एक बड़ा शतरंज का खेल है। और मैं बहुत ही स्मार्ट खिलाड़ियों के साथ काम कर रहा हूं..."

     

  • 9:38 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    तेहरान में साइबर पुलिस हेडक्वार्टर पर हवाई हमला

    इजरायल ने तेहरान में साइबर पुलिस हेडक्वार्टर पर हवाई हमला किया है। इजरायल ने लेबनान में भी अटैक किया है। इजरायल पर भी हिजबुल्लाह ने रॉकेट और ड्रोन से पलटवार किया है।

     

  • 9:23 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ऑयल फील्ड पर हमले के लिए ड्रोन का इस्तेमाल

    कुछ रिपोर्टस में कहा जा रहा है कि बसरा में मौजूद इस ऑयल फील्ड पर हमले के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया है। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक दो ड्रोन्स ऑयल फील्ड में हमले के लिए इस्तेमाल किये गये। ऑयल फील्ड की सुरक्षा में ये अब तक की सबसे बड़ी सेंध है।

     

  • 9:22 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ब्रिटिश ऑयल फर्म के हेडक्वार्टर पर ज़ोरदार हमला

    ईरान समर्थकों ने ईराक के मनजून ऑयल फील्ड में ब्रिटिश ऑयल फर्म के हेडक्वार्टर पर ज़ोरदार हमला किया है। ये हमला ईरान का समर्थन करने वाले गुटों ने किया है। ऑयल फील्ड में ज़ोरदार धमाके सुने गए हैं।

  • 9:16 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए- जेडी वेंस

    अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा- "मैं राष्ट्रपति से सहमत हूं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए। हमने राष्ट्रपति के नेतृत्व में यह सैन्य कार्रवाई की। हम सभी - चाहे डेमोक्रेट हों या रिपब्लिकन - अपने सैनिकों की सफलता और सुरक्षा के लिए प्रार्थना करनी चाहिए।"

     

  • 8:35 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    युद्ध जल्द ही खत्म हो जाएगा- ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा- "यह जल्द ही खत्म हो जाएगा और हमें एक अधिक सुरक्षित दुनिया मिलेगी।

  • 8:16 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    दुबई में विस्फोट की आवाजें सुनाई दी

    मंगलवार तड़के दुबई में विस्फोट की आवाजें सुनाई दी हैं। UAE की सेना ने ईरानी हमले को रोकने का काम किया, जिसके कारण देश को अपने हवाई क्षेत्र को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा है।

     

  • 8:15 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    UAE ने हवाई क्षेत्र को बंद किया

    मध्य पूर्व में लड़ाई बढ़ने पर संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE ने हवाई क्षेत्र को कुछ समय के लिए बंद कर दिया है।

     

  • 7:37 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ईरान ने 32,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला- ट्रंप

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ईरान में हिंसक और क्रूर नेताओं ने 3 हफ्तों में 32,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला है।

  • 7:34 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ईरान को कभी भी परमाणु हथियार नहीं मिलना चाहिए- ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- "ईरान को कभी भी परमाणु हथियार नहीं मिलना चाहिए, वह तुरंत इसका इस्तेमाल करेगा।"

     

  • 7:30 AM (IST) Posted by Subhash Kumar

    ईरान की 90 फीसदी मिसाइलें खत्म- ट्रंप

    ईरान युद्ध पर ट्रंप ने कहा कि ईरान के 7 हजार से ज्यादा ठिकानों पर हमने हमले किए हैं। ईरान की 90 फीसदी मिसाइलें खत्म हो चुकी हैं। ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने ईरान के 100 से ज्यादा जहाज तबाह कर दिए हैं।